आर्थिक नवउपनिवेशवाद लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
आर्थिक नवउपनिवेशवाद लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 13 अप्रैल 2013

बर्बरों का इन्तजार


कवि सी.पी. कवाफी की एक कविता का शीर्षक है- बर्बरों का इन्तजार।

कविता रोम के आर्थिक-राजनीतिक-सामाजिक-सांस्कृतिक- सामरिक-सम्पूर्ण पतन के काल से सम्बन्धित है। कुलीन रोमनों के पास रोम को आगे ले जाने के लिए कोई कार्यसूची नहीं थी। उन्हें कोई रास्ता नहीं सूझ रहा था। वे किंकर्त्तव्य विमूढ़ थे कि क्या करें? भोग-विलासिता, अकर्मण्यता, सब कुछ अपनी सीमा पार कर चुके थे। ऐसे ही एक समय का चित्रण करती है यह कविता।
कवि कवाफी लिखता है कि इस संकट के समाधान के लिए रोम के कुलीनतन्त्र के राजनीतिक रहनुमा यूरोप से बर्बरों के आने की मनोकामना कर रहे थे। रोम नगर की बाहरी प्राचीर के मुख्य द्वार पर उनका इन्तजार किया जा रहा था। जब काफी इन्तजार के बाद भी बर्बर नहीं आये तो उनके हाथ-पाँव पफूलने लगे कि अब क्या होगा, वे (बर्बर) नहीं आये।
जब कोई सामाजिक व्यवस्था अपनी ऊर्जा खो चुकी होती है, मृतप्राय हो जाती है और उसे आगे जाने का कोई रास्ता नहीं सूझता तो वह बर्बरों  का इन्तजार करती है।

बर्बर आये
नीचे लिखी कहानी में बर्बर आये और समस्या का समाधान हो गया।
इस कहानी में एक देश के शासक वर्ग और राजनीतिक रहनुमा एक ऐसे मुकाम पर पहुँच जाते हैं कि उन्हें आगे जाने का कोई और रास्ता नहीं सूझता, उनके पास कोई कार्यसूची नहीं रह जाती।
अपने हाथ में सत्ता की बागडोर लेने और समाज का नेतृत्व करने के 38 सालों के भीतर उनके पास कोई कार्यसूची नहीं रह गयी, उनकी समाज-व्यवस्था आर्थिक-राजनीतिक-सामाजिक-शैक्षणिक-सांस्कृतिक- सामरिक पतनशीलता के गर्त तक पहुँच गयी, वे कुछ भी कर पाने में असमर्थ हो गए और अपने ऊपर उन्हें बिल्कुल भी भरोसा नहीं रह गया।
हालत यहाँ तक बिगड़ चुकी थी कि वे अपने लिए और अपने लोगों के लिए पीने के पानी का भी प्रबन्ध नहीं कर सकते थे, और तो क्या करते। तब वे बर्बरों का इन्तजार करने लगे।
5 साल की प्रतीक्षा के बाद बर्बर आये और उनकी सारी समस्याओं का समाधान करने लगे। वे खुद समस्या के समाधान में उनके सहयोगी और चाकर की भूमिका निभाने लगे।
इस कहानी का खुलासा
15 अगस्त 1947 को भारत के शासक वर्गों और उनकी राजनीतिक पार्टियों ने दूसरे वर्गों को पीछे ढकेलकर राजसत्ता पर अपना नियन्त्रण कायम किया और उस समय की अन्तरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय परिस्थितियों (भारत की विशिष्ट परिस्थितियाँ) के मुताबिक भारत में पूँजीवादी विकास का रास्ता चुना जिसे नेहरू के समाजवाद के नाम से जाना जाता है। यह समाजवाद और कुछ नहीं था, उस समय की परिस्थिति के अनुरूप पूँजीवादी विकास का ही एक रास्ता था।
देश के मुकम्मिल पूँजीवादी विकास के लिए दो महत्वपूर्ण शर्तें थीं। प्रथम, एक सम्पूर्ण और मुकम्मिल भूमि-सुधार। दूसरी, जनता का लोकतन्त्र। हालाँकि ये दोनों एक-दूसरे के पूरक थे और एक के बगैर दूसरा सम्भव नहीं था लेकिन मुकम्मिल भूमि-सुधार जनता के लोकतन्त्र के लिए पहली शर्त थी। जनता का लोकतन्त्र उसके बाद ही स्थापित हो सकता था।
इससे जो क्रान्तिकारी ऊर्जा निकलती वह भारतीय समाज के हजारों साल के अस्वस्थकर, अप्रीतिकर और प्रतिगामी दर्शन व जीवन मूल्यों को जलाकर खाक कर देती। तब एक नये लोकतन्त्र का उदय होता। लेकिन भारतीय शासक वर्ग ने ऐसा नहीं किया। ऐसा करने की इनकी मंशा भी नहीं थी।
संविधान सभा के निर्माण से यह जाना जा सकता है। राजा-महाराजाओं, पूँजीपतियों तथा उनके उच्च पदस्थ बुद्धिजीवियों और नौकरशाहों को लेकर जो संविधान सभा बनायी गयी। उसमें जनता की कोई भागीदारी नहीं थी। वह लोकतन्त्र की वाहक नहीं हो सकती थी।
भूमि-सुधार का काम भी विरोधी वर्गों से समझौता और समर्पण करते हुए आधा-अधूरा ही किया गया। ब्रिटेन के पूँजीवादी लोकतन्त्र की संस्थाओं को बिना कलम किये ही यहाँ रोप दिया गया। ब्रिटेन में ये संस्थाएँ क्रान्तिकारी काल में एक खास दौर की आवश्यकता से पैदा हुई थीं और उनकी एक सकारात्मक भूमिका भी रही थी। लेकिन 20वीं सदी के प्रारम्भ में ही वहाँ इन संस्थाओं की अप्रासंगिकता सिद्ध हो चुकी थी।
हमारे देश में ये अस्वस्थ और रुग्ण संस्थाएँ लोकतन्त्र की वाहक नहीं बल्कि उसमें बाधक बन गयीं। भारत के आर्थिक और सामाजिक ढाँचे पर जिन भी संस्थाओं का निर्माण हुआ, चाहे वे कृषि में सुधार के लिए कायम की गयी नाना प्रकार की सहकारी संस्थाएँ (को-आपरेटिव) हों, राजनीतिक संस्थाएँ हों, विश्वविद्यालय और तकनीकी शिक्षा संस्थान हों, सांस्कृतिक संस्थाएँ हों या मूलाधार और अधिरचना की कोई अन्य संस्था- वे सभी स्वस्थ और मुकम्मिल पूँजीवादी विकास और लोकतन्त्र में बाधाएँ बनी रहीं।
ये संस्थाएँ थोड़े से लोगों-शासक वर्गों और उनके सामाजिक आधारों के निहित स्वार्थों की वाहक बन गयीं जो कुल आबादी में बमुश्किल 10-15% थे। जो भी विकास हुआ, वह 25-30% लोगों तक सिमटकर रह गया, उन्हीं को इसका फायदा मिला।
इस व्यवस्था में संकट के लक्षण 1952 से ही दिखाई देने लगे थे। 1958-59 आते-आते शासक वर्गों की योजनाओं की असफलता सामने आने लगी। ’60 के दशक के मध्य तक आर्थिक-राजनीतिक-सांस्कृतिक-सामरिक सभी क्षेत्रों में चौतरफा संकट शुरू हो गया।
पुराने रास्ते पर चलते हुए इस संकट का समाधान नहीं हो सकता था। इसके लिए क्रान्तिकारी समाधान की जरूरत थी जो वे कर नहीं सकते थे।
भारत का यह शासक वर्ग और उसकी राजनीतिक पार्टियाँ क्रान्ति की कोख से नहीं पैदा हुए थे। वे अपने जन्म से ही कायर, रुग्ण, मानसिक विकलांगता के शिकार और क्षुद्र स्वार्थों से ग्रस्त थे। उन्होंने बेरहमी से जनता को लूटा-पाटा और रोम के कुलीनों की तरह भोग और विलासितापूर्ण जीवन बिताने लगे।
लेकिन 1985 तक आते-आते उनका विकास अवरुद्ध हो गया, उन्हें आगे जाने का कोई रास्ता नहीं सूझा, वे किंकर्त्तव्य विमूढ़ हो गए, उनका आत्मविश्वास जाता रहा और हाथ-पाँव पफूल गये- तब इसके समाधान के लिए बर्बरों  को बुलाना ही इन्हें एकमात्र रास्ता लगा।

