मेहनतकश लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
मेहनतकश लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

मंगलवार, 30 अप्रैल 2013

मई दिवस और मेहनतकश वर्ग के सामने चुनौतियां


मई दिवस मजदूर वर्ग के अंतर्राष्ट्रीय इतिहास में मील का पत्थर है।

मजदूर वर्ग के नेतृत्व में संपन्न कई क्रांतियों के बाद मानव इतिहास की यह सबसे महत्वपूर्ण घटना है। लोकप्रियता के हिसाब से तो यह दिन संभवत: अव्वल है जिसे सबसे बडे पैमाने पर मनाया जाता है, यह मामले का एक पहलू है। इसका दूसरा पहलू यह है कि यह आयोजन अधिकाधिक खोखला होता जा रहा है। बेजान धार्मिक उत्सवों की तरह। इस महान दिन का राजनीतिक निहितार्थ उत्तरोत्तर लुप्त होता जा रहा है और आयोजन के लिए आयोजन का रिवाज बनता जा रहा है। पूंजीवादी और अवसरवादी (कथन में समाजवादी और करनी में पूंजीवादी) राजनीति के घने बादलों के बीच मई दिवस का सूर्य तत्काल ढंक सा गया है। इसलिए मजदूर वर्ग की पार्टी के सामने सबसे बड़ा कार्यभार है कि वह मई दिवस की उस पुरानी महिमा को पुनर्स्थापित करे जिसमें इसके निकट आते ही पूंजीपति वर्ग कांप उठता था। उसे अंजाम देने के लिए पूंजीवादी पार्टियों के साथ-साथ नकली कम्युनिस्टों से भी टक्कर लेना होगा।

मई दिवस का इतिहास काफी पुराना (126 साल) है और काफी समृध्द भी। लेकिन मजदूर वर्ग का समग्र राजनीतिक इतिहास जितनी जटिल और जय-पराजय की विविध घटनाओं से भरा पड़ा है, उनकी स्पष्ट छाप मई दिवस के इतिहास पर दिखाई पड़ती है। ऐसा होना बिल्कुल लाजिमी है। अपने वर्तमान कार्यभार को आगे बढ़ाने के लिए, मई दिवस की पुरानी गरिमा को फिर एक बार स्थापित करने के लिए, हमें उसके इतिहास पर सरसरी निगाह डालनी होगी।

मुख्य सवाल यह है कि हम मई दिवस क्यों मनाते हैं? 

इतिहास के अपने नायकों को क्यों याद करते हैं? इसलिए कि हम उनके संघर्ष और बलिदान की उदात्त भावना से प्रेरणा ले सकें और उनके संघर्ष की परिस्थितियों, नारों और तौर-तरीकों को ठीक से समझ-बूझकर आज की परिस्थिति में उनका सर्जनात्मक उपयोग कर सकें। यह मई दिवस मनाने का क्रान्तिकारी तरीका है। मजदूर वर्गीय तरीका है। उसके विपरीत मई दिवस (1 मई 1886) की घटनाओं को याद कर लेना और शहीदों की प्रतिमाओं पर फूल माला चढ़ाकर इतिश्री कर लेना पूंजीवादी तरीका है। अवसरवादी तरीका है। इतिहास दोनों किस्म की घटनाओं से भरा पड़ा है।   हम अपनी बात यहीं से शुरू करते हैं कि आखिर उस दिन क्या हुआ था जिसने उसे ऐतिहासिक बना दिया:

1 मई 1886 को संयुक्त राय अमेरिका में मजदूरों की हड़ताल, शिकागो के मिशिगन एवेन्यू में प्रभावशाली जुलूस। मजदूरों की मांग थी- आठ घंटे का कार्यदिवस, आठ घण्टे आराम तथा आठ घण्टे मनोरंजन। 3 मई को मेककार्मिक रीपर कारखाने के हड़ताली मजूदारों पर बर्बर हमला, इसमें 6 मजदूर मारे गये और कई घायल हुए। 

