मोहित पुंडीर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
मोहित पुंडीर लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 22 जनवरी 2016

भारतीय अर्थव्यवस्था ठहराव की शिकार

रिजर्व बैंक के गवर्नर रघुराम राजन ने हाल ही में कहा कि भारत के ज्यादातर कारखाने अपनी क्षमता का 70 फीसदी ही उत्पादन कर पा रहे हैं, जबकि 2011–12 में वे अपनी क्षमता का 80 फीसदी उत्पादन कर रहे थे। रघुराम राजन का यह वक्तव्य विनिर्माण क्षेत्र की वर्तमान स्थिति की और इशारा करता है। एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक विनिर्माण क्षेत्र में विकास दर पिछले 22 महीनों के सबसे निचले स्तर पर है। क्रेडिट स्विस ने 12 अक्टूबर को अपनी रिपोर्ट में कहा है कि संरचनागत ढाँचे से लेकर खनन क्षेत्र तक की दस बड़ी कम्पनियों का समूहिक कर्ज उनके अनुमानित मुनाफे से 6 गुना ज्यादा हो गया है। अन्य उद्योगो की भी यही स्थिति नजर आ रही है। पिछले दिनों सरकारी बैंको का बुढंत खाता कर्ज 27 फीसदी तक बढ़ा है, बुढंत खाता कर्ज वह होता है जिसके डूबने की सम्भावना होती है। पिछले 12 महीनों में बैंको के 3–36 करोड़ रुपये गैर–निष्पादित परिसम्पत्तियों के चलते डूब गये। कमोबेश इसी तरह की तस्वीर अर्थव्यवस्था के अन्य क्षेत्रों में भी देखने को मिल रही है। इन सभी तथ्यों को वर्तमान वैश्विक मन्दी के परिप्रेक्ष्य में ही समझा जा सकता है। 2008 में अमरीका में आयी आर्थिक मन्दी ने पूरी दुनिया के सामने कई प्रश्न छोड़े थे, उन्हें हल करने की जगह पूँजीपतियों में मुनाफे की हवस पहले से भी ज्यादा बढ़ी और आज वे अपनी बनायी दुनिया में फँसते नजर आ रहे हैं।
बर्बाद होते लघु उद्योग
वैश्विक मन्दी और गिरती अर्थव्यवस्था का सबसे बुरा प्रभाव लघु उद्योगों पर पड़ा है, जिसमें चमड़ा उद्योग, पावरलूम, खादी उद्योग इत्यादी आज बन्द होने के कगार पर हैं। मेरठ स्थित गाँधी आश्रम का खादी कारखाना कुछ यही तस्वीर पेश करता है, कभी पूरे इलाके में आकर्षण का केन्द्र रहा यह कारखाना आज खण्डहर मालूम पड़ता है। वहाँ रंगाई विभाग में कार्यरत सतीश चन्द्र (50 वर्षीय) बताते हैं कि पिछले वर्षों में माँग बहुत कम हुई है, जिससे पूरे उत्तर भारत में खादी से जुड़े बहुत से कारखाने बन्द होने की कगार पर हैं। आमदनी की बात करने पर वह बताते हैं कि एक चादर को रंगने पर 7–8 रुपये तक मिलते हैं। महीने में 150 चादर तक रंगने पर मुश्किल से 2000 तक की आमदनी हो पाती है जो न्यूनतम मजदूरी से भी बहुत कम है, इसके चलते कभी 100 से ऊपर कर्मचारियों वाले रंगाई विभाग में आज केवल एक ही बचा है। कारखाने में मौजूद प्लेन्डर मशीन, जो कभी कपड़ों को चिकना करने के काम आती थी, आज धूल गर्द में दबी है। उन्होंने आगे बताया की पहले गाँधी ग्राम उद्योग के अन्तर्गत आने से खादी की माँग इन्हीं कारखानों द्वारा पूरी की जाती थी जिससे हजारों लोगों को रोजगार मिलता था परन्तु आज यह काम मिलों में होने लगा है, जहाँ कुछ ही लोगों से कई सौ लोगों का काम करवा लिया जाता है। हालाँकि वैश्विक मन्दी के चलते उन मिलों की हालत भी बहुत खराब है।