और बर्बर आये
दो शब्द इन बर्बरों  के बारे में।
भारत की जनता के लिए आज के इन बर्बरों  को जानना मुश्किल नहीं है क्योंकि यहाँ के लोग उनके पुरखों को अच्छी तरह जानते हैं।
अपने पुरखों की तुलना में बर्बर ज्यादा क्रूर, ज्यादा धूर्त, झूठ-छल और प्रपंच में ज्यादा होशियार और हर घृणित कार्रवाई में उनको मात देने वाले हैं।
इनके झण्डे पर लिखा हैः
‘‘सब कुछ लाभ के लिए, सब कुछ पूँजी की वृद्धि के लिए,
सब कुछ बाजार के लिए और सब कुछ बाजारमय।’’
इनका कोई धर्म नहीं, कोई ईमान नहीं, अपना कोई विवेक नहीं।
अपनी पूँजी बढ़ाने और मुनाफा कमाने के लिए क्रूरतम और जघन्यतम अपराधों को अन्जाम देने से भी वे कभी नहीं हिचकते। पिछले 400 सालों का तीसरी दुनिया के देशों का इतिहास इनके नृशंसतापूर्ण अपराधों के खून के छींटों से भरा पड़ा है।
इनमें से एक अपराधी वारेन एण्डरसन को हिन्दुस्तान अभी भूला नहीं है। भोपाल के आस-पास आज भी लोगों की चीख और आहें सुनायी देती हैं। उस अपराधी को भारत सरकार ने अपने विशेष विमान से दिल्ली बुलाकर अमरीका भेजा था। अमरीका से लेकर भारत तक समूची न्याय प्रणाली और प्रशासन ने उसकी मदद की थी।
इन साम्राज्यवादी बर्बरों को आये अभी थोड़े ही दिन हुए हैं कि नोएडा, ओखला, गुड़गाँव, कलिंग नगर और ऐसी बहुत सारी जगहों पर लोगों पर लाठी-गोलियाँ बरसायी जाने लगी हैं ताकि बर्बरों का मुनाफा बढ़ाया जा सके, उनकी पूँजी में वृद्धि की जा सके और उनके उच्छिष्ट भोजन से यहाँ के शासक वर्ग और उसके राजनीतिक रहनुमाओं का पेट भर सके।
वाशिंगटन, टोकियो, बोन, बर्लिन, लन्दन, पेरिस... सभी जगहों से आने वाले बर्बरों का एक ही उद्देश्य है- ज्यादा से ज्यादा मुनाफा कमाओ, ज्यादा से ज्यादा लूटो, अपनी पूँजी बढ़ाओ। सबके झण्डे पर एक ही नारा है। हालाँकि कौन कितना लूटे इसको लेकर इनमें झगड़े जरूर हैं।
भारत का शासक वर्ग और उसकी राजनीतिक पार्टियाँ जनता को समझाती हैं- ये हमारे लिए सड़कें बनायेंगे, कारें बनायेंगे, कपड़ा-जूता-छाता, सब कुछ बनायेंगे, अच्छी पैकिंग में सुस्वादु और स्वास्थ्यकर खाना खिलायेंगे, हमें अच्छी दवाएँ देंगे, स्वच्छ हवा और साफ पानी पिलायेंगे।
अलग-अलग रंगों वाले राजनीतिक रहनुमा भारतीय जनता को यह समझाने में लगे हैं कि हम सड़कें नहीं बना सकते, कारखानों में उत्पादन नहीं कर सकते, यहाँ तक कि हम अपने पीने के लिए साफ पानी का भी इन्तजाम नहीं कर सकते। हम कुछ भी नहीं कर सकते। सब कुछ बर्बर ही करेंगे।
हमारे प्रधानमन्त्री ने ब्रिटेन में पी.एच.डी. की मानद उपाधि ग्रहण करते समय भाषण में कहा कि ब्रिटिश उपनिवेशवादियों ने हमें अच्छा शासन करना सिखाया, हम तो कुछ भी नहीं जानते थे। इसलिए ये कृतज्ञ राजनीतिक पार्टियाँ उनकी लूट, मुनापफे और पूँजी की वृद्धि को अबाध जारी रखने के लिए उनके सिखाये गये तरीके से भारतीय जनता पर शासन करेंगी।
शासक वर्गों की राजनीतिक पार्टियों के छोटे-बड़े नेता, उनके अखबार, इलेक्ट्रानिक प्रचार माध्यम, उनके समूचे कार्यक्रम बर्बरों की प्रशंसा में गीत गाते रहते हैं, लोरी सुनाते रहते हैं ताकि भारतीय जनता उनको चुपचाप स्वीकार कर ले।
उनका कहना है कि ये बर्बर जितना भारतीय जनता का शोषण करेंगे, जितना ज्यादा हमें लूटेंगे, उतना ही देश तरक्की करेगा। हमें सिर झुकाकर उनकी गुलामी स्वीकार कर लेनी चाहिए, उन्हें लूटने देना चाहिए और ऐसा कोई भी काम नहीं करना चाहिए जिससे वे यहाँ से जाने के बारे में सोचें, वरना हम क्या करेंगे?
तरह-तरह के सि(ान्तों की रचना की जा रही है, नयी मनु-स्मृत्तियाँ गढ़ी जा रही हैं, सोने और चाँदी के वर्क लगाकर उन्हें जनता के सामने परोसा जा रहा है। लेकिन जीवन उतना सीधा और सपाट नहीं होता, जीवन की गति बहुत ही विचित्र और विडम्बनापूर्ण होती है।
विख्यात जर्मन कवि गेटे के प्रसिद्ध काव्य नाटक फाउस्ट में एक चरित्र मेफिस्टोफिलिस कहता हैः
‘‘मेरे मित्र सिद्धान्त भूरा और बदरंग होता है जबकि सदाबहार है जीवन का चिरन्तन वृक्ष।’’
भारत के लोगों को उपनिवेशवाद का 300 सालों का त्रासद अनुभव है, 1990 से 2006 तक नये आर्थिक उपनिवेशवाद का 15 सालों का अनुभव भी उनके पास है।
असली या नकली कोई भी सिद्धान्त अगर जीवन के यथार्थ से टकराते हैं तो जिन्दगी उन्हें कूड़ेदान में डाल देती है।
भारत की जनता भी यही करेगी।