4 मई को हे मार्केट स्क्वायर पर प्रदर्शन, शांतिपूर्ण सभा पर पुलिस का हमला, भीड़ में बम फेंका गया। एक सार्जेंट की मृत्यु हुई। पुलिस मजदूर भिड़ंत। इसमें 7 पुलिस के सिपाही मारे गए और 4 मजदूर शहीद हुए। मजदूर पारसन, स्पाइस, फिशर और एंगेल्स पर मुकदमा व फांसी और अन्य मजदूर नेताओं को कैद, 18 जुलाई 1889 को दूसरे इंटरनेशनल की पेरिस कांग्रेस ने 1 मई को अंतराष्ट्रीय मजदूर एकता दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया। 

1 मई 1890 को यूरोप और अमेरिका के मजदूरों ने इस दिन को बड़े धूमधाम से मनाया।  यही है संक्षेप में मई दिवस का घटनाक्रम, और यहीं से शुरू हुई मई दिवस की परंपरा।

1 मई 1886 का यह विद्रोह न तो आकस्मिक था और न ही अंतर्राष्ट्रीय मजदूर आंदोलन से अलग-थलग। उनकी यह कार्रवाई अंतर्राष्ट्रीय मजदूर आंदोलन की उपज थी और बाद में अंतर्राष्ट्रीय मजदूर एकता का केंन्द्र बन गयी। 1867 में उसने इंटरनेशनल की जनरल कौसिंल का यह निमंत्रण स्वीकार किया कि अगले कांग्रेस में अपना एक प्रतिनिधि भेजेगा। ऐसा हुआ भी। अमेरिका के स्तर पर इस आंदोलन को संगठित करने की प्रक्रिया भी 1884 से शुरू हो चुकी थी। अमेरिकी फेडरेशन ऑफ लेबर (एक नवगठित संगठन) ने 7 अक्टूबर 1884 के अधिवेशन में ही प्रस्ताव ले लिया था कि 1 मई 1886 से कानूनी तौर पर काम का दिन 8 घंटों का होगा। भविष्य को अंतर्राष्ट्रीय मजदूर आंदोलन की इस घटना ने किस हद तक प्रभावित किया, उसका खुलासा मार्क्स के साथी एंगेल्स की प्रतिक्रिया में मिलता है। कम्युनिस्ट घोषणा पत्र की चौथे जर्मन संस्करण की भूमिका में उन्होंने लिखा- 'मैं जिस समय ये पंक्तियां लिख रहा हूं, उस समय यूरोप और अमेरिका का सर्वहारा वर्ग अपनी ताकतों का सिंहावलोकन कर रहा है। पहली बार 'एक' ही फौरी उद्देश्य के लिए-आठ घंटों के दिन को कानून द्वारा कराने के लिए लड़ रहा है।'

'जो नजारा हम आज देख रहे हैं, वह सभी देशों के पूंजीपतियों और जमींदारों को यह बता रहा है कि आज के दिन सही मायनों में सभी देशों के सर्वहारा एक हो गये हैं, काश! आज मेरे साथ मार्क्स होते और यह सब स्वयं अपनी आंखों से देखते'!

8 घंटों के कार्यदिवस और मजदूर वर्ग की व्यापक एकता के अलावा एक तीसरा पक्ष भी है जिसकी चर्चा एंगेल्स ने की। उसने तत्कालीन पूंजीपतियों और पूंजीवादी चिंतकों के इस पाखंड का भंडाफोड़ किया कि अमेरिका वर्ग शत्रुता से ऊपर है। इसका उल्लेख करते हुए उन्होंने 3 जून 1886 के अपने पत्र में लिखा- ''पूंजीवादी सोच है कि अमेरिका, वर्ग दुश्मनी और वर्ग संघर्ष से ऊपर है। अब यह भ्रम टूट गया है। धरती का अंतिम पूंजीवादी स्वर्ग तेजी से पुरगाटोरियों में तब्दील होता जा रहा है। यूरोप की तरह नरक बनने से उसे एक ही चीज बचा सकती है कि अमेरिका के नवोदित सर्वहारा का विकास कितनी तेज गति से हो पाता है।'' लेकिन इतिहास वह रूख नहीं अपना सका। साम्राज्यवाद के विकास ने अमेरिका सहित सभी साम्राज्यवादी देशों के मजदूरों को अवसरवाद के दलदल में धकेल दिया और अमेरिका पूंजीवाद का नरक बनने से नहीं बच सका।