यही स्थिति चमड़ा उद्योगों की है, मेरठ स्थित शोभापुर गाँव के एक चमड़ा व्यापारी ने बताया कि पिछले वर्षों में इन उद्योगों में 20–25 फीसदी तक की गिरावट आयी है, जिससे बहुत से मजदूरों को अपनी नौकरी से हाथ धोना पड़ा है। चमड़ा उद्योग में लगे मजदूरों को बहुत बुरी परिस्थितयों में काम करना पड़ता है, एक सामान्य व्यक्ति के लिए यहाँ काम करना नरक में जीना है। एक मजदूर ने बताया कि दिन में 14–16 घंटे काम करने के बाद मुश्किल से महीने–भर में दस हजार तक की कमाई हो पाती है। पिछले दिनों आयी वैश्विक माँग में कमी से केवल मवाना क्षेत्र के ही दो गाँवों, सटला और बैजाद में लगे चमड़ा कारखाने बन्द हो गये, जिससे उनमें लगे मजदूर आज भुखमरी की स्थिति में हैं। दो सालों के अन्तराल में ही मेरठ क्षेत्र के लगभग 5,000 मजदूर मन्दी के चलते अपना रोजगार गवाँ चुके हैं। यह जमीनी हकीकत देश की आर्थिक प्रगति की धुँधली तस्वीर पेश करती है। श्रम सांख्यिकी ब्यूरो इसी बात को पुष्ट करते हुए बताता है कि इस वर्ष चमड़ा उद्योगों, रत्न और आभूषण आदि क्षेत्रों में 16,000 रोजगार कम हुए हैं। जाहिर है कि मुट्ठीभर पूँजीपतियों की हवस का शिकार हजारों मेहनतकशों को होना पड़ रहा है।
चीन और यूनान संकट का प्रभाव
आज पूरे विश्व की अर्थव्यवस्था एक–दूसरे से जुड़ी हुई है। एक जगह संकट आने का मतलब है हर जगह उसका प्रभाव पड़ना। 2008 की मन्दी के दौरान लेहमन ब्रदर बैंक के डूबने का प्रभाव पूरी दुनिया पर पड़ा था। इसके चलते आईसीआईसीआई बैंक को भारत में लगभग 150 करोड़ का नुकसान हुआ था। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और पंजाब नेशनल बैंक का 50–50 लाख डॉलर निवेश के कारण डूब गया था। लेहमन ब्रदर बैंक की भारतीय शाखा में काम कर रहे 2500 कर्मचारियों को अपनी नौकरियों से हाथ धोना पड़ा था। भारत में रोजगार पर इसका बहुत बुरा असर पड़ा था। संकटों से सबक लेने की जगह फौरी हल तलाशने के कारण ही आज स्थिति पहले से भी अधिक गम्भीर दिखती है। आज संकट की उसी कड़ी में चीन और यूनान आगे जुड़ते लग रहे हैं। इन देशों पर आये संकटों ने दुनिया को एक बार फिर ठहराव की स्थिति में ला दिया है।
यूनान का संकट वहाँ की सरकार के बॉण्ड में अनाप–सनाप निवेश से उत्पन्न हुआ। आज वित्तीय पूँजी की अर्थव्यवस्था में बॉण्ड ही सबसे मुख्य कारक है जो तय करता है कि कौन–कौन कम्पनियाँ और अर्थव्यवस्थाएँ मजबूत होंगी और कौन–कौन ध्वस्त होंगी। बॉण्ड ऐसा कर्ज पत्र है जिसको  सरकार पैसे उधार लेने के लिए जारी करती है। यह तय रहता है कि इस पैसे को कब लौटाना है और किस दर से सूद अदा करना है। इन बॉण्ड की अनगिनत बार खरीद–बिक्री हो सकती है। इसके लिए बैंकों ने तरह–तरह की वित्तीय व्युत्पत्तियाँ ईजाद की हैं। यूनान सरकार द्वारा 10 नवम्बर 2009 को 10–5 अरब डॉलर के कर्ज के लिए जारी किये गये बॉण्ड का मूल्य 