-
देश-विदेश-१ 

शुक्रवार, 21 सितंबर 2012

खुदरा व्यापार में एफडीआई का विरोध करें

साथियो,
देशभर के किराना दुकान, फड़, खोखा, ठेला, खोमचा, हाट और फेरी वालों के विरोध को दरकिनार करते हुए सरकार ने अंततः प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) के जरिये खुदरा क्षेत्र को विदेशी पूँजी के हवाले कर दिया। एक ब्राण्ड की खुदरा दुकानों के क्षेत्र में 51 प्रतिशत विदेशी पूँजी निवेश को बढ़ाकर 100 प्रतिशत कर दिया और एक ही छत के नीचे कई ब्राण्ड के सामानों की दुकान (मल्टी ब्राण्ड) के क्षेत्र में 51 प्रतिशत पूँजी निवेश की इजाजत दे दी है। सरकार का दावा है कि खुदरा क्षेत्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश को मंजूरी देने से देश में खुशहाली आयेगी, महँगाई कम होगी और प्रत्यक्ष उत्पादकों यानी किसान-मजदूर तथा मेहनतकश जनता को उसके उत्पाद का वाजिब दाम मिलेगा। नये रोजगारों का सृजन होगा जिससे बेरोजगारी की समस्या पर लगाम लगेगी।

देश की आम जनता को भरमाने के लिए सरकार चाहे कितने भी दावे कर ले लेकिन इस बात से कोई इन्कार नहीं कर सकता कि विदेशी पूँजी किसी सदासयता के लिए नहीं बल्कि अपना मुनाफा बढ़ाने के लिए यहाँ आ रही है। मेहनतकश जनता के खून से सनी पूँजी का यही इतिहास भी रहा है। देशी-विदेशी पूँजीपतियों की भूख शान्त करने के लिए देश की तमाम सार्वजनिक सम्पत्ति और यहाँ तक कि प्राकृतिक सम्पदा को भी परोसने के बाद अब सरकार ने उन्हें देश के खुदरा क्षेत्र को निगलने का निमंत्रण दिया है। खुदरा क्षेत्र में कारोबार करने के लिए लालायित विदेशी कम्पनियों का इतिहास देशों को बर्बाद करने का रहा है। ‘बेण्टोविले का दानव’ के नाम से कुख्यात अमरीकी कम्पनी वालमार्ट खुदरा बाजार को तबाह करने के जुर्म में कई अमरीकी शहरों में प्रतिबन्धित है।

सरकार के दावों से इतर वालमार्ट और ऐसी ही तमाम अन्य कम्पनियों की गिद्ध दृष्टि 22,40,000 करोड़ रुपये के भारतीय खुदरा बाजार पर है। इनके आने से 1.2 करोड़ ठेले-खोमचे वाले, छोटे दुकानदार और किराना व्यापारी और इस पर आश्रित 4.4 करोड़ लोग अपने पेशे से उजाड़ दिये जायेंगे।

इतने विस्तृत बाजार और रोजगार क्षेत्र को दाँव पर रखकर सरकार ने वालमार्ट को 53 स्टोर खोलने की मंजूरी दी है। सरकारी आँकड़ों के हिसाब से 15 देशों में स्थित वालमार्ट के 8500 स्टोर में महज 20.2 लाख लोगों को ही रोजगार मिलता है। यानी उसके प्रत्येक स्टोर से 247 लोग रोजगार पाते हैं। इस हिसाब से देश में खुलने वाले 53 स्टोर 13,100 लोगों को ही रोजगार दे सकते हैं। बहुराष्ट्रीय कम्पनियों को मुनाफा पहुँचाने के लिए खुदरा क्षेत्र में लगी 4.4 करोड़ आबादी को बेरोजगार करके, उनकी जिन्दगी को तबाह करना कहाँ तक न्यायोचित है?

वालमार्ट की एक और खासियत है कि वह अपने सामानों की कीमत कम रखने के लिये आपूर्ति करने वालों से सस्ती दर पर सामान खरीदती है जिसकी भरपाई वे अपने मजदूरों का खून निचोड़ कर करते हैं। जबकि वालमार्ट भी अपने कर्मचारियों से कम मजदूरी और खराब सेवा शर्तों पर अधिक से अधिक काम लेने के लिये बदनाम है। अक्टूबर 2006 में इसके फ्लोरिडा शाखा के कर्मचारियों ने बगावत कर दी थी क्योंकि कम्पनी उन्हें 24 घण्टे शिफ्ट में काम करने को मजबूर करती थी। इन्हीं हरकतों के चलते न्यूयार्क और लॉस ऐंजिल्स के स्थानीय लोगों ने लगातार विरोध करके वहाँ इसकी कोई शाखा खुलने नहीं दी। इण्डोनेशिया में वालमार्ट के द्वारा उजाड़े गये दुकानदारों ने उसके मेगामार्ट पर हमला करके कम्पनी को वहाँ से खदेड़ दिया। कैलीफोर्निया विश्वविद्यालय में हुए एक शोध के अनुसार वालमार्ट जहाँ भी जाती है वहाँ खुदरा व्यापार में रोजगार के अवसर कम हो जाते हैं और मजदूरों की आय में गिरावट आती है।