मई दिवस को दूसरे इंटरनेशनल द्वारा अंतर्राष्ट्रीय मजदूर एकता दिवस घोषित कर दिये जाने के कारण इसका स्वरूप तो अंतर्रष्ट्रीय हो ही गया था, वह मजदूर वर्ग की अंतर्राष्ट्रीय राजनीति का अभिन्न अंग भी बन गया।  इसी की जरूरत के अनुसार मई दिवस के नारे भी बदलते रहे और संघर्ष के रूप भी। अब यह सिर्फ आठ घंटे श्रम दिवस के लिए आंदोलन का दिन नहीं रहा, बल्कि इसके साथ बालिग मताधिकार, साम्राज्यवादी युध्द व औपनिवेशिक शोषण का खात्मा जैसे मुद्दे भी इसमें जुड़ गये। इसके मनाये जाने के स्वरूप में नये-नये बदलाव आते गये। पहले इसे उद्योगों में काम बंद रखकर मनाया जाता था। बाद में यह निर्णय लिया गया कि सभी औद्योगिक केंद्रों में मजदूर प्रदर्शन करें। प्रदर्शनों का सिलसिला शुरू हुआ और यही पूंजीपतियों के लिए सरदर्द बन गया। मई दिवस मजदूरों के जीवन में इतना महत्वूपर्ण बन गया कि वे अपनी राजनीतिक विजय का जश्न भी इसी दिन मनाते। किसी देश के मजदूर अपनी विजय का जश्न मना रहे होते तो किसी देश के मजदूर अपने देश के पूंजीवाद के खिलाफ जुझारू तेवर का इजहार कर रहे होते थे। यही कारण था कि मई दिवस के नजदीक आते ही पूंजीपति कांप उठते थे, उनकी घबराहट बढ़ जाती थी।

साम्राज्यवाद के उदय के साथ ही मजदूर वर्ग का अंतर्राष्ट्रीय राजनैतिक आंदोलन दो खेमों में बंट गया- क्रांतिकारी और अवसरवादी। तब हम कह सकते हैं कि साम्राज्यवाद और सर्वहारा क्रांति के वर्तमान युग में अवसरवाद एक शाश्वत परिघटना के रूप में मौजूद रहा है। अतीत में तो ऐसे भी अवसर आये जब आंदोलन पर अवसरवाद का पलड़ा भारी हो गया। इस अवधि में आम लोगों के बीच यह धारणा हावी रही कि अवसरवाद ही मार्क्सवाद है। दूसरे इंटरनेशनल की अवधि, मोटे तौर पर ऐसी ही थी। बर्न्सटीन और काउत्स्की जैसे अवसरवादी लंबे समय तक मार्क्सवाद के प्रतिनिधि बने रहे। लेनिन ने इस अवधारणा को तोड़ा, इसके लिए उन्हें लंबा संघर्ष करना पड़ा। उन्होंने तथ्यों और तर्कों से इस बात का खुलासा किया कि मार्क्सवाद का मुखौटा पहने ये अवसरवादी साम्राज्यवाद के एजेंट हैं। अक्टूबर क्रांति में लेनिन की सैध्दांतिक प्रस्थापनाएं व्यवहार में बदल गयीं और तब आम जनता यह समझ पायी कि बोल्शेविक क्रांति का विरोध करने वाले लोग साम्राज्यवाद के एजेंट है। लेनिन की सैध्दांतिक प्रस्थापनाओं की जीत से अवसरवाद का नाश तो नहीं हुआ, लेकिन मार्क्सवाद पर अवसरवादियों का प्राधिकार खत्म हो गया और दुनिया के पैमाने पर ऐसे संगठन पैदा हुए जिनके झंडे पर लिखा था- साम्राज्यवाद और अवसरवाद का नाश हो।

मौजूदा स्थिति में हम एक उथलपुथल के दौर से गुजर रहे हैं। अगर 2010 मंहगाई, बदहाली तथा व्यापक बेरोजगारी व छंटनी का दौर रहा है तो 2011 ताकतवर जन उभार का एक यादगार वर्ष बनते जा रहा है। कार्ल मार्क्स के ''दुनिया के मजदूरों, एक हो'' आह्वान की निरंतरता में, तीसरे कम्युनिस्ट अंतर्राष्ट्रीय ने इसे ''दुनिया के मजदूरों तथा उत्पीड़ित जनता, एक हो'' के रूप में व्यापकता प्रदान किया। और इसी प्रकार के ताकतवर उभार पश्चिमी एशिया तथा गरीब के देशों में देखने को मिल रहे हैं। टयूनीशिया से पैदा होने वाली यास्मीन क्रांति की खूशबू मिस्र, बहरीन तथा यहां तक कि लीबिया तक फैल गई है। यह तथ्य है कि अमरीका तथा अन्य साम्राज्यवादी ताकतें लीबिया में ''सत्ता परिवर्तन'' के नाम पर वहां के आंदोलन में हस्तक्षेप कर उसे भटकाने की कोशिश कर रही हैं। बावजूद उसके, लीबिया में तानाशाही, मंहगाई तथा भ्रष्टाचार के खिलाफ जनता के विद्रोह को छोटा नहीं किया जा सकता।

इसी तारतम्य में अन्ना हजारे के नेतृत्व में ''भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन'' जिसे पूंजीवादी मीडिया का भरपूर समर्थन मिला था। अन्ना हजारे ने लोकपाल विधेयक की लेखन समिति के सदस्य कौन होंगे को बहस का मुद्दा बनाया तथा फासिस्ट नरेंद्र मोदी और जनविरोधी नीतीश कुमार को ''सुशासन'' का प्रमाण पत्र दिया। लेकिन इस आंदोलन में शोषित वर्गों के सवालों को नहीं उठाया गया तथा ''भ्रष्टाचार'' की परिभाषा में श्रम के कानूनी तौर पर लूट को शामिल नहीं किया गया। ''भ्रष्टाचार'' की इस परिभाषा में कम से कम इतना तो जोड़ा जाना चाहिए था कि किसी भी उद्योग में न्यूनतम वेतन का भुगतान नहीं किया जाना भ्रष्टाचार है। इस आंदोलन की केवल यही उपलब्धि रही है कि इससे एक नया शक्तिहीन विधेयक लिखने का अधिकार ही प्राप्त हुआ। लेकिन टयूनीशिया, मिस्र तथा लीबिया में जहां कम से कम, फासिस्ट नेताओं को पद छोड़ने पर मजबूर होना पड़ा है, यहां वो भी नहीं हुआ।

हालांकि, इस पर संदेह है कि टयूनीशिया तथा मिस्र के आंदोलन भ्रष्टाचार, मंहगाई तथा तानाशाही को खत्म कर पायेंगे । इन जगहों पर एक तानाशाह के बदले दूसरे तानाशाह को लाकर समस्या का समाधान किया जा रहा है। अगर इस तरह के ताकतवर आंदोलन इन बुराईयों को मिटा नहीं सकते तो क्या मेहतनकशों और अन्य उत्पीड़ित जनता के लिए कोई आशा बचती है? पश्चिम एशिया तथा गरीब के आंदोलन की कमजोरी यह रही है कि यद्यपि मेहनतकश वर्ग की इन आंदोलनों में व्यापक भूमिका रही है, लेकिन मेहनतकश वर्ग की नेतृत्वकारी भूमिका नहीं रही। इस प्रकार की नेतृत्वकारी भूमिका, जैसा कि दिखता है, इस प्रकार के ताकतवर स्वत: स्फूर्तता के सम्मुख, मध्यमवर्गी तथा उच्चवर्गीय बुध्दिजीवियों के हाथों है। मेहनतकशों तथा अन्य उत्पीड़ित जनता का इस प्रकार का ताकतवर आंदोलन केवल तभी सफल हो सकता है जब वह मजदूर वर्ग के नेतृत्व में हो तथा नवजनवाद या समाजवाद की स्थापना-मेहनतकशों तथा उत्पीड़ित जनता के शासन की स्थापना उसका स्पष्ट लक्ष्य हो। केवल वर्ग सचेतन मजदूर वर्ग ही इस प्रकार का नेतृत्व प्रदान कर सकता है। इस आंदोलनों ने यह साफ तौर पर दर्शाया है कि पश्चिम एशिया तथा गरीब के वामपंथियों की यह असफलता है कि वे इस प्रकार का एक मजदूर वर्गीय नेतृत्व नहीं पैदा कर पाए। 

सच तो यही है कि हालिया घटनाएं दर्शाते हैं कि हमारे देश में करोड़ों लोग भ्रष्टाचार, मंहगाई तथा गैर प्रजातांत्रिक कदमों के खिलाफ सड़क पर उतरकर संघर्ष करना चाहते हैं। आने वाले दिनों में हमारे देश के मजदूर वर्ग को देश की उत्पीड़ित जनता के साथ मिलकर इस प्रकार के आंदोलन में वर्ग सचेतन नेतृत्व प्रदान करने में समक्ष होना है।

हाल ही में जापान में आए सुनामी तथा वहां के फुकुशिमा नाभिकीय संयत्र की त्रासदी ने भी मजदूर वर्ग के एक और महत्वपूर्ण कार्यभार की ओर इशारा किया है। इसने शिद्दत से यह दर्शाया है कि पर्यावरण के संरक्षण के लिए आंदोलन भी एक महत्वपूर्ण कार्यभार है और इसमें उत्पीड़ित जनता को वर्ग सचेतन मजदूर वर्ग ही नेतृत्व प्रदान कर सकता है। साम्राज्यवाद अपने संकट को दूर करने की चाहत में इस दुनिया से ''मुनाफा'' की अंतिम बूंद को भी निचोड़ लेना चाहता है। दुनिया की जनता इसे कभी स्वीकार नहीं करेगी। लेकिन यह आंदोलन कभी भी सफल नहीं होगा, बशर्ते इसका नेतृत्व वर्ग सचेतन मजदूर, वर्ग करे तथा इसका लक्ष्य सच्चे जनवाद तथा समाजवाद की स्थापना हो।

इस मई दिवस के अवसर पर क्रांतिकारी ट्रेड यूनियनों को चाहिए कि वे तमाम गैर प्रजातांत्रिक कदमों - महंगाई, भ्रष्टाचार, पर्यावरण के क्षरण, भूमि हथियाने आदि के खिलाफ उत्पीड़ित जनता के संघर्ष के साथ एकजुट हों। यह सुनिश्चित करें कि ये आंदोलन सच्चे जनवाद तथा समाजवाद स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़े। क्रांतिकारी ट्रेड यूनियनों को इन कार्यभारों को पूरा करने में मजदूर वर्ग को सक्षम बनाना है।

-तुहिन देब (देशबंधु डॉट को डॉट इन से साभार)