2012 तक करीब आधा रह गया था। जब यूनान सरकार यूरोपीय यूनियन और आईएमएफ से दूसरी बार राहत कोष की माँग कर रही थी तब तक इस बॉण्ड के धारक अपने निवेश का पूरा मूल्य गवाँ चुके थे, और अब इस दूसरे राहत कोष ने यूनानी नागरिकों के अरबों यूरो उन विदेशियों के हवाले कर दिये, जो सट्टेबाजी में वहाँ के बॉण्ड पर अनाप–सनाप दाँव लगा रहे थे,  जिसके परिणामस्वरूप आज यूनान के हर नागरिक पर 31,000 यूरो तक का विदेशी कर्ज चढ़ चुका है। यूनान संकट के कारण यूरोप के बाजारों में ब्याज दर बढ़ने और भारत से तेजी से पूँजी बाहर जाने की आशंका खड़ी हो गयी है। इससे भारत की निर्यात माँग में भी कमी आयी है और विदेशी मुद्रा भण्डार पर प्रतिकूल असर पड़ा है। इसका सबसे बुरा प्रभाव भारत के हजारों कारीगरों पर पड़ेगा जो निर्यात किये जानेवाले मालों के उत्पादन में लगे हुए है।
इसी कड़ी को चीन आगे बढ़ा रहा है। लेहमन ब्रदर के डूबने के बाद चीन वैश्विक अर्थव्यस्था में लगभग एक तिहाई योगदान करता रहा और उसने 2008 की मन्दी के बाद अमरीका और यूरोप में मौजूद सुस्ती के असर को काफी हद तक कम किया था। परन्तु वैश्विक माँग के कम होने और तेल की कीमतों में भारी गिरावट के चलते आज चीन खुद संकट का शिकार होता नजर आ रहा है। चीन के सामने 15 साल में पहली बार पूरे सालभर के लिए अपनी वृद्धि के निर्धारित लक्ष्य को हासिल न कर पाने का संकट पैदा हो गया है। यह संकट अमरीकी संकट से भी खतरनाक असर छोड़ सकता है। चीन में माँग की कमी से टाटा स्टील, जेएसडब्ल्यू, स्टरलाइट जैसी भारतीय धातु कम्पनियों पर खासा असर पड़ेगा। इसी वैश्विक माँग की कमी के चलते भारत का आईटी निर्यात भी कम हो सकता है, ज्ञात रहे कि पिछले वित्त वर्ष के दौरान आईटी उद्योगों की शुद्ध विदेशी मुद्रा आय ने मालांे के व्यापार में हुए कुल घाटे के आधे भाग (48 फीसदी) की भरपाई कर दी थी, अगर ये उद्योग सुस्ती का शिकार होते हैं तो भारत के लिए व्यापार घाटे से उबर पाना बहुत मुश्किल हो जायेगा।
क्या कोई रास्ता नहीं है?
आज दुनिया–भर की अर्थव्यवस्थाएँ कुछ मुट्ठी–भर इजारेदार कम्पनियों के हाथों में हैं। बाजार विस्तार की सम्भावना न होने और अर्थव्यवस्था के सटोरिया पूँजी की गिरफ्त में होने के कारण विश्व अर्थव्यवस्था लगातार मन्दी की शिकार हो रही है। चूँकि पूँजीवादी व्यवस्था एक तरफ मजदूरों का शोषण करके उनकी क्रयशक्ति घटाती जाती है, दूसरी तरफ मुनाफे की हवस में पूँजीपति उत्पादन बढ़ाते जाते हैं जिससे आपूर्ति तेजी से बढ़ती जाती है और पूँजीपति का माल बिकना बन्द हो जाता है, जिससे अर्थव्यवस्था मन्दी में फंस जाती है। पूँजीपति हमेशा मन्दी दूर करने के दो उपायों को अमल में लाते हैं, एक तो माल खपत को दुरुस्त करने के लिए एक छोटी आबादी को सम्पन्न बनाना जिससे वह बाजार का हिस्सा बन सके, इसके लिए कुछ लोगों को मोटी तनख्वाहें दी जाती है या फिर सरकार द्वारा खरीद नीतियाँ लागू करके किया जाता है, वेतन आयोग को हम इसी रूप में देख सकते