लैटिन अमरीका लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
लैटिन अमरीका लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 8 मार्च 2013

ह्यूगो शावेज के साथ मुलाकातें

(वर्षों पहले अमरीका के मार्क्सवादी विचारक ऐलन वुड्स शावेज से मिलने वेनेजुएला गए। लौटकर उन्होंने अपने इस अनुभव को एक लेख का विषय बनाया। कई मामलों में हम ऐलन वुड्स की  बातों से असहमत हो सकते हैं लेकिन यह लेख अब ऐतिहासिक दस्तावेज बन चुका  है जिससे न केवल शावेज के करिश्माई व्यक्तित्व का पता चलता है बल्कि वेनेजुएला के समाज की भी एक झलक मिलाती है। इस शानदार लेख का अनुवाद यहाँ दिया जा रहा है।)
-ऐलन वुड्स (लन्दन, 29 अप्रैल, 2004)
जैसा कि मार्क्सिस्ट डॉट कॉम के पाठक पहले से ही जानते होंगे, मैं पिछले सप्ताह वेनेजुएला की क्रान्ति के समर्थन में आयोजित द्वितीय अन्तरराष्ट्रीय सम्मेलन में शरीक होने के लिए काराकास गया था। यह सम्मेलन अप्रैल, 2002 में किये गये प्रतिक्रान्ति के प्रयासों को विफल किये जाने की दूसरी जयन्ती पर आयोजित किया गया था। व्यस्तता भरे इस एक सप्ताह के दौरान मैंने कई सभाओं को सम्बोधित किया जिनमें मुख्य रूप से बोलिवेरियाई आन्दोलन के कार्यकर्ताओं और वेनेजुएला की क्रान्ति के समर्थकों, मजदूरों और गरीब जनता के बीच मैंने मार्क्सवाद का पक्ष प्रस्तुत किया। मैं 12 अप्रैल की विशाल रैली में शामिल हुआ, जहाँ मुझे लोगों की उस क्रान्तिकारी सरगर्मी को देखने का प्रत्यक्ष मौका मिला जो जनता को प्रेरणा देती है और जिसने प्रतिक्रान्ति को उसी जगह रोक देने में उन्हें समर्थ बनाया था।
मुझे बोल्वेरियाई गणतन्त्र के राष्ट्रपति ह्यूगो शावेज से मिलने और बात करने का अवसर भी मिला। एक लेखक और मार्क्सवादी इतिहासकार होने के नाते मैं इतिहास बनाने वाले पुरुषों और स्त्रियों के बारे में तो लिखता ही रहता हूँ लेकिन ऐतिहासिक प्रक्रिया के किसी नायक को इतने करीब से देखने, उससे सवाल पूछने और केवल अखबारी रिर्पोटों के आधार पर ही नहीं बल्कि व्यक्तिगत अनुभव के आधार पर उसके बारे में एक राय बनाने का मौका रोज-रोज नहीं मिलता।
मैं अपने विषय पर बात शुरू करने के पहले कुछ बातें स्पष्ट करना चाहूँगा। मैं वेनेजुएला की क्रान्ति को एक बाहरी दर्शक की नजर से नहीं देखता और एक चाटुकार के नजरिये से तो कतई नहीं। मैं उसे एक क्रान्तिकारी की नजर से देखता हूँ। चाटुकारिता क्रान्ति की दुश्मन है। क्रान्तियों के लिए सर्वोपरि जरूरत है सच्चाई को जानना। ‘‘क्रान्तिकारी पर्यटन’’ की परिघटना से मुझे सख्त घृणा है खास करके वेनेजुएला के मामले में इसके लिए कोई गुंजाइश नहीं है क्योंकि यहाँ क्रान्ति खतरों से घिरी हुई है। जो लोग ऐसे मूर्खतापूर्ण भाषण देते रहते हैं जिनमें बोलिवेरियाई क्रान्ति के चमत्कारों पर तो बराबर जोर दिया जाता है लेकिन उसके सामने आज भी मौजूद खतरों के सुविधाजनक ढंग से नजरन्दाज कर दिया जाता है, वे क्रान्ति के असली दोस्त नहीं हैं उन पर कोई भरोसा नहीं किया जा सकता।
किसी भी सफल क्रान्ति के कई; तथाकथित ‘दोस्त’ होते हैं । शहद की ओर जैसे मक्खियाँ आकर्षित होती हैं वैसे ही सत्ता के प्रति आकर्षित होने वाले वे मध्यवर्गीय तत्व, जो तब तक क्रान्ति का गुणगान करने के लिए तैयार रहते हैं जब तक वह सत्तासीन है लेकिन उसे दुश्मनों से बचाने के लिए कोई उपयोगी काम नहीं करते, जो उसका तख्ता पलट होने पर चन्द घड़ियाली आँसू बहाते हैं लेकिन दूसरे ही दिन से जिन्दगी के अगले कार्यक्रम को लागू करने में मगन हो जाते हैं। ऐसे ‘दोस्त’ दो टके के होते हैं। असली दोस्त वह नहीं है जो आपको हमेशा यह बताता रहे कि आप सही हैं असली दोस्त वह है जो आपसे सीधे नजर मिलाकर यह कहने में नहीं डरता कि आप गलत हैं।
वेनेजुएला की क्रान्ति के सबसे अच्छे दोस्त बल्कि एकमात्र वास्तविक दोस्त हैं दुनिया का मजदूर वर्ग और उसके सबसे सचेत प्रतिनिधि यानि मार्क्सवादी क्रान्तिकारी। यही वे लोग हैं जो वेनेजुएला की क्रान्ति को उसके दुश्मनों से बचाने के लिए जमीन-आसमान एक कर देंगे। लेकिन साथ-साथ क्रान्ति के ये सच्चे दोस्त, उसके ईमानदार और वफादार दोस्त, अपने मन की बात हमेशा निडर होकर कहेंगे। जहाँ हमें लगेगा कि सही रास्ता अपनाया जा रहा है, वहाँ हम प्रशंसा करेंगे और जहाँ  हमें लगेगा कि गलतियाँ की जा रही हैं, वहाँ हम दोस्ताना मगर दृढ़ता से आलोचना रखेंगे। सच्चे क्रान्तिकारियों और अन्तरराष्ट्रवादियों से आखिर इससे भिन्न किस प्रकार के व्यवहार की उम्मीद की जानी चाहिए?
वेनेजुएला में मेरे हर भाषण के दौरान, जिसमें टी.वी. पर दिये गये साक्षात्कार भी शामिल हैं, मुझसे बार-बार यह पूछा गया कि वेनेजुएला की क्रान्ति के बारे में मेरी क्या राय है? मेरा जवाब इस प्रकार था ‘‘ आपकी क्रान्ति दुनिया के मजदूरों के लिए प्रेरणा का स्रोत है, आपने चमत्कारिक उपलब्धियाँ हासिल की हैं, हालाँकि इस क्रान्ति की संचालक शक्ति मजदूर वर्ग और जनसाधारण हैं और उसकी भावी सफलता का राज भी यही है फिर भी अभी यह क्रान्ति पूर्णता तक नहीं पहुँची है और पहुँच भी नहीं सकती, जब तक कि बैंकरों और पूँजीपतियों की आर्थिक सत्ता को पूरी तरह से नष्ट नहीं किया जाता, यह करने के लिए जनता को हथियारों से लैस करना होगा और हर स्तर पर उसे संगठित करने के लिए एक्शन कमेटियाँ गठित करनी होंगी। मजदूरों के अपने स्वतन्त्र संगठन होने चाहिए और हमें मार्क्सवादी क्रान्तिकारी प्रवृत्ति का निर्माण करना चाहिए।’’