बुधवार, 24 अगस्त 2011

साम्राज्यवादी वैश्वीकरण और मेहनतकश वर्ग के सामने चुनौतिया


    वैश्वीकरण पूँजी की स्वाभाविक गति है। सामंतवाद की स्थानीय, प्राकृतिक और पिछड़ी अर्थव्यवस्था से भिन्न, पूँजीवादी अर्थव्यवस्था का चरित्रा वैश्विक होता है। अपने तैयार माल के लिए बाजार और कच्चे माल की तलाश में पूँजीवाद ने दुनिया का कोना-कोना छान मारा। यूरोप द्वारा नयी दुनिया की खोज और उपनिवेशों की स्थापना इसी प्रक्रिया का परिणाम था।
     लेकिन वैश्वीकरण के मार्ग में कई बाधाएँ थी। इसमें सबसे बड़ा अवरोध उपनिवेशवाद था क्योंकि उपनिवेशों के मालिक अपने विजित इलाके में दूसरे पूँजीवादी देशों को कारोबार की इजाजत नहीं देते थे। पूँजीवाद के साम्राज्यवादी दौर में प्रवेश के बाद पूँजी निवेश और बाजार के संकट को हल करने के लिए उपनिवेशों के बँटवारे और पुनर्बटवारे के लिए साम्राज्यवादी समूहों के बीच युद्ध शुरू हुआ जिसकी परिणति दो विश्व युद्धों में मानवता की भीषण तबाही में हुई। विश्वयुद्धों के दौरान ही समाजवादी क्रान्तियों और राष्ट्रीय मुक्ति संघर्षों का दौर भी शुरू हुआ। दूसरे विश्व युद्ध की समाप्ति तक आधी दुनिया में समाजवादी व्यवस्थाएँ कायम हो चुकी थीं और तीसरी दुनिया के अधिकांश देश आजाद हो गये थे। बाकी बचे उपनिवेशों में भी राष्ट्रीय मुक्ति के लिए संघर्ष जारी रहा। समाजवादी देश और तीसरी दुनिया के नवस्वाधीन देश साम्राज्यवाद के खिलाफ एक दूसरे के स्वाभविक मित्रा थे। सामाजवादी खेमे ने राष्ट्रीय मुक्ति संघर्षों का भरपूर समर्थन और सहयोग किया। दोनों ने ही पूँजी के अश्वमेघ के घोड़े को आगे बढ ने से रोका, समाजवादी देशों की तरह तीसरी दुनिया के नवस्वाधीन देशों में साम्राज्यवाद से पूरी तरह सम्बन्ध-विच्छेद तो नहीं किया लेकिन आत्मनिर्भर विकास और साम्राज्यवादी पूँजी के दबाव से यथासम्भव बचने की रणनीति जरूर अपनायी।
     आगे चलकर 1956 में सोवियत संघ और 1976 में चीन में समाजवाद के पराभव और पूँजीवाद की वापसी के बाद समाजवादी खेमा बिखराव का शिकार हो गया। समाजवाद से मिलने वाले सहयोग और समर्थन के अभाव में राष्ट्रीय मुक्ति की धारा को भारी झटका लगा। इस तरह इन दोनों धाराओं की कमजोरी ने साम्रज्यवाद को बल प्रदान किया।
    राष्ट्रीय मुक्ति की अन्तर्वस्तु पूँजीवादी होती है। साम्राज्यवादी दौर में पूँजीवाद के प्रतिक्रियावादी हो जाने के चलते तीसरी दुनिया के नवस्वाधीन देशों के शासकों का चरित्रा पूँजीवाद के यौवन काल जैसा क्रान्तिकारी नहीं था। चूँकि विश्व शक्तिसंतुलन साम्राज्यवाद के खिलाफ था और समाजवाद उन्हें भरपूर समर्थन देने के लिए साथ खड़ा था, इसलिए उन्होंने साम्राज्यवाद के हमलों से बचते हुए अपनी-अपनी अर्थव्यवस्थाओं का विकास किया। बदली हुई परिस्थतियों में पिछडी उत्पादक शक्तियों और ढाँचागत संकट के शिकार तीसरी दुनिया के इन पूँजीवादी शासकों के सामने साम्राज्यवाद के साथ गठजोड  करने के अलावा और कोई रास्ता नहीं था। समाजवाद का परित्याग करने वाले देशों की राजकीय पूँजीवादी अर्थव्यवस्थाएँ भी संकटग्रस्त होती गयीं और पूँजी के तर्क से संचालित होने वाले इन देशों के शासक वर्ग भी साम्राज्यवादी विश्व-व्यवस्था का अंग बनने को बाध्य हो गये। यह स्वाभाविक ही था, क्योंकि साम्राज्यवादी वैश्वीकरण का विकल्प केवल समाजवाद ही हो सकता है जिससे वे पहले ही किनारा कर चुके हैं।