हैं। दूसरे उपाय में वे करोड़ों मेहनतकशों पर अपना संकट थोप देते हैं, अमरीकी मन्दी के दौरान लगभग लगभग 50,000 हजार कर्मचारियों को अपनी नौकरी गँवानी पड़ी थी। आज इस मार को किसान और मजदूर सबसे अधिक सह रहे हैं। अर्थव्यवस्था को सुचारू रूप से चलाने के लिए समान वितरण प्रणाली अपनाना एक कारगर उपाय है। जिससे विश्व में व्याप्त अमीर–गरीब की खाई कम होती है और उत्पादन जरूरत के अनुसार होता है। आज हर जगह मेहनतकशों के विद्रोह के स्वर सुनाई दे रहे हैं। मुनाफाखोरी की जगह समता और सामाजिक न्याय पर आधारित व्यवस्था की स्थापना करके ही इस वैश्विक संकट का स्थायी समाधान सम्भव है।
––मोहित पुण्डीर

गुरुवार, 5 सितंबर 2013

अमरीकी जासूसी का स्नोडन ने किया पर्दाफाश

अमरीका द्वारा की जा रही पिछले 6 वर्षों से पूरे विश्व की निरंतर जासूसी का पर्दाफाश हुआ है। "ग्लोबल हीट मैप संस्था" के अनुसार "राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी" (एनएसए) ने केवल मार्च 2013 में कंप्यूटर नेटवर्क (माइक्रोसॉफ्ट, गूगल, फेसबुक, याहू आदि कार्यक्रमों) के माध्यम से पूरे विश्व की 97 अरब जानकारी गुप्त रूप से हासिल की। जिसमें ईरान और भारत की जानकारी क्रमशः प्रथम और पाँचवे स्थान पर है।
हाल ही में हुए विभिन्न खुलासे अमरीका की इन साजिशों को अत्यधिक प्रमाणित और जग-जाहिर करते हैं। इन खुलासों में डेनियल अल्स्बर्ग ने पेंटागन दस्तावेज़ों को सार्वजनिक किया और उसके बाद ब्रॅड्ली मॅनिंग ने विकिलीक्स को अमरीका के राजनयिक  दस्तावेज़ों की जानकारी हासिल करवाया। इस कड़ी में एड्वर्ड स्नोडन द्वारा किये गये खुलासे सर्वाधिक चर्चित है। केन्द्रीय ख़ुफ़िया संस्था (सी.आई.ए)के पूर्व कंप्यूटर अभियंता, 29 वर्षीय एड्वर्ड स्नोडन, पिछले कुछ समय से अमरीका की राष्ट्रीय सुरक्षा संस्था (एन.एस.ए) की एक ठेकेदार संस्था "बूज़ एलेन हॅमिल्टन" मे कार्यस्थ थे। जून 2013 में हॉन्गकॉन्ग स्थित एक होटल में स्नोडन ने लन्दन के एक समाचार पत्र गार्जियन को एन.एस.ए से सम्बंधित अत्यधिक गोपनीय दस्तावेज उपलब्ध कराये। गार्जियन ने इन सूचनाओं को एक श्रृंखला के रूप में सार्वजनिक किया। जिसमें अमरीका और यूरोप के जासूसी कार्यक्रम इंटर्सेप्ट, प्रिज़म और टेम्पोरा से जुड़ी जानकारियां शामिल थी। इससे साफ़ पता चलता है कि अमरीकी संस्था एन.एस.ए ने कुछ वर्षों में गूगल, एपल, फेसबुक, याहू जैसी शीर्ष इंटरनेट कम्पनियों पर अपना नियंत्रण कायम किया है और इन कम्पनियों का इस्तेमाल करके प्रिज़म जैसे कार्यक्रमों के द्वारा दुनिया भर के उपभोक्ताओं की गुप्त जानकारीयाँ हासिल की।