लोकतन्त्र और सत्ताधारी वर्गः

गुरुवार, 7 मार्च 2013

लैटिन अमरीका के महान क्रांतिकारी नेता ह्यूगो शावेज हमारे दिलों में जिन्दा रहेंगे।

ह्युगो शावेज की शहादत लातिन अमरिकी मुक्ति आन्दोलन में एक दुखद घटना है। दुनिया की जनता को उनकी कमी लगातार खलती रहेगी। शावेज वैश्वीकरण और नव-उदारवादी नीति के प्रबल विरोधी थे। वे वेनेजुएला के ऐसे राष्ट्र-प्रमुख थे, जो समाजवादी विचारधारा और लातिन जन-संघर्ष के महान उसूलों से जनता की सेवा करते थे। वे वर्तमान में दुनिया की मेहनतकश जनता के सबसे पसंदीदा नेता थे। अपनी इन्हीं खूबियों की वजह से वे साम्राज्यवादी अमरिका और दुनिया भर में उसके लगुये-भगुओं के आंख की किरकिरी थे। अमरिका कई बार तख्थापलट और उनकी ह्त्या की नाकाम कोशिश कर चुका था। अब अमरिकी हुकूमत चैन और राहत की सांस लेने की सोच रहा होगा। लेकिन दुनिया की जनता उन्हें चैन की साँस लेने नहीं देगी।
       शावेज प्रगतिशील साहित्य पढने के शौक़ीन थे और अपनी जनता से जीवंत संपर्क में रहते थे। वे एक जनप्रिय और क्रांतिकारी नेता थे। उन्होने आज की विषम परिस्थिति में समाजवादी नीतियों को काफी हद तक अपने देश में लागू किया। उन्होंने वेनेजुएला को आज ऐसे मुकाम पर पहुँच दिया कि वहां के निर्धन लोग अब मुफ्त शिक्षा, स्वास्थ्य और दूसरी बुनियादी सुविधाओं तक आसानी से पहुँच सकते है। उन्होंने वेनेजुएला को सैन्य और आर्थिक मामलों में भी आत्मनिर्भर बनाया। उन्होंने लातिन अमरीकी देशों में आपसी सहयोग बढ़ने के लिए एल्बा संगठन बनाने की पहल की। जिसमें क्यूबा, इक्वाडोर और बोलीबिया शामिल है। मैक्सिको और कई कैरीबियाई देश इसमें शामिल होने के इच्छुक हैं जबकि वियतनाम पर्यवेक्षक के रूप में जुड़ने के लिए राजी है। भविष्य में यह संस्था स्थानीय सहयोग के जरिये साम्राज्यवाद के लिए चुनौती बनाकर उभर सकती है। 
         वेनेजुएला की जनता आज अपने महान नेता शावेज के जाने के शोक में डूबी है। यह न केवल वेनेजुएला के लिए बल्कि पूरी दुनिया के लिए अपूरणीय क्षति है। देश की संपदा को लूटने के लिए देशी और विदेशी धन्ना सेठों, कारोबारियों और पूंजीपतियों ने शावेज के आंदोलन को कुचलने की भरसक कोशिश की। लेकिन वे कुछ हासिल न कर सके। क्योंकि वहां की जनता शावेज को प्यार करती है। उनके न रहने पर क्रांतिविरोधी ताकतें फिर षड़यंत्र रचना शुरू करेंगी। वे किस हद तक अपने मंसूबों में कामयाब होंगी, यह इस बात पर निर्भर करता है कि नया नेतृत्व जनता को किस दिशा में ले जायेगा। लेकिन वेनेजुएला की जनता अपने महान नेता के सपनों को पूरा करने के लिए आगे आयेगी।