     इस तरह 1990 तक विश्व शक्ति संतुलन में बदलाव ने अमरीकी चौधराहट वाले एक ध्रुवीय विश्व-व्यवस्था को बढ़ावा दिया। लम्बे समय से मंदी के चिंरतन संकट से जूझ रहे साम्राज्यवादी देशों को पूँजी संचय और निवेश के लिए एक बहुत बड़ा इलाका हाथ लग गया। सूचना तकनीक में अभूतपूर्व विकास सेटेलाइट, कम्प्यूटर और दूरसंचार की खोज ने एक देश से दूसरे देश में पूँजी की आवाजाही को बेहद आसान बना दिया। इसी मोड  पर अमरीका के नेतृत्व में साम्राज्यवादी समूह ने अपनी पूँजी के वैश्वीकरण की मुहिम शुरू की।
     इतिहास के इस मोड़ पर साम्राज्यवाद खुद ही पूँजी के वैश्वीकरण में बाधक है। वह चिरस्थायी ढाँचागत संकट का शिकार है और तीसरी दुनिया के देशों पर अपने संकट का बोझ डालता जा रहा है। वैश्वीकरण के जरिये वह तीसरी दुनिया का समग्र विकास करने नहीं आ रहा है बल्कि उसके स्वाभाविक विकास को बाधित कर रहा है। साम्राज्यवाद के साथ इन देशों का सम्बन्ध बराबरी का नहीं बल्कि वर्चस्व और मातहती का सम्बन्ध है। साम्राज्यवाद मुक्त व्यापार का नहीं बल्कि एकाधिकार का समर्थक है। दुनिया के विभिन्न देशों में पूँजीवादी विकास और उत्पादक शक्तियों के स्तर में बहुत ज्यादा अन्तर है। साम्राज्यवादी वैश्वीकरण इस भेदभाव और विषमता को खत्म करने के बजाय बढ़ाता ही जा रहा है।
     प्रश्न यह है कि क्या वैश्वीकरण के इस दौर में साम्राज्यवाद के साथ संशय कायम करके तीसरी दुनिया का कोई देश अमरीका और यूरोप के बराबर पहुँच सकता है।
     यह सही है कि इन देशों की विकास दर ज्यादा है तथा बाजार, सस्ता श्रम और प्राकृतिक संसाधन के मामले में अनुकूल माहौल है। लेकिन साम्राज्यवाद के साथ इन देशों का रिश्ता सम्पूर्ण और अंश का रिश्ता है। जब सम्पूर्ण संकटग्रस्त हो तो उसके ऊपर निर्भर अंश उसके अधीन रहते हुए उसकी बीमारियों से बच नहीं सकता। सम्पूर्ण से खुद को काट कर भी अंश कोई नयी रचना नहीं कर सकता। साम्राज्यवादी आज अपने निकृष्ट स्वार्थों के अनुरूप नीतियाँ बना और लागू करवा रहे हैं। वे ययाति की तरह अपने बुढ़ापे की इन सन्तानों से अपने लिए यौवन माँग रहे हैं। इसी का नतीजा है कि तीसरी दुनिया का संकट हल होने के बजाय और भी भयावह रूप धारण कर रहा है।
     तीसरी दुनिया में विकास की भरपूर सम्भावनाएँ हैं लेकिन इसकी बुनियादी शर्त है कि साम्राज्यवादी मुक्त हस्त से अपनी तकनीक तीसरी दुनिया को हस्तगत करें, श्रम की मुक्त आवाजाही पर उसी तरह रोक हटाएँ जैसे पूँजी के मामले में किया है। वे अपने उद्योगों को संरक्षण और सरकारी सहायता देना बन्द करें तथा पर्यावरण और धरती को बचाने की जिम्मेदारी अपने ऊपर लें। क्या वे ऐसा करेंगे? अगर नहीं, तो पूँजीवादी दौड़ में 200-300 वर्ष तक हाशिये पर पड़े तीसरी दुनिया के देश भला उसके मुकाबले में टिक पायेंगे?