अपने साक्षात्कर के दौरान स्नोडन ने बताया कि उसकी नौकरी ने उसे अमरीकी गुप्तचरों और "सी.आई.ए" के विदेशी मुख्यालयों जैसी अत्याधिक गोपनीय जानकारियों से अवगत कराया। लेकिन जब उसे यह एहसास हुआ कि वह एक ऐसी संस्था का हिस्सा है जो मानव-हित की जगह मानवता के विनाश को बढ़ावा दे रहा है, तो उसने अमरीकी संस्थाओं के खुफिया दस्तावेजों को सार्वजनिक करने का फैसला लिया और इसी के अंतर्गत वह हॉन्गकॉन्ग आया। स्नोडन ने बताया कि अमरीका एन.एस.ए और सी.आई.ए जैसी  संस्थाओं के जरिये इंटरनेट और दूरसंचार विभाग के माध्यम से पूरे विश्व की गुप्त जानकारी हासिल कर रहा है। इन गुप्त जानकारियों में विभिन्न देशों के नेताओं और राजनयिकों के निजी जिंदगी के आपराधिक रिकोर्ड भी हैं ताकि वह मौका पड़ने पर इनकी बाहें मरोड़ सके और इनसे मनचाहे समझौते पर हस्ताक्षर करवा सके। इसके अलावा किसी देश के रक्षा सम्बन्धी दस्तावेज हासिल कर उसके खिलाफ कार्यवाई की रणनीति बनाना भी इसका एक हिस्सा है। इन हथकंडों से वह दुनिया पर प्रभुत्व स्थापित करने का सपना देख रहा है।
इसके साथ ही स्नोडन ने अमरीका द्वारा इराक़, अफ्गानिस्तान, लीबिया और सीरिया में सैन्य हस्तक्षेप के पीछे छिपी उसकी मंसा का भी भंडाफोड़ किया और यह बताया कि अमरीका कितनी चालाकी से यह सब विश्व शांति स्थापना की आड़ में करता है। सन् 2003 में इराक़ के खिलाफ युद्ध प्रशिक्षण के दौरान मिले अनुभवों से उसने बताया कि अमरीकी सैनिकों को अरब के लोगों की मदद करने की जगह उन्हें मारने के लिये प्रशिक्षण किया जाता है। यह अमरीका के साम्राज्यवादी मंसूबो को दर्शाता है जो वह इन देशों में लोकतंत्र बहाली के नाम पर कर रहा है। इन खुलासों से स्पस्ट है कि बुश की जासूसी करने वाली नीतियों को ओबामा ने हूबहू नक़ल किया है। सी.आई.ए के जरिये अमरीका दुनिया के ईमानदार नेताओं की जासूसी करने और उन्हें रिश्वत देने या उनकी हत्या करवाने का काम करता है। ऐसा संदेह है कि वेनेज़ुएला के सच्चे नेता ह्यूगो शावेज़ को इलाज़ के दौरान कैंसर की दवा देने का काम इसी संस्था द्वारा किया गया था। जिसके कारण उनकी मृत्यु हो गयी। दूसरी और एन.एस.ए दुनिया की सबसे गोपनीय संस्थाओ में शीर्ष पर कायम है। एक आँकड़े के अनुसार इसका एक केन्द्र एक दिन मे ईमैल या दूरसंचार विभाग से दुनिया की एक अरब गुप्त जानकारी हासिल करता है और इसके 20 ऐसे केन्द्र लगातार काम करते है।
एक अन्य घटना में अमरीका के अपराध का खुलासा करने के आरोप में मैनिंग को 35 साल की कैद की सजा दी गयी। वाह रे अमरीकी न्याय व्यवस्था!!! जबकि ईराक में युद्ध भड़काने और लाखों लोगों का कत्लेआम करने वाले अमरीकी अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं। स्नोडन के कदम ने रातों-रात दुनिया क़ी नज़र में उन्हें नायक बना दिया। स्नोडन के खुलासे से बौखलाया अमरीका उन्हें गद्दार घोषित करके जेल की दीवारों के पीछे कैद करना चाहता है। लेकिन स्नोडन ने इस बात से इंकार किया है कि वो गद्दार है और कहा कि "वे 1945 मे घोषित नुरेमबर्ग सिद्धांत को मानते है। इस सिद्धांत के अनुसार सभी व्यक्तियों का अंतराष्ट्रीय कर्तव्य है कि वह विश्वशांति के लिये अपनी आज्ञाकारिता क़ी राष्ट्रीय जिम्मेदारी से ऊपर उठे और विश्वशांति के खिलाफ काम करने वाली अपनी सरकार के विरोध में आवाज उठाये । इस हिसाब से कोई व्यक्ति विश्वशांति और मानवता की रक्षा के लिए अपने देश मे अपराध रोकने के लिये बने घरेलू कानून का उल्लंघन कर सकता है।"