देश में पहले से ही मौजूद रिलायन्स, विशाल मेगामार्ट, सुभीक्षा, बिग बाजार, त्रिनेत्र, सुपर रिटेल जैसी बड़ी कम्पनियाँ अपनी पूँजी के बल पर एक ओर जहाँ किसानों को उनके उत्पाद का कम दाम देकर लूट रही हैं। तो दूसरी ओर बिजली, पानी, बीज और खाद पर मिलने वाली सब्सिडी खत्म होने के चलते कर्ज के जाल में फँसकर लाखों किसान आत्महत्या करने को मजबूर हुए हैं।

सामानों की बिक्री में तरह-तरह की छूट के जरिये शुरू में ये कम्पनियाँ ग्राहकों को लुभाती हैं और छोटे दुकानदारों को उजाड़कर बाजार पर कब्जा जमा लेती हैं। इसके बल-बूते आगे चलकर मन चाहे दामों पर अपना माल बेचकर उपभोक्ताओं से अकूत मुनाफा वसूलती हैं। इन स्वदेशी कम्पनियों ने जब खुदरा बाजार पर कब्जा करके इतनी बड़ी तबाही मचायी है तो वालमार्ट जैसी दैत्याकार विदेशी कम्पनियों के आने पर हमारे किसानों, छोटे दुकानदारों और उपभोक्ताओं की तबाही का अनुमान लगाना मुश्किल नहीं है।

इसके बावजूद हमारे प्रधानमंत्री का कहना है कि इन बड़े खुदरा व्यापारियों के आने से कृषि क्षेत्र में उछाल आयेगा। जबकि हकीकत इसके ठीक उलट है और यहाँ तक कि खुद अमरीकी किसानों को भी इन बड़े कारोबारियों से कोई सहायता नहीं मिली है। सरकारी सहायता के दम पर ही वहाँ खेती-किसानी को बचाया जा रहा है। 2008 के एक कानून में अमरीकी सरकार ने अगले पाँच सालों के लिए अपने कृषि क्षेत्र में 16,855 अरब रुपये की सहायता दी है। अमरीका तो अपने किसानों को बचाने के लिए सरकारी सहायता दे रहा है लेकिन हमारे किसानों को दी जाने वाली सब्सिडी खत्म कराने के लिए हमारे देश पर दबाव बना रहा है। देश की 65 प्रतिशत आबादी खेती पर निर्भर है लेकिन बजट का केवल 2 प्रतिशत ही खेती पर खर्च किया जाता है और धीरे-धीरे इसे और भी कम किया जा रहा है।

पेट्रोलियम कम्पनियों को फायदा पहुँचाने के लिए सरकार आये दिन डीजल और पेट्रोल का दाम बढ़ा देती है, जिससे सभी सामानों के दाम तेजी से बढ़ जाते हैं। इतना ही नहीं अपनी जनविरोधी नीतियों के तहत वह शिक्षा को निजी हाथों में सौंपकर नौजवानों को शिक्षा से वंचित रखने की साजिश रचती है। तमिलनाडु राज्य के कुडानकुलम में नाभिकीय संयंत्र लगाये जाने का विरोध करने वाली अपनी ही जनता का बर्बर दमन कर रही है। पर्यावरण विनाश की कीमत पर पास्को और वेदान्ता जैसी बदनाम कम्पनियों को कौड़ी के मोल देश की खनिज सम्पदा बेचती जा रही है। पहाड़ और जंगल से उजड़े आदिवासियों के विरोध का बेरहमी से दमन कर रही है।

भले ही आज अंग्रेजों का झंडा यूनियन जैक कहीं लहराता नजर नहीं आता लेकिन आज हमारे जल, जंगल, जमीन देशी-विदेशी थैलीशाहों के कब्जे में हैं। जनता की गाढ़ी कमाई से खड़े किये गये सार्वजनिक क्षेत्र को कौड़ियों के मोल बेचा जा रहा है। इस तरह देशी-विदेशी पूँजी से गठजोड़ करके हमारी सरकार आज देश पर एक नयी गुलामी थोप रही है।

देश को अंग्रेजों की गुलामी से आजाद कराने के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदे-आजम भगत सिंह ने कहा था- ‘‘भारत साम्राज्यवाद के जुए के नीचे पिस रहा है। इसमें करोड़ों लोग आज अज्ञानता और गरीबी के शिकार हो रहे हैं। भारत की बहुत बड़ी जनसंख्या जो मजदूरों और किसानों की है, उनको विदेशी दबाव एवं आर्थिक लूट ने पस्त कर दिया है। भारत के मेहनतकश वर्ग की हालत आज बहुत गम्भीर है। उसके सामने दोहरा खतरा है- विदेशी पूँजीवाद का एक तरफ से और भारतीय पूँजीवाद के धोखे भरे हमले का दूसरी तरफ से खतरा है। भारतीय पूँजीवाद विदेशी पूँजीवाद के साथ हर रोज बहुत से गठजोड़ कर रहा है।“

शहीदे-आजम भगत सिंह ने 82 साल पहले जो बातें कहीं थी वह आज की परिस्थितियों पर हूबहू लागू होती हैं। आज हम देशी पूँजीवाद के धोखे भरे हमले को साफ देख सकते हैं। साम्राज्यवाद और उसके सरगना अमरीका के आगे नतमस्तक होकर हमारे शासक वर्ग देश को बेच खाने का घिनौना षडयंत्र रच रहे हैं। अगर हम अब भी नहीं जागे तो देश नयी गुलामी की जंजीरों में जकड़ जायेगा। भगत सिंह ने कहा था कि ‘‘क्या हमें यह महसूस कराने के लिए कि हम गुलाम हैं और हमें आजाद होना चाहिए, किसी दैवी ज्ञान या आकाशवाणी की आवश्यकता है?“

हम तमाम आजादी पसंद नौजवानों का आह्नान करते हैं कि देश को नयी गुलामी की बेड़ियों से आजाद कराने के लिए आगे आयें। हम उन सभी लोगों का खुला आह्नान करते हैं जिनके दिल अभी जिन्दा हैं और जिन्हें गुलामी की जिन्दगी पसंद नहीं।

आइये ! हम शहीदे आजम भगत सिंह के जन्म दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हों और उनके क्रान्तिकारी विचारों की रोशनी में आजादी का झण्डा बुलंद करें।

इंकलाब जिन्दाबाद!!

सोमवार, 29 अगस्त 2011

आर्थिक गुलामी के 20 वर्ष : कारण और समाधान



पिछले 20 वर्षों के दौरान भारतीय अर्थतंत्र में ढेर सारे बदलाव किये गये। इसने भारतीय समाज और जनजीवन को गहराई से प्रभावित किया। शासक वर्ग इन बदलावों को विकास के नये युग का नाम दे रहे हैं। उनका कहना है कि भारत की आर्थिक विकास दर 9 प्रतिशत से भी आगे जा चुकी है और जल्दी ही 10-12 प्रतिशत तक पहुँचने वाली है। शेयर सूचकांक एक समय 21000 तक जा पहुँचा था और आज भी यह 18000 से ऊपर बना हुआ है। विदेशी मुद्रा भण्डार 262 अरब डॉलर हो गया है। हमारे प्रबन्धन संस्थानों से निकले स्नातकों की दुनियाभर में माँग बढ़ रही है। इत्यादि।
    रेडियों, टीवी चैनल, अखबार, पत्र-पत्रिकाएँ, व्यवस्था-पोषक बुद्धिजीवी-पत्रकार, साम्राज्यवादी देशों की सरकारें, बहुराष्ट्रीय निगमों के प्रबन्धक, देशी-विदेशी पूँजीपति, नेता, नौकरशाह एक सुर में इस विकास का राग अलाप रहें हैं। इनका मानना है कि भारत 'उभरती हुई अर्थ व्यवस्थाओं' की अगली कतार में है और जल्दी ही यह 'आर्थिक महाशक्ति' बनने वाला है। उनके अनुसार यह चमत्कार 1991 में नयी आर्थिक नीति के लागू होने के साथ शुरू हुए आर्थिक सुधारों की सफलता का परिचायक है।
आर्थिक विकास के ये आँकडे  काफी हद तक सही हैं। इसने देश की एक छोटी सी आबादी को मालामाल किया है। लेकिन यह पूरी भारत की सच्चाई नहीं है। जब हम देश की बड़ी आबादी पर निगाह डालते हैं तो इस चमचमाते विकास की कलई खुलने लगती है। मीडिया के अंधाधुंध प्रचार और आंकड़ों  के मायालोक से बाहर निकलते ही 'सुधार' जैसे मोहक और भ्रामक शब्द के पीछे छिपी क्रूरतम सच्चाइयाँ हमारी आँखों के आगे नाचने लगती हैं।
      इन नीतियों के जरिये हमारे देश के शासकों ने मुट्‌ठी भर लोगों के लिए स्वर्ग का सृजन किया है, जबकि बहुसंखयक आबादी की जिन्दगी को नरक से भी बदतर बना दिया पोस्ट प्रकाशित करेंहै। इस आलेख में देश को आर्थिक गुलामी की ओर ले जाने वाली इन नवउदारवादी नीतियों के दुष्परिणामों पर एक सरसरी निगाह डालते हुए इसके कारणों पर गहराई से विचार किया जायेगा ताकि हम समस्या के सही समाधान की दिशा में आगे बढ  सकें।