     तीसरी दुनिया के देशों को वर्तमान स्तर पर साम्राज्यवादी देशों की बराबरी करना इसलिए भी असम्भव है कि उनके उपभोग के स्तर तक पहुँचने के लिए इस धरती पर पर्याप्त संसाधन नहीं हैं। कुछ साल पहले अकेले टोकियो शहर पूरे चीन के बराबर बिजली की खपत करता था। अमरीकी जीवन शैली को भारत की पूरी जनता के लिए औसत प्रतिव्यक्ति सुलभ बनाना हो तो हमारी धरती जैसे पाँच ग्रहों के संसाधन भी कम पड़ेंगे। इसलिए महाशक्ति बनने और विकसित देशों के बराबर पहुँचने जैसी बातें करना हास्यास्पद है। पूँजीवाद का यह विकृत, रुग्ण और वहशी उपभोक्तावादी स्वरूप हमारा आर्दश नहीं हो सकता। न्याय और समता पर आधारित समाज, प्रकृति और इन्सान के बीच सामंजस्यपूर्ण सम्बन्धों पर ही आधारित हो सकता है, जहाँ सीमित मात्रा में उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों का समुचित बंटवारा हो, जहाँ समाज की चालक शक्ति पाशविक भोगवाद, चरम स्वार्थ और बाजार की सनक नहीं, बल्कि सम्पूर्ण मानव जाति का हित हो।
     इतिहास ने वैश्वीकरण के इस विनाशकारी तांडव को रोकने का दायित्व मेहनतकश वर्गों के कंधों पर सौंपा है जो श्रम के दर्शन और उसकी गरिमा तथा न्याय और समानता की ठोस जमीन पर खड़ा होकर साम्राज्यवाद का सही विकल्प प्रस्तुत कर सकते हैं। साम्राज्यवाद के साथ साँठ-गाँठ करने वाले रुग्ण और पुंसत्वहीन पूँजीवाद से हम इसकी आशा नहीं कर सकते। अपने स्रोत-संसाधनों और व्यापक जनता के परिश्रम के बल पर ही नये समाज के निर्माण का सपना देखना और उसे सच्चाई में बदलना सम्भव है। उत्पादक शक्तियों के विकास ने इसकी वस्तुगत परिस्थिति तैयार कर दी हैं।
     दूसरे की कमाई पर पलने वाले परजीवी वर्गों ने आज पूरी मानवता को संकट के कगार पर ला खड़ा किया है। पूरी धरती और मानवजाति की तबाही की कीमत पर अपना वैभव-विलास कायम रखने के लिए वे दिन-रात साजिशें रच रहे हैं। अपने सांस्कृतिक माध्यमों के जरिये वे पूरी दुनिया में दिन-रात उपभोक्तावाद, यथास्थितिवाद, चरम व्यक्तिवाद और खुदगर्जी का प्रचार कर रहे हैं। जनता की पहलकदमी और एकता को तोड़ने के लिए वे लगातार सांस्कृतिक प्रदूषण फैला रहे हैं। फिर भी दुनियाभर के मेहनतकश इन साजिशों को नाकाम करते हुए एक नये समाज के निर्माण के लिए लगातार प्रयासरत हैं। दुनिया के कोने-कोने से नये तरह के संगठन और आन्दोलन उठ खड़े हो रहे हैं। हमें भी अपना प्रयास तेज करना है। मरणासन्न साम्राज्यवाद अपनी ताकत पर नहीं बल्कि दुनिया की जनता की निष्क्रियता और हताशा के चलते जिन्दा है। इस धरती पर उसका बना रहना विश्व जनगण के लिए असह्‌य पीढ ा-व्यथा का कारण बना हुआ है। अपनी चेतना और  संगठन को बढ़ाकर ही जल्दी से जल्दी उसका अंत करना सम्भव होगा।