हद तो तब हो गयी जब अमरीका और इंग्लेंड ने अपने कुकर्मो को छुपाने के लिए गार्जियन समाचार पत्र पर दबाव डाला कि वह खुलासा की कंप्यूटर फाईलों को नष्ट कर दे। एक नाटकीय घटना में गार्जियन ने उसे नष्ट भी कर दिया लेकिन समाचारपत्र ने कहा कि संभव है स्नोडन ने अपने मित्रों के जरिये इसकी प्रतियाँ ब्राज़ील या अमरीका मे छिपा रखी हो। यह अमरीका और इंग्लेंड मे अभिव्यक्ति की आज़ादी की असलियत को दिखाता है। अमरीका की इन्हीं साजिशों से बचने के लिए स्नोडन को भूमिगत होना पड़ा। जब उन्होंने रूस में शरण लेनी चाही तो शुरू में रूस के राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि "अगर स्नोडन अमरीका को नुकसान ना पहुँचाये तो उसे रूस में शरण दी जाएगी" इससे साफ जाहिर है कि रूस कितना अमरीका विरोधी है और स्नोदें के लिए यह एक कड़ी शर्त थी, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया। लेकिन रूस की जनता उनसे लगाव रखती है और वे उनकी तुलना परमाणु बम के कारण अमरीका की दादागिरी को खत्म करने के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले ऐथेल और रोजेनबेर्ग दम्पति और द्वितीय विश्व युद्ध में देश के लिए मर मिटे जासूसों से करते है। लेकिन अमरीका और यूरोप न तो मानवता और न ही किसी देश की सम्प्रभुता की कदर करते हैं क्योंकि जब बोलिविया के राष्ट्रपति एवो मोरालेस मास्को से अपने देश जा रहे थे, तो यूंरोप मे उनके हवाई जहाज को उतारकर तलाशी ली गयी, कि कही उसमें छिपकर स्नोडन ना भाग रहे हों। उनके हाथ कुछ भी नहीं लगा लेकिन इससे अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अमरीका की बहुत फजीहत हुई। तब इससे खार खाये अमरीका ने ऐसा करने वाले लातिन अमरीकी देशों को गम्भीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। इसके विरोध में सभी लातिन अमरीकी देश एकजुट हो गये हैं और उन्होंने अमरीका को सख्त चतावनी दी है कि वह अपनी धूर्तताओं से बाज आये।
इससे साफ जाहिर है कि दुनिया हमेशा साम्राज्यवादियों के हिसाब से नहीं चलती। अफगानिस्तान, ईराक, और लेबनान में अमरीका और उसके नाटो सहयोगियों को भारी पराजय का मुँह देखना पड़ा है। आश्चर्य है कि अमरीका और उसके सहयोगी देशों द्वारा अपने सारे साधन लगाकर भी अफ़गानिस्तान पर अपना आधिपत्य कायम नहीं किया जा सका। दो साल पहले अमरीका में वाल स्ट्रीट आन्दोलन ने प्रशासन को हिला दिया था। आज पूरे विश्व में अमरीका द्वारा थोपी गयीं उदारीकरण और निजीकरण की नीतियों का विरोध हो रहा है। चाहे अमरीका अपने साम्राज्यवादी मंसूबो को पूरा करने के लिए कितने ही हथकंडे अपना ले पर व़ह इंसानियत का दमन कर कभी अपने मंसूबो में कामयाब नहीं होगा। स्नोडन, मॅनिंग, विकिलीक्स के जासूसी कारनामें और अमरीकी अन्याय के खिलाफ दुनियाभर में जनांदोलन की लहरें इसी दिशा में संकेत कर रही है।

-मोहित पुंडीर