बुधवार, 24 अगस्त 2011

आर्थिक नवउपनिवेशवाद: एक ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य

     1990 के बाद साम्राज्यवादी समूह और देशी पूँजीपति वर्ग के संश्रय से कायम आर्थिक नवउपनिवेशवादी व्यवस्था को तात्कालिक रूप से उत्प्रेरित करने वाले कारकों पर विचार करने के बाद, इसे गहराई से समझने के लिए इतिहास पर एक सरसरी नजर डालना जरूरी होगा। इसे हम दो चरणों में बाँट कर समझने का प्रयास करेंगे पहला अंग्रेजों के आने के बाद से 1947 में आजादी मिलने तक का दौर और दूसरा 1947 से 1990 तक नेहरूवादी 'समाजवाद' का दौर।
     पहला दौर, ईस्ट इंडिया कम्पनी के आने से पहले भारत सामन्ती समाज था जिसमें पूँजीवाद के विकास की परिस्थितियाँ और सम्भावनाएँ मौजूद थीं। भारतीय समाज कृषि से दस्तकारी और उद्योग तक की यात्रा करने में समर्थ था। इस बात के काफी प्रमाण मौजूद हैं और देश के ज्यादातर इतिहासविद्‌ इससे सहमत हैं।
डच, फ्रांसीसी, पुर्तगाली और अंग्रेज, सभी भारत में व्यापार करने आये थे। कालान्तर में भारत में अपनी राजनीतिक सत्ता कायम करने को लेकर उनके बीच प्रतिस्पर्द्धा शुरू हो गयी। इस होड़ में ईस्ट इंडिया कम्पनी आगे निकल गयी। अंग्रेज समूचे देश पर अपना अधिकार कायम करने में सफल हो गये। उसके बाद भारत को सुनियोजित तरीके से लूटने-खसोटने और ब्रिटेन को समृद्ध बनाने का काम उनके शासन के अन्त-अन्त तक जारी रहा।
     ईस्ट इंडिया कम्पनी और ब्रिटिश सरकार ने भारत की सामन्ती अर्थव्यवस्था पर औपनिवेशिक व्यवस्था आरोपित की जो मूलतः ब्रिटिश सरमायादारों के हितों और प्राथमिकताओं को ध्यान में रखकर तैयार की गयी थी।
     अंग्रेजों के शासन काल में भारतीय अर्थव्यवस्था, राजनीति और राजनीतिक संस्थाएँ, शिक्षा प्रणाली और संस्कृति, सब कुछ ब्रिटिश उपनिवेशवादियों के स्वार्थों और जरूरतों के हिसाब से ढाले गये। इन नीतियों के परिणामस्वरूप यहाँ एक खास तरह के पूँजीवाद के बीज पड़े। पुराना सामन्ती समाज अर्द्धसामन्ती (मूलतः और मुखयतः सामन्ती) समाज में परिवर्तित हुआ। एक नयी उत्पादन प्रणाली का जन्म हुआ जिसे अर्द्धसामन्ती-औपनिवेशिक उत्पादन प्रणाली कहना सटीक होगा। मुट्‌ठीभर राजा-महाराजा, नवाब, जागीरदार, सामन्त, जमीन्दार, इस व्यवस्था के सामाजिक आधार बने। कालान्तर में एक दलाल पूँजीपति वर्ग भी पैदा हुआ जो अंग्रेज पूँजीपतियों के लिए कच्चामाल जुटाने और उनके तैयार मालों को भारत के बाजार में बेचने का काम करता था। इसके साथ ही पढ े-लिखे लोगों का एक अंग्रेजपरस्त तबका पैदा हुआ। वकील, बैरिस्टर, प्रोफेसर, व्यापारी और मध्यम दर्जे के सरकारी कर्मचारी जो अंग्रेजों के प्रति पूर्णतः आस्थावान बने रहे क्योंकि उनका स्वार्थ पूरी तरह ब्रिटिश उपनिवेशवादियों के साथ जुड़ा हुआ था।
     ब्रिटिश उपनिवेशवादियों ने इस देश का क्या हाल बना दिया, इसे बयान करने के लिए एक ही तथ्य काफी है। 1750 में दुनिया के कुल औद्योगिक उत्पादन में भारत का हिस्सा 24.5 प्रतिशत था। और ब्रिटेन का हिस्सा 1.9 प्रतिशत था 1900 में ब्रिटेन का हिस्सा बढ कर 18.5 प्रतिशत हो गया जबकि भारत का हिस्सा घटकर 1.7 प्रतिशत रहा गया। अंग्रेज जब भारत छोड कर भागने के लिए मजबूर हुए तब तक हमारा सम्पन्न देश भुखमरी और अकालों के देश में बदल गया था।
     ऊपर 1750 और 1900 के बीच भारतीय अर्थव्यवस्था में गिरावट का जो आँकड़ा दिया गया है वह इस बुनियादी बात की ओर इशारा करता है कि किसी राष्ट्र का, किसी समाज का, किसी समुदाय का या व्यक्ति का या किसी जीवित वस्तु का स्वस्थ विकास उसकी आन्तरिक गति से ही निर्धारित होता है। यदि उसकी आन्तरिक गति बाधित हो जाये, क्षीण हो जाये या रुक जाये, तो उसका स्वस्थ विकास सम्भव नहीं हो पाता। विरोध-विकास का यह नियम सार्वभौमिक है। बाह्य गतियाँ किसी वस्तु के स्वस्थ विकास में मददगार भी हो सकती हैं और बाधक भी। यह इस बात पर निर्भर करता है कि आन्तरिक गति के साथ उस बाह्‌य कारण का क्या सम्बन्ध है। 
     भारतीय समाज पर ब्रिटिश उपनिवेशवादियों द्वारा जो नयी उत्पादन प्रणाली थोपी गयी वह यहाँ के विकास में बाधक बनी। इसके विपरीत, ब्रिटेन के समाज की आन्तरिक गति स्वस्थ बनी रही और उपनिवेशों की लूट, उसकी आन्तरिक गति को तेज करने में मददगार साबित हुई। परिणामस्वरूप ब्रिटिश समाज सम्पन्न और वैभवशाली बना, ब्रिटेन एक शक्तिशाली देश बना।
     अंग्रेजों ने भारतीय समाज के विकास की आन्तरिक गति को बाधित नहीं किया होता तो निश्चय ही हमारा देश स्वस्थ और स्वाभाविक पूँजीवाद के रास्ते पर आगे बढ ता। सम्भव था कि इस विकास में कुछ देर होती। इसमें पचास या सौ साल या कितने साल लगते, यह कहना मुश्किल है, लेकिन देर-सबेर जब भी यह प्रक्रिया शुरू होती, वह स्वस्थ, सशक्त और स्थायी होती और उसकी रफ्तार भी काफी तेज होती। लेकिन ऐसा नहीं हो सका जिसका दुष्परिणाम हम आज तक भुगत रहे हैं।
     ईस्ट इण्डिया कम्पनी द्वारा भारत पर प्रभुत्व स्थापित करने के बाद से लेकर 1947 में राजनीतिक आजादी मिलने तक के इस प्रथम चरण में भारतीय सामन्तवाद के साथ भारतीय जनता का टकराव निरंतर जारी रहा। लेकिन इस पूरे दौर में भारतीय जनता के सभी संघर्ष मुखयतः ब्रिटिश उपनिवेशवादियों के खिलाफ ही केन्द्रित रहे।
     दूसरा दौर, 1947 में राजनीतिक आजादी हासिल करने से लेकर आज तक। नेहरू के समाजवाद की अन्तर्वस्तु 1944 में निर्धारित टाटा-बिड़ला योजना से पूरी तरह मेल खाती थी। यह योजना देश के बड़े पूँजीपतियों ने अपनी वर्गीय सीमाओं और उस समय की राष्ट्रीय परिस्थितियों के अनुरूप पूँजीवादी विकास के लिए बनायी थी। देश में पूँजीवाद विकसित होने की एक अनिवार्य और बुनियादी शर्त थी, उग्र (रेडिकल) भूमि सुधार, एक मुकम्मिल भूमि क्रान्ति। यह भूमि क्रान्ति भारत की तकदीर और तस्वीर बदल देती। उत्पादक शक्तियों के हाथ-पाँव में सदियों से पड़ी बेडियाँ टूट जातीं और पूरे समाज में असीम ऊर्जा का संचार होता। इस विस्फोट के फलस्वरूप मध्ययुग का अन्त हो जाता और अर्द्धसामन्ती-औपनिवेशिक उत्पादन प्रणाली का समूल नाश हो जाता। कृषि से दस्तकारी और उद्योग तक की यात्रा पूरी होती।
     उद्योग-धन्धों का तेजी से विकास और विस्तार होता। देहात की एक बड़ी आबादी को उद्योगों में सार्थक जीविकोपार्जन का मौका मिलता। लोगों की क्रयशक्ति बढ ने के चलते एक विशाल बाजार पैदा होता जो औद्योगिक उत्पादन को और अधिक गति प्रदान करता। सभी हाथ सार्थक और उत्पादक कामों में लगते जिससे विपुल सामाजिक सम्पदा का निर्माण होता। इन आर्थिक बदलावों के परिणामस्वरूप एक नये समाज का निर्माण होता। राजनीतिक, सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक जीवन में नयी-नयी संस्थाओं का जन्म होता। सामाजिक जीवन की रग-रग में सही मायने में जनवादी मूल्यों की स्थापना होती। जाति, धर्म और लिंग भेदभाव काफी हद तक समाप्त हो जाता। एक सम्पन्न भारत, एक स्वाधीन और स्वावलम्बी भारत के अस्तित्व में आने का मार्ग प्रशस्त होता।
     लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। इसकी आन्तरिक गति कमजोर बनी रही तथा उत्पादक शक्तियों की विपुल ऊर्जा और विकास की सम्भावना क्षरित होती रही। आजादी के बाद भी हमारे देश के शासकों ने एक विकलांग और विकृत पूँजीवाद का ही पोषण-संवर्धन किया जिसे गमला पूँजीवाद (फ्लावर पॉट कैपिटलिज्म) भी कह सकते हैं, क्योंकि इसकी जड़े न तो गहराई तक जा सकीं और न ही विस्तार पा सकीं।
     1947 के बाद पूँजीपति वर्ग के हितपोषण के लिए उद्योग के क्षेत्रा में पब्लिक सेक्टर, ज्वाइण्ट सेक्टर और प्राइवेट सेक्टर की स्थापना हुई। यहाँ के पूँजीपति वर्ग के पास पूँजी का अभाव था, इसलिए पब्लिक सेक्टर और ज्वाइन्ट सेक्टर के बिना प्राइवेट सेक्टर फल-फूल नहीं सकता था। जनता की गाढ़ी कमाई से, खासकर अप्रत्यक्ष करों का बोझ लाद कर इन सेक्टरों में ऊर्जा, परिवहन, बाँध और वैज्ञानिक-तकनीकी शिक्षा के उच्च संस्थान खोले गये, ताकि पूँजीपति वर्ग मेहनतकशों के रोमछिद्रों से बहते खून और पसीनों को चाँदी के सिक्कों में ढाल सके। नेहरू की नीतियाँ, साम्राज्यवाद के आगे घुटने टेकने की नीतियाँ थी। वे हर निर्णायक घड़ी में साम्राज्यवाद के सामने घुटने टेक देते। साम्राज्यवाद के दबाव को झेलने में वे एक सीमा तक ही समर्थ थे। पूँजीपति वर्ग के प्रतिनिधि नेहरू और काँग्रेस के लिए यह भी संभव नहीं होता, यदि तत्कालीन अन्तरराष्ट्रीय परिस्थितियाँ उनकी मददगार न होतीं। इनकी उद्योग नीति का एक महत्त्वपूर्ण पहलू था विदेशी थैलीशाहों की मदद, जिसका वास्तविक मतलब था, उन्हें इस देश में लूट की आजादी देना। लेकिन इन तमाम सीमाओं, कमजोरियों के बावजूद आत्मनिर्णय और आत्मनिर्भर विकास की उनकी आकांक्षा मरी नहीं थी।
     50-60 के दशकों में जो भूमि सुधार हुए, उससे मालिक रैय्यत को तो कुछ इलाकों में जमीनें मिली, लेकिन भूमिहीन और गरीब किसानों को कोई लाभ नहीं हुआ। कृषि में पूँजीवादी विकास की नीति ही यह थी कि शीर्ष पर भूस्वामियों को बिठाकर नयी तकनीक के सहारे खेती का विकास किया जाये। हरित क्रान्ति या सहकारिता का लक्ष्य मुट्‌ठी भर कुलकों-फार्मरों और धनी किसानों को पूँजीपति वर्ग की कतार में ला खड़ा करना था।
     देश की जनता को गुलाम बनाये रखने के लिए अंग्रेजों ने जो कानून व्यवस्था बनायी थी, उसे बरकरार रखा गया। ब्रिटिश नौकरशाही के पूरे ढाँचे को जारी रखा गया। संस्कृति के क्षेत्रा में सड़े-गले सामन्ती-औपनिवेशिक और साम्राज्यवादी मूल्यों-मान्यताओं को बनाये रखा गया। राजनीतिक ढाँचा भी ब्रिटेन से उधार ले लिया गया। 13 प्रतिशत विशेषाधिकार प्राप्त लोगों द्वारा चुनी गयी संविधान सभा ने पूरी जनता की किस्मत का फैसला करने वाला संविधान बनाया। शिक्षा के क्षेत्रा में मैकॉले की गुलाम बनाने वाली शिक्षा व्यवस्था थोड़े बहुत फेर बदल के साथ लागू रहने दिया गया।
     शासक वर्गों के छुद्र वर्गीय स्वार्थों से निर्धारित होने वाली उनकी गलत नीतियों के परिणामस्वरूप संकट गहराता गया। यहाँ का पूँजीपति वर्ग पहले से ही कमजोर था और किसी भी तरह की जनक्रांति से भयाक्रान्त रहता था। यही कारण है कि वह पूँजीवादी-जनवादी कार्यभारों को पूरा करने के बारे में सोच भी नहीं सकता था। इतिहास के इस दूसरे चरण में भारतीय समाज में पूँजीपति और भूस्वामी वर्ग के संश्रय के खिलाफ मजदूर-किसान और व्यापक मेहनतकश जनता का संघर्ष जारी रहा।
     पहले से ही गहराते आन्तरिक संकट और 1985-90 के बीच विश्व स्तर पर होने वाले महत्त्वपूर्ण परिवर्तनों (जैसे रूसी सामाजिक साम्राज्यवादी खेमे और युगोस्लाविया का बिखराव, साम्राज्यवादी देशों में संकट का गहराते जाना और तीसरी दुनिया के देशों का कर्ज जाल में फँसना) ने यहाँ के शासक वर्गों और उनके रहनुमाओं को किंकर्त्तव्यविमूढ़ बना दिया। वे अपना आत्मविश्वास खो बैठे। 1947 के बाद राजनीतिक आजादी और अनुकूल परिस्थितियों का फायदा उठाकर भारत में यथासम्भव स्वतन्त्रा और स्वावलम्बी पूँजीवाद विकसित करने की उनकी रही-सही महत्त्वाकांक्षा भी हमेशा के लिए दफन हो गयी। अपनी पूँजी के विस्तार और भारत के भावी विकास के लिए उन्होंने साम्राज्यवादी समूह द्वारा प्रस्तोतित और प्रस्तावित नीतियों को स्वीकार किया। उन्होंने देश की बहुसंखयक जनता के साथ, यहाँ के आम लोगों के साथ पूरी तरह विश्वासघात किया और अपने आप को उनसे अलग कर लिया। विदेशी सरमायादारों के साथ साँठ-गाँठ करके आज उन्होंने अपनी पूँजी का बेतहाशा विस्तार किया है, वे अपने ही देश की जनता को निर्लज्जता और नग्नतापूर्वक लूट-खसोट रहे हैं तथा विरोध करने पर लाठी-गोली का ताण्डव रचा रहे हैं। महान चिन्तकों ने ठीक ही कहा है कि पूँजी की राष्ट्रीयता और देशभक्ति मण्डी में होती है, उसके लाभ और मुनाफे में होती है।
     अन्तरराष्ट्रीय परिस्थितियों और उनके चलते विश्व समीकरण में हुए बदलावों ने साम्राज्यवादी समूह और उसके सरगना अमरीका को पूरी दुनिया में अपने साम्राज्यवादी वर्चस्व और निर्बाध लूट के मंसूबों को पूरा करने का अनुकूल अवसर प्रदान किया। अपने इन्हीं मंसूबों को ध्यान में रखकर वे विश्व व्यापार संगठन जैसे लूट और शोषण के उपकरणों के जरिये पूरी दुनिया में साम्राज्यवादी वैश्वीकरण की मुहिम चला रहे हैं। इसे ही दुनिया भर में ''वाशिंगटन आम सहमति'' के नाम से जाना जाता है।
      इसी साम्राज्यवादी रणनीति के तहत आज भारत में पहले से मौजूद विकलांग पूँजीवाद के ऊपर, गमला पूँजीवादी समाज के ऊपर, एक नयी व्यवस्था आर्थिक नवउपनिवेशवादी व्यवस्था आरोपित की जा रही है। इसका उद्देश्य साम्राज्यवादी समूह और इनके सहयोगी भारतीय सरमायादारों की आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं को पूरा करना है। भारतीय जनता या भारत के विकास से इसका कोई लेना-देना नहीं है। यह भारतीय समाज के विकास की आन्तरिक गति को बल नहीं प्रदान करता, बल्कि उसकी रही-सही आन्तरिक गति को भी कुचल डालता है।
     यह नयी व्यवस्था ईस्ट इण्डिया कम्पनी और ब्रिटिश उपनिवेशवादियों द्वारा लादी गयी व्यवस्था से भिन्न है। इन दोनों व्यवस्थाओं के बीच देश और काल का काफी अन्तर भी है। यह नयी व्यवस्था सर्वग्रासी और कहीं ज्यादा विनाशकारी है। भारत के सरमायेदार यहाँ की संसदीय राजनीतिक पार्टियाँ, समूचा सरकारी तन्त्रा और बुद्धिजीवियों का एक बहुत बड़ा तबका, इस व्यवस्था के प्रबल समर्थक हैं क्योंकि इसी से उनका स्वार्थ सिद्ध होता है। इस आरोपित व्यवस्था में साम्राज्यवादी समूह के सामाजिक आधार हैं इस देश के बड़े सरमायादार, बड़े व्यापारी, बड़े ठेकेदार, शेयर-दलाल और सट्‌टेबाज, राजनीतिक पार्टियों के चोटी के नेता, बड़े अपराधी और माफिया, नौकरशाह, बहुराष्ट्रीय निगमों के प्रबन्धक, कुछ अपवादों को छोड कर सभी शीर्षस्थ बुद्धिजीवी, कलाकर तथा लाखों की पगार पाने वाले शीर्षस्थ मीडियाकर्मी और पत्राकार। इन सबकी कुल आबादी बमुश्किल 5 करोड  है। बेशक ब्रिटिश साम्राज्यवादियों के सामाजिक आधार की तुलना में इनकी संख्या कहीं ज्यादा है, लेकिन देश की पूरी आबादी के लिहाज से ये मुट्‌ठीभर ही हैं।
     10 करोड  लोग ऐसे भी हैं जो अपनी आर्थिक-सामाजिक स्थिति और सामान्य उपभोक्ता के तौर पर देश की क्रान्तिकारी आम जनता तथा साम्राज्यवादी समूह और उसके सामाजिक आधार के बीच ढुलमुल खड़े हैं।
     मेहनतकश, मजदूर, जमीन के छोटे टुकड़े से चिपके कंगाल और बदहाल किसान, दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्ग की भारी आबादी, महिलाएँ और छात्रों-नौजवानों का बहुत बड़ा हिस्सा ये सभी मिलकर क्रान्तिकारी जनता और क्रान्तिकारी शक्ति का निर्माण करते हैं।
      इस नयी उत्पादन प्रणाली, इस नयी गुलामी को आरोपित करके बहुत ही लम्बे समय से संक्रमणकाल की दुस्सह पीड़ा झेल रहे भारतीय समाज को दुःख के एक नये पारावार में धकेल दिया गया है जो पहले से हजार गुना ज्यादा त्रासद है। मेहनतकश जनता पर उत्पीड न और दमन बढ ता जा रहा है। मजदूरों की हडि्‌डयों का चूरा बनाकर मेगामार्टों में बेचा जा रहा है तथा अर्द्धभुखमरी के कगार पर पड़े, जैसे-जैसे जीवन बिता रहे किसानों के मुँह से निवाला छीना जा रहा है। इस कुकर्म और षड्‌यन्त्रा में भाजपा और कांग्रेस से लेकर संसदीय वामपन्थ तक, सभी पार्टियाँ शामिल हो गयी हैं। अन्तरराष्ट्रीय और ''राष्ट्रीय'' पूँजी के विस्तार और मुनाफे के लिए सभी नियम-कानून ताक पर रख कर लाठी और गोली के बल पर जनता का उत्पीड न और दमन शुरू हो चुका है। इस बात की सम्भावना बनने लगी है कि जल्दी ही भारतीय राज्य पुलिस और सैनिक राज्य में तब्दील हो जाये। इसके विकास की गति की यह स्वाभाविक परिणति भी है। लेकिन जहाँ दमन होगा, वहाँ प्रतिरोध भी होगा। प्रतिरोध की शुरुआत हो चुकी है। 1991 के बाद से ही देश के विभिन्न हिस्सों में जनान्दोलनों का सिलसिला जारी है। जनता का प्रतिरोध संघर्ष अभी शुरुआती दौर में है और मुखयतः स्वतःस्फूर्त है। लेकिन जल्दी ही यह सुगठित और सुसंगत संघर्ष का रूप ले लेगा।
     आज के दुश्मन अन्तरराष्ट्रीय पूँजी और उसके देशी सहयोगी, दोनों ही कहीं ज्यादा क्रूर, ज्यादा निरंकुश और ज्यादा धूर्त हैं तथा जनता को ठगने और छलने में हर तरह से माहिर हैं। ये आधुनिक तकनीक से सुसज्जित हैं और एक विशाल प्रचार तन्त्रा के मालिक हैं। इसलिए जनता की शक्तियों, उनके विचारकों और चिन्तकों और राजनीतिक रहनुमाओं को अपने को हर तरह से सुसज्जित करना होगा। सिद्धान्त में दृढ  रहते हुए, सार्वभौम सच्चाइयों पर अडिग रहते हुए, अतीत से सबक लेकर संघर्ष के हर रूप और युद्ध की हर कला का इस्तेमाल करने के लिए तैयार रहना होगा।