वैश्वीकरण लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
वैश्वीकरण लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शनिवार, 13 अप्रैल 2013

बर्बरों का इन्तजार


कवि सी.पी. कवाफी की एक कविता का शीर्षक है- बर्बरों का इन्तजार।

कविता रोम के आर्थिक-राजनीतिक-सामाजिक-सांस्कृतिक- सामरिक-सम्पूर्ण पतन के काल से सम्बन्धित है। कुलीन रोमनों के पास रोम को आगे ले जाने के लिए कोई कार्यसूची नहीं थी। उन्हें कोई रास्ता नहीं सूझ रहा था। वे किंकर्त्तव्य विमूढ़ थे कि क्या करें? भोग-विलासिता, अकर्मण्यता, सब कुछ अपनी सीमा पार कर चुके थे। ऐसे ही एक समय का चित्रण करती है यह कविता।
कवि कवाफी लिखता है कि इस संकट के समाधान के लिए रोम के कुलीनतन्त्र के राजनीतिक रहनुमा यूरोप से बर्बरों के आने की मनोकामना कर रहे थे। रोम नगर की बाहरी प्राचीर के मुख्य द्वार पर उनका इन्तजार किया जा रहा था। जब काफी इन्तजार के बाद भी बर्बर नहीं आये तो उनके हाथ-पाँव पफूलने लगे कि अब क्या होगा, वे (बर्बर) नहीं आये।
जब कोई सामाजिक व्यवस्था अपनी ऊर्जा खो चुकी होती है, मृतप्राय हो जाती है और उसे आगे जाने का कोई रास्ता नहीं सूझता तो वह बर्बरों  का इन्तजार करती है।

बर्बर आये
नीचे लिखी कहानी में बर्बर आये और समस्या का समाधान हो गया।
इस कहानी में एक देश के शासक वर्ग और राजनीतिक रहनुमा एक ऐसे मुकाम पर पहुँच जाते हैं कि उन्हें आगे जाने का कोई और रास्ता नहीं सूझता, उनके पास कोई कार्यसूची नहीं रह जाती।
अपने हाथ में सत्ता की बागडोर लेने और समाज का नेतृत्व करने के 38 सालों के भीतर उनके पास कोई कार्यसूची नहीं रह गयी, उनकी समाज-व्यवस्था आर्थिक-राजनीतिक-सामाजिक-शैक्षणिक-सांस्कृतिक- सामरिक पतनशीलता के गर्त तक पहुँच गयी, वे कुछ भी कर पाने में असमर्थ हो गए और अपने ऊपर उन्हें बिल्कुल भी भरोसा नहीं रह गया।
हालत यहाँ तक बिगड़ चुकी थी कि वे अपने लिए और अपने लोगों के लिए पीने के पानी का भी प्रबन्ध नहीं कर सकते थे, और तो क्या करते। तब वे बर्बरों का इन्तजार करने लगे।
5 साल की प्रतीक्षा के बाद बर्बर आये और उनकी सारी समस्याओं का समाधान करने लगे। वे खुद समस्या के समाधान में उनके सहयोगी और चाकर की भूमिका निभाने लगे।
इस कहानी का खुलासा
15 अगस्त 1947 को भारत के शासक वर्गों और उनकी राजनीतिक पार्टियों ने दूसरे वर्गों को पीछे ढकेलकर राजसत्ता पर अपना नियन्त्रण कायम किया और उस समय की अन्तरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय परिस्थितियों (भारत की विशिष्ट परिस्थितियाँ) के मुताबिक भारत में पूँजीवादी विकास का रास्ता चुना जिसे नेहरू के समाजवाद के नाम से जाना जाता है। यह समाजवाद और कुछ नहीं था, उस समय की परिस्थिति के अनुरूप पूँजीवादी विकास का ही एक रास्ता था।
देश के मुकम्मिल पूँजीवादी विकास के लिए दो महत्वपूर्ण शर्तें थीं। प्रथम, एक सम्पूर्ण और मुकम्मिल भूमि-सुधार। दूसरी, जनता का लोकतन्त्र। हालाँकि ये दोनों एक-दूसरे के पूरक थे और एक के बगैर दूसरा सम्भव नहीं था लेकिन मुकम्मिल भूमि-सुधार जनता के लोकतन्त्र के लिए पहली शर्त थी। जनता का लोकतन्त्र उसके बाद ही स्थापित हो सकता था।
इससे जो क्रान्तिकारी ऊर्जा निकलती वह भारतीय समाज के हजारों साल के अस्वस्थकर, अप्रीतिकर और प्रतिगामी दर्शन व जीवन मूल्यों को जलाकर खाक कर देती। तब एक नये लोकतन्त्र का उदय होता। लेकिन भारतीय शासक वर्ग ने ऐसा नहीं किया। ऐसा करने की इनकी मंशा भी नहीं थी।
संविधान सभा के निर्माण से यह जाना जा सकता है। राजा-महाराजाओं, पूँजीपतियों तथा उनके उच्च पदस्थ बुद्धिजीवियों और नौकरशाहों को लेकर जो संविधान सभा बनायी गयी। उसमें जनता की कोई भागीदारी नहीं थी। वह लोकतन्त्र की वाहक नहीं हो सकती थी।
भूमि-सुधार का काम भी विरोधी वर्गों से समझौता और समर्पण करते हुए आधा-अधूरा ही किया गया। ब्रिटेन के पूँजीवादी लोकतन्त्र की संस्थाओं को बिना कलम किये ही यहाँ रोप दिया गया। ब्रिटेन में ये संस्थाएँ क्रान्तिकारी काल में एक खास दौर की आवश्यकता से पैदा हुई थीं और उनकी एक सकारात्मक भूमिका भी रही थी। लेकिन 20वीं सदी के प्रारम्भ में ही वहाँ इन संस्थाओं की अप्रासंगिकता सिद्ध हो चुकी थी।
हमारे देश में ये अस्वस्थ और रुग्ण संस्थाएँ लोकतन्त्र की वाहक नहीं बल्कि उसमें बाधक बन गयीं। भारत के आर्थिक और सामाजिक ढाँचे पर जिन भी संस्थाओं का निर्माण हुआ, चाहे वे कृषि में सुधार के लिए कायम की गयी नाना प्रकार की सहकारी संस्थाएँ (को-आपरेटिव) हों, राजनीतिक संस्थाएँ हों, विश्वविद्यालय और तकनीकी शिक्षा संस्थान हों, सांस्कृतिक संस्थाएँ हों या मूलाधार और अधिरचना की कोई अन्य संस्था- वे सभी स्वस्थ और मुकम्मिल पूँजीवादी विकास और लोकतन्त्र में बाधाएँ बनी रहीं।
ये संस्थाएँ थोड़े से लोगों-शासक वर्गों और उनके सामाजिक आधारों के निहित स्वार्थों की वाहक बन गयीं जो कुल आबादी में बमुश्किल 10-15% थे। जो भी विकास हुआ, वह 25-30% लोगों तक सिमटकर रह गया, उन्हीं को इसका फायदा मिला।
इस व्यवस्था में संकट के लक्षण 1952 से ही दिखाई देने लगे थे। 1958-59 आते-आते शासक वर्गों की योजनाओं की असफलता सामने आने लगी। ’60 के दशक के मध्य तक आर्थिक-राजनीतिक-सांस्कृतिक-सामरिक सभी क्षेत्रों में चौतरफा संकट शुरू हो गया।
पुराने रास्ते पर चलते हुए इस संकट का समाधान नहीं हो सकता था। इसके लिए क्रान्तिकारी समाधान की जरूरत थी जो वे कर नहीं सकते थे।
भारत का यह शासक वर्ग और उसकी राजनीतिक पार्टियाँ क्रान्ति की कोख से नहीं पैदा हुए थे। वे अपने जन्म से ही कायर, रुग्ण, मानसिक विकलांगता के शिकार और क्षुद्र स्वार्थों से ग्रस्त थे। उन्होंने बेरहमी से जनता को लूटा-पाटा और रोम के कुलीनों की तरह भोग और विलासितापूर्ण जीवन बिताने लगे।
लेकिन 1985 तक आते-आते उनका विकास अवरुद्ध हो गया, उन्हें आगे जाने का कोई रास्ता नहीं सूझा, वे किंकर्त्तव्य विमूढ़ हो गए, उनका आत्मविश्वास जाता रहा और हाथ-पाँव पफूल गये- तब इसके समाधान के लिए बर्बरों  को बुलाना ही इन्हें एकमात्र रास्ता लगा।

और बर्बर आये
दो शब्द इन बर्बरों  के बारे में।
भारत की जनता के लिए आज के इन बर्बरों  को जानना मुश्किल नहीं है क्योंकि यहाँ के लोग उनके पुरखों को अच्छी तरह जानते हैं।
अपने पुरखों की तुलना में बर्बर ज्यादा क्रूर, ज्यादा धूर्त, झूठ-छल और प्रपंच में ज्यादा होशियार और हर घृणित कार्रवाई में उनको मात देने वाले हैं।
इनके झण्डे पर लिखा हैः
‘‘सब कुछ लाभ के लिए, सब कुछ पूँजी की वृद्धि के लिए,
सब कुछ बाजार के लिए और सब कुछ बाजारमय।’’
इनका कोई धर्म नहीं, कोई ईमान नहीं, अपना कोई विवेक नहीं।
अपनी पूँजी बढ़ाने और मुनाफा कमाने के लिए क्रूरतम और जघन्यतम अपराधों को अन्जाम देने से भी वे कभी नहीं हिचकते। पिछले 400 सालों का तीसरी दुनिया के देशों का इतिहास इनके नृशंसतापूर्ण अपराधों के खून के छींटों से भरा पड़ा है।
इनमें से एक अपराधी वारेन एण्डरसन को हिन्दुस्तान अभी भूला नहीं है। भोपाल के आस-पास आज भी लोगों की चीख और आहें सुनायी देती हैं। उस अपराधी को भारत सरकार ने अपने विशेष विमान से दिल्ली बुलाकर अमरीका भेजा था। अमरीका से लेकर भारत तक समूची न्याय प्रणाली और प्रशासन ने उसकी मदद की थी।
इन साम्राज्यवादी बर्बरों को आये अभी थोड़े ही दिन हुए हैं कि नोएडा, ओखला, गुड़गाँव, कलिंग नगर और ऐसी बहुत सारी जगहों पर लोगों पर लाठी-गोलियाँ बरसायी जाने लगी हैं ताकि बर्बरों का मुनाफा बढ़ाया जा सके, उनकी पूँजी में वृद्धि की जा सके और उनके उच्छिष्ट भोजन से यहाँ के शासक वर्ग और उसके राजनीतिक रहनुमाओं का पेट भर सके।
वाशिंगटन, टोकियो, बोन, बर्लिन, लन्दन, पेरिस... सभी जगहों से आने वाले बर्बरों का एक ही उद्देश्य है- ज्यादा से ज्यादा मुनाफा कमाओ, ज्यादा से ज्यादा लूटो, अपनी पूँजी बढ़ाओ। सबके झण्डे पर एक ही नारा है। हालाँकि कौन कितना लूटे इसको लेकर इनमें झगड़े जरूर हैं।
भारत का शासक वर्ग और उसकी राजनीतिक पार्टियाँ जनता को समझाती हैं- ये हमारे लिए सड़कें बनायेंगे, कारें बनायेंगे, कपड़ा-जूता-छाता, सब कुछ बनायेंगे, अच्छी पैकिंग में सुस्वादु और स्वास्थ्यकर खाना खिलायेंगे, हमें अच्छी दवाएँ देंगे, स्वच्छ हवा और साफ पानी पिलायेंगे।
अलग-अलग रंगों वाले राजनीतिक रहनुमा भारतीय जनता को यह समझाने में लगे हैं कि हम सड़कें नहीं बना सकते, कारखानों में उत्पादन नहीं कर सकते, यहाँ तक कि हम अपने पीने के लिए साफ पानी का भी इन्तजाम नहीं कर सकते। हम कुछ भी नहीं कर सकते। सब कुछ बर्बर ही करेंगे।
हमारे प्रधानमन्त्री ने ब्रिटेन में पी.एच.डी. की मानद उपाधि ग्रहण करते समय भाषण में कहा कि ब्रिटिश उपनिवेशवादियों ने हमें अच्छा शासन करना सिखाया, हम तो कुछ भी नहीं जानते थे। इसलिए ये कृतज्ञ राजनीतिक पार्टियाँ उनकी लूट, मुनापफे और पूँजी की वृद्धि को अबाध जारी रखने के लिए उनके सिखाये गये तरीके से भारतीय जनता पर शासन करेंगी।
शासक वर्गों की राजनीतिक पार्टियों के छोटे-बड़े नेता, उनके अखबार, इलेक्ट्रानिक प्रचार माध्यम, उनके समूचे कार्यक्रम बर्बरों की प्रशंसा में गीत गाते रहते हैं, लोरी सुनाते रहते हैं ताकि भारतीय जनता उनको चुपचाप स्वीकार कर ले।
उनका कहना है कि ये बर्बर जितना भारतीय जनता का शोषण करेंगे, जितना ज्यादा हमें लूटेंगे, उतना ही देश तरक्की करेगा। हमें सिर झुकाकर उनकी गुलामी स्वीकार कर लेनी चाहिए, उन्हें लूटने देना चाहिए और ऐसा कोई भी काम नहीं करना चाहिए जिससे वे यहाँ से जाने के बारे में सोचें, वरना हम क्या करेंगे?
तरह-तरह के सि(ान्तों की रचना की जा रही है, नयी मनु-स्मृत्तियाँ गढ़ी जा रही हैं, सोने और चाँदी के वर्क लगाकर उन्हें जनता के सामने परोसा जा रहा है। लेकिन जीवन उतना सीधा और सपाट नहीं होता, जीवन की गति बहुत ही विचित्र और विडम्बनापूर्ण होती है।
विख्यात जर्मन कवि गेटे के प्रसिद्ध काव्य नाटक फाउस्ट में एक चरित्र मेफिस्टोफिलिस कहता हैः
‘‘मेरे मित्र सिद्धान्त भूरा और बदरंग होता है जबकि सदाबहार है जीवन का चिरन्तन वृक्ष।’’
भारत के लोगों को उपनिवेशवाद का 300 सालों का त्रासद अनुभव है, 1990 से 2006 तक नये आर्थिक उपनिवेशवाद का 15 सालों का अनुभव भी उनके पास है।
असली या नकली कोई भी सिद्धान्त अगर जीवन के यथार्थ से टकराते हैं तो जिन्दगी उन्हें कूड़ेदान में डाल देती है।
भारत की जनता भी यही करेगी।

-
देश-विदेश-१ 

शुक्रवार, 21 सितंबर 2012

खुदरा व्यापार में एफडीआई का विरोध करें

साथियो,
देशभर के किराना दुकान, फड़, खोखा, ठेला, खोमचा, हाट और फेरी वालों के विरोध को दरकिनार करते हुए सरकार ने अंततः प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) के जरिये खुदरा क्षेत्र को विदेशी पूँजी के हवाले कर दिया। एक ब्राण्ड की खुदरा दुकानों के क्षेत्र में 51 प्रतिशत विदेशी पूँजी निवेश को बढ़ाकर 100 प्रतिशत कर दिया और एक ही छत के नीचे कई ब्राण्ड के सामानों की दुकान (मल्टी ब्राण्ड) के क्षेत्र में 51 प्रतिशत पूँजी निवेश की इजाजत दे दी है। सरकार का दावा है कि खुदरा क्षेत्र में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश को मंजूरी देने से देश में खुशहाली आयेगी, महँगाई कम होगी और प्रत्यक्ष उत्पादकों यानी किसान-मजदूर तथा मेहनतकश जनता को उसके उत्पाद का वाजिब दाम मिलेगा। नये रोजगारों का सृजन होगा जिससे बेरोजगारी की समस्या पर लगाम लगेगी।

देश की आम जनता को भरमाने के लिए सरकार चाहे कितने भी दावे कर ले लेकिन इस बात से कोई इन्कार नहीं कर सकता कि विदेशी पूँजी किसी सदासयता के लिए नहीं बल्कि अपना मुनाफा बढ़ाने के लिए यहाँ आ रही है। मेहनतकश जनता के खून से सनी पूँजी का यही इतिहास भी रहा है। देशी-विदेशी पूँजीपतियों की भूख शान्त करने के लिए देश की तमाम सार्वजनिक सम्पत्ति और यहाँ तक कि प्राकृतिक सम्पदा को भी परोसने के बाद अब सरकार ने उन्हें देश के खुदरा क्षेत्र को निगलने का निमंत्रण दिया है। खुदरा क्षेत्र में कारोबार करने के लिए लालायित विदेशी कम्पनियों का इतिहास देशों को बर्बाद करने का रहा है। ‘बेण्टोविले का दानव’ के नाम से कुख्यात अमरीकी कम्पनी वालमार्ट खुदरा बाजार को तबाह करने के जुर्म में कई अमरीकी शहरों में प्रतिबन्धित है।

सरकार के दावों से इतर वालमार्ट और ऐसी ही तमाम अन्य कम्पनियों की गिद्ध दृष्टि 22,40,000 करोड़ रुपये के भारतीय खुदरा बाजार पर है। इनके आने से 1.2 करोड़ ठेले-खोमचे वाले, छोटे दुकानदार और किराना व्यापारी और इस पर आश्रित 4.4 करोड़ लोग अपने पेशे से उजाड़ दिये जायेंगे।

इतने विस्तृत बाजार और रोजगार क्षेत्र को दाँव पर रखकर सरकार ने वालमार्ट को 53 स्टोर खोलने की मंजूरी दी है। सरकारी आँकड़ों के हिसाब से 15 देशों में स्थित वालमार्ट के 8500 स्टोर में महज 20.2 लाख लोगों को ही रोजगार मिलता है। यानी उसके प्रत्येक स्टोर से 247 लोग रोजगार पाते हैं। इस हिसाब से देश में खुलने वाले 53 स्टोर 13,100 लोगों को ही रोजगार दे सकते हैं। बहुराष्ट्रीय कम्पनियों को मुनाफा पहुँचाने के लिए खुदरा क्षेत्र में लगी 4.4 करोड़ आबादी को बेरोजगार करके, उनकी जिन्दगी को तबाह करना कहाँ तक न्यायोचित है?

वालमार्ट की एक और खासियत है कि वह अपने सामानों की कीमत कम रखने के लिये आपूर्ति करने वालों से सस्ती दर पर सामान खरीदती है जिसकी भरपाई वे अपने मजदूरों का खून निचोड़ कर करते हैं। जबकि वालमार्ट भी अपने कर्मचारियों से कम मजदूरी और खराब सेवा शर्तों पर अधिक से अधिक काम लेने के लिये बदनाम है। अक्टूबर 2006 में इसके फ्लोरिडा शाखा के कर्मचारियों ने बगावत कर दी थी क्योंकि कम्पनी उन्हें 24 घण्टे शिफ्ट में काम करने को मजबूर करती थी। इन्हीं हरकतों के चलते न्यूयार्क और लॉस ऐंजिल्स के स्थानीय लोगों ने लगातार विरोध करके वहाँ इसकी कोई शाखा खुलने नहीं दी। इण्डोनेशिया में वालमार्ट के द्वारा उजाड़े गये दुकानदारों ने उसके मेगामार्ट पर हमला करके कम्पनी को वहाँ से खदेड़ दिया। कैलीफोर्निया विश्वविद्यालय में हुए एक शोध के अनुसार वालमार्ट जहाँ भी जाती है वहाँ खुदरा व्यापार में रोजगार के अवसर कम हो जाते हैं और मजदूरों की आय में गिरावट आती है।

देश में पहले से ही मौजूद रिलायन्स, विशाल मेगामार्ट, सुभीक्षा, बिग बाजार, त्रिनेत्र, सुपर रिटेल जैसी बड़ी कम्पनियाँ अपनी पूँजी के बल पर एक ओर जहाँ किसानों को उनके उत्पाद का कम दाम देकर लूट रही हैं। तो दूसरी ओर बिजली, पानी, बीज और खाद पर मिलने वाली सब्सिडी खत्म होने के चलते कर्ज के जाल में फँसकर लाखों किसान आत्महत्या करने को मजबूर हुए हैं।

सामानों की बिक्री में तरह-तरह की छूट के जरिये शुरू में ये कम्पनियाँ ग्राहकों को लुभाती हैं और छोटे दुकानदारों को उजाड़कर बाजार पर कब्जा जमा लेती हैं। इसके बल-बूते आगे चलकर मन चाहे दामों पर अपना माल बेचकर उपभोक्ताओं से अकूत मुनाफा वसूलती हैं। इन स्वदेशी कम्पनियों ने जब खुदरा बाजार पर कब्जा करके इतनी बड़ी तबाही मचायी है तो वालमार्ट जैसी दैत्याकार विदेशी कम्पनियों के आने पर हमारे किसानों, छोटे दुकानदारों और उपभोक्ताओं की तबाही का अनुमान लगाना मुश्किल नहीं है।

इसके बावजूद हमारे प्रधानमंत्री का कहना है कि इन बड़े खुदरा व्यापारियों के आने से कृषि क्षेत्र में उछाल आयेगा। जबकि हकीकत इसके ठीक उलट है और यहाँ तक कि खुद अमरीकी किसानों को भी इन बड़े कारोबारियों से कोई सहायता नहीं मिली है। सरकारी सहायता के दम पर ही वहाँ खेती-किसानी को बचाया जा रहा है। 2008 के एक कानून में अमरीकी सरकार ने अगले पाँच सालों के लिए अपने कृषि क्षेत्र में 16,855 अरब रुपये की सहायता दी है। अमरीका तो अपने किसानों को बचाने के लिए सरकारी सहायता दे रहा है लेकिन हमारे किसानों को दी जाने वाली सब्सिडी खत्म कराने के लिए हमारे देश पर दबाव बना रहा है। देश की 65 प्रतिशत आबादी खेती पर निर्भर है लेकिन बजट का केवल 2 प्रतिशत ही खेती पर खर्च किया जाता है और धीरे-धीरे इसे और भी कम किया जा रहा है।

पेट्रोलियम कम्पनियों को फायदा पहुँचाने के लिए सरकार आये दिन डीजल और पेट्रोल का दाम बढ़ा देती है, जिससे सभी सामानों के दाम तेजी से बढ़ जाते हैं। इतना ही नहीं अपनी जनविरोधी नीतियों के तहत वह शिक्षा को निजी हाथों में सौंपकर नौजवानों को शिक्षा से वंचित रखने की साजिश रचती है। तमिलनाडु राज्य के कुडानकुलम में नाभिकीय संयंत्र लगाये जाने का विरोध करने वाली अपनी ही जनता का बर्बर दमन कर रही है। पर्यावरण विनाश की कीमत पर पास्को और वेदान्ता जैसी बदनाम कम्पनियों को कौड़ी के मोल देश की खनिज सम्पदा बेचती जा रही है। पहाड़ और जंगल से उजड़े आदिवासियों के विरोध का बेरहमी से दमन कर रही है।

भले ही आज अंग्रेजों का झंडा यूनियन जैक कहीं लहराता नजर नहीं आता लेकिन आज हमारे जल, जंगल, जमीन देशी-विदेशी थैलीशाहों के कब्जे में हैं। जनता की गाढ़ी कमाई से खड़े किये गये सार्वजनिक क्षेत्र को कौड़ियों के मोल बेचा जा रहा है। इस तरह देशी-विदेशी पूँजी से गठजोड़ करके हमारी सरकार आज देश पर एक नयी गुलामी थोप रही है।

देश को अंग्रेजों की गुलामी से आजाद कराने के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदे-आजम भगत सिंह ने कहा था- ‘‘भारत साम्राज्यवाद के जुए के नीचे पिस रहा है। इसमें करोड़ों लोग आज अज्ञानता और गरीबी के शिकार हो रहे हैं। भारत की बहुत बड़ी जनसंख्या जो मजदूरों और किसानों की है, उनको विदेशी दबाव एवं आर्थिक लूट ने पस्त कर दिया है। भारत के मेहनतकश वर्ग की हालत आज बहुत गम्भीर है। उसके सामने दोहरा खतरा है- विदेशी पूँजीवाद का एक तरफ से और भारतीय पूँजीवाद के धोखे भरे हमले का दूसरी तरफ से खतरा है। भारतीय पूँजीवाद विदेशी पूँजीवाद के साथ हर रोज बहुत से गठजोड़ कर रहा है।“

शहीदे-आजम भगत सिंह ने 82 साल पहले जो बातें कहीं थी वह आज की परिस्थितियों पर हूबहू लागू होती हैं। आज हम देशी पूँजीवाद के धोखे भरे हमले को साफ देख सकते हैं। साम्राज्यवाद और उसके सरगना अमरीका के आगे नतमस्तक होकर हमारे शासक वर्ग देश को बेच खाने का घिनौना षडयंत्र रच रहे हैं। अगर हम अब भी नहीं जागे तो देश नयी गुलामी की जंजीरों में जकड़ जायेगा। भगत सिंह ने कहा था कि ‘‘क्या हमें यह महसूस कराने के लिए कि हम गुलाम हैं और हमें आजाद होना चाहिए, किसी दैवी ज्ञान या आकाशवाणी की आवश्यकता है?“

हम तमाम आजादी पसंद नौजवानों का आह्नान करते हैं कि देश को नयी गुलामी की बेड़ियों से आजाद कराने के लिए आगे आयें। हम उन सभी लोगों का खुला आह्नान करते हैं जिनके दिल अभी जिन्दा हैं और जिन्हें गुलामी की जिन्दगी पसंद नहीं।

आइये ! हम शहीदे आजम भगत सिंह के जन्म दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हों और उनके क्रान्तिकारी विचारों की रोशनी में आजादी का झण्डा बुलंद करें।

इंकलाब जिन्दाबाद!!

सोमवार, 18 जून 2012

आर्थिक महाशक्ति बनाम भूख और गरीबी

हमारे देश के शासक वर्ग, उनके समर्थक अर्थशास्त्री और मीडिया अक्सर यह दावा करते हैं कि भारत 2020 तक आर्थिक महाशक्ति बन जायेगा। इसके लिए वे ऊँची आर्थिक विकास दर, भारी-भरकम विदेशी मुद्रा भण्डार और बढ़ते विदेशी निवेश का बखान करते हैं।
    जनता को आर्थिक महाशक्ति की अफीम पिलानेवाले इन कड़वी सच्चाइयों से मुँह चुराते हैं कि देश की लगभग 84 करोड़ जनता 20 रुपये रोज पर गुजारा करती है, पिछले 10 वर्षों में डेढ़ लाख से ज्यादा किसानों ने आत्महत्या की है। हर साल 5 लाख लोग टी.बी. से मर जाते हैं और 46 फीसदी बच्चे कुपोषण के शिकार हैं। जिस देश की 80 फीसदी जतना भूख, बीमारी और कंगाली के नरक में पड़ी हो, उसे महाशक्ति बनाने की बात करने का भला क्या मतलब है? महाशक्ति बनने की यह खुशफहमी उस साजिशाना और शातिराना रिपोर्ट पर आधारित है जिसे सी.आई.ए. की थिंक टैंक राष्ट्रीय गुप्तचर परिषद् ने गढ़ा है। ‘दुनिया के भविष्य की योजना’ नामक इस रिपोर्ट के अनुसार 2020 तक भारत और चीन एक बड़ी वैश्विक ताकत के रूप में उभरेंगे। वे दुनिया के सामने चुनौती पेश करेंगे और अमरीका को भी उनकी चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। इसी रिपोर्ट के आधार पर भारतीय मीडिया जनता में सुखबोध जगाने, उन्हें झूठे सपने दिखाने और जन-मानस की सोच को प्रभावित करने का प्रयास कर रहा है। वास्तव में ऐसी रिपोर्टों का मकसद असली मुद्दों से जनता का ध्यान हटाना और उसमें भ्रम फैलाना होता है। लेकिन इनका मकसद इससे कहीं ज्यादा होता है। अमरीका ऐसी बातों को क्यों हवा देता है?

बुधवार, 24 अगस्त 2011

साम्राज्यवादी वैश्वीकरण और मेहनतकश वर्ग के सामने चुनौतिया


    वैश्वीकरण पूँजी की स्वाभाविक गति है। सामंतवाद की स्थानीय, प्राकृतिक और पिछड़ी अर्थव्यवस्था से भिन्न, पूँजीवादी अर्थव्यवस्था का चरित्रा वैश्विक होता है। अपने तैयार माल के लिए बाजार और कच्चे माल की तलाश में पूँजीवाद ने दुनिया का कोना-कोना छान मारा। यूरोप द्वारा नयी दुनिया की खोज और उपनिवेशों की स्थापना इसी प्रक्रिया का परिणाम था।
     लेकिन वैश्वीकरण के मार्ग में कई बाधाएँ थी। इसमें सबसे बड़ा अवरोध उपनिवेशवाद था क्योंकि उपनिवेशों के मालिक अपने विजित इलाके में दूसरे पूँजीवादी देशों को कारोबार की इजाजत नहीं देते थे। पूँजीवाद के साम्राज्यवादी दौर में प्रवेश के बाद पूँजी निवेश और बाजार के संकट को हल करने के लिए उपनिवेशों के बँटवारे और पुनर्बटवारे के लिए साम्राज्यवादी समूहों के बीच युद्ध शुरू हुआ जिसकी परिणति दो विश्व युद्धों में मानवता की भीषण तबाही में हुई। विश्वयुद्धों के दौरान ही समाजवादी क्रान्तियों और राष्ट्रीय मुक्ति संघर्षों का दौर भी शुरू हुआ। दूसरे विश्व युद्ध की समाप्ति तक आधी दुनिया में समाजवादी व्यवस्थाएँ कायम हो चुकी थीं और तीसरी दुनिया के अधिकांश देश आजाद हो गये थे। बाकी बचे उपनिवेशों में भी राष्ट्रीय मुक्ति के लिए संघर्ष जारी रहा। समाजवादी देश और तीसरी दुनिया के नवस्वाधीन देश साम्राज्यवाद के खिलाफ एक दूसरे के स्वाभविक मित्रा थे। सामाजवादी खेमे ने राष्ट्रीय मुक्ति संघर्षों का भरपूर समर्थन और सहयोग किया। दोनों ने ही पूँजी के अश्वमेघ के घोड़े को आगे बढ ने से रोका, समाजवादी देशों की तरह तीसरी दुनिया के नवस्वाधीन देशों में साम्राज्यवाद से पूरी तरह सम्बन्ध-विच्छेद तो नहीं किया लेकिन आत्मनिर्भर विकास और साम्राज्यवादी पूँजी के दबाव से यथासम्भव बचने की रणनीति जरूर अपनायी।
     आगे चलकर 1956 में सोवियत संघ और 1976 में चीन में समाजवाद के पराभव और पूँजीवाद की वापसी के बाद समाजवादी खेमा बिखराव का शिकार हो गया। समाजवाद से मिलने वाले सहयोग और समर्थन के अभाव में राष्ट्रीय मुक्ति की धारा को भारी झटका लगा। इस तरह इन दोनों धाराओं की कमजोरी ने साम्रज्यवाद को बल प्रदान किया।
    राष्ट्रीय मुक्ति की अन्तर्वस्तु पूँजीवादी होती है। साम्राज्यवादी दौर में पूँजीवाद के प्रतिक्रियावादी हो जाने के चलते तीसरी दुनिया के नवस्वाधीन देशों के शासकों का चरित्रा पूँजीवाद के यौवन काल जैसा क्रान्तिकारी नहीं था। चूँकि विश्व शक्तिसंतुलन साम्राज्यवाद के खिलाफ था और समाजवाद उन्हें भरपूर समर्थन देने के लिए साथ खड़ा था, इसलिए उन्होंने साम्राज्यवाद के हमलों से बचते हुए अपनी-अपनी अर्थव्यवस्थाओं का विकास किया। बदली हुई परिस्थतियों में पिछडी उत्पादक शक्तियों और ढाँचागत संकट के शिकार तीसरी दुनिया के इन पूँजीवादी शासकों के सामने साम्राज्यवाद के साथ गठजोड  करने के अलावा और कोई रास्ता नहीं था। समाजवाद का परित्याग करने वाले देशों की राजकीय पूँजीवादी अर्थव्यवस्थाएँ भी संकटग्रस्त होती गयीं और पूँजी के तर्क से संचालित होने वाले इन देशों के शासक वर्ग भी साम्राज्यवादी विश्व-व्यवस्था का अंग बनने को बाध्य हो गये। यह स्वाभाविक ही था, क्योंकि साम्राज्यवादी वैश्वीकरण का विकल्प केवल समाजवाद ही हो सकता है जिससे वे पहले ही किनारा कर चुके हैं।
     इस तरह 1990 तक विश्व शक्ति संतुलन में बदलाव ने अमरीकी चौधराहट वाले एक ध्रुवीय विश्व-व्यवस्था को बढ़ावा दिया। लम्बे समय से मंदी के चिंरतन संकट से जूझ रहे साम्राज्यवादी देशों को पूँजी संचय और निवेश के लिए एक बहुत बड़ा इलाका हाथ लग गया। सूचना तकनीक में अभूतपूर्व विकास सेटेलाइट, कम्प्यूटर और दूरसंचार की खोज ने एक देश से दूसरे देश में पूँजी की आवाजाही को बेहद आसान बना दिया। इसी मोड  पर अमरीका के नेतृत्व में साम्राज्यवादी समूह ने अपनी पूँजी के वैश्वीकरण की मुहिम शुरू की।
     इतिहास के इस मोड़ पर साम्राज्यवाद खुद ही पूँजी के वैश्वीकरण में बाधक है। वह चिरस्थायी ढाँचागत संकट का शिकार है और तीसरी दुनिया के देशों पर अपने संकट का बोझ डालता जा रहा है। वैश्वीकरण के जरिये वह तीसरी दुनिया का समग्र विकास करने नहीं आ रहा है बल्कि उसके स्वाभाविक विकास को बाधित कर रहा है। साम्राज्यवाद के साथ इन देशों का सम्बन्ध बराबरी का नहीं बल्कि वर्चस्व और मातहती का सम्बन्ध है। साम्राज्यवाद मुक्त व्यापार का नहीं बल्कि एकाधिकार का समर्थक है। दुनिया के विभिन्न देशों में पूँजीवादी विकास और उत्पादक शक्तियों के स्तर में बहुत ज्यादा अन्तर है। साम्राज्यवादी वैश्वीकरण इस भेदभाव और विषमता को खत्म करने के बजाय बढ़ाता ही जा रहा है।
     प्रश्न यह है कि क्या वैश्वीकरण के इस दौर में साम्राज्यवाद के साथ संशय कायम करके तीसरी दुनिया का कोई देश अमरीका और यूरोप के बराबर पहुँच सकता है।
     यह सही है कि इन देशों की विकास दर ज्यादा है तथा बाजार, सस्ता श्रम और प्राकृतिक संसाधन के मामले में अनुकूल माहौल है। लेकिन साम्राज्यवाद के साथ इन देशों का रिश्ता सम्पूर्ण और अंश का रिश्ता है। जब सम्पूर्ण संकटग्रस्त हो तो उसके ऊपर निर्भर अंश उसके अधीन रहते हुए उसकी बीमारियों से बच नहीं सकता। सम्पूर्ण से खुद को काट कर भी अंश कोई नयी रचना नहीं कर सकता। साम्राज्यवादी आज अपने निकृष्ट स्वार्थों के अनुरूप नीतियाँ बना और लागू करवा रहे हैं। वे ययाति की तरह अपने बुढ़ापे की इन सन्तानों से अपने लिए यौवन माँग रहे हैं। इसी का नतीजा है कि तीसरी दुनिया का संकट हल होने के बजाय और भी भयावह रूप धारण कर रहा है।
     तीसरी दुनिया में विकास की भरपूर सम्भावनाएँ हैं लेकिन इसकी बुनियादी शर्त है कि साम्राज्यवादी मुक्त हस्त से अपनी तकनीक तीसरी दुनिया को हस्तगत करें, श्रम की मुक्त आवाजाही पर उसी तरह रोक हटाएँ जैसे पूँजी के मामले में किया है। वे अपने उद्योगों को संरक्षण और सरकारी सहायता देना बन्द करें तथा पर्यावरण और धरती को बचाने की जिम्मेदारी अपने ऊपर लें। क्या वे ऐसा करेंगे? अगर नहीं, तो पूँजीवादी दौड़ में 200-300 वर्ष तक हाशिये पर पड़े तीसरी दुनिया के देश भला उसके मुकाबले में टिक पायेंगे?
     तीसरी दुनिया के देशों को वर्तमान स्तर पर साम्राज्यवादी देशों की बराबरी करना इसलिए भी असम्भव है कि उनके उपभोग के स्तर तक पहुँचने के लिए इस धरती पर पर्याप्त संसाधन नहीं हैं। कुछ साल पहले अकेले टोकियो शहर पूरे चीन के बराबर बिजली की खपत करता था। अमरीकी जीवन शैली को भारत की पूरी जनता के लिए औसत प्रतिव्यक्ति सुलभ बनाना हो तो हमारी धरती जैसे पाँच ग्रहों के संसाधन भी कम पड़ेंगे। इसलिए महाशक्ति बनने और विकसित देशों के बराबर पहुँचने जैसी बातें करना हास्यास्पद है। पूँजीवाद का यह विकृत, रुग्ण और वहशी उपभोक्तावादी स्वरूप हमारा आर्दश नहीं हो सकता। न्याय और समता पर आधारित समाज, प्रकृति और इन्सान के बीच सामंजस्यपूर्ण सम्बन्धों पर ही आधारित हो सकता है, जहाँ सीमित मात्रा में उपलब्ध प्राकृतिक संसाधनों का समुचित बंटवारा हो, जहाँ समाज की चालक शक्ति पाशविक भोगवाद, चरम स्वार्थ और बाजार की सनक नहीं, बल्कि सम्पूर्ण मानव जाति का हित हो।
     इतिहास ने वैश्वीकरण के इस विनाशकारी तांडव को रोकने का दायित्व मेहनतकश वर्गों के कंधों पर सौंपा है जो श्रम के दर्शन और उसकी गरिमा तथा न्याय और समानता की ठोस जमीन पर खड़ा होकर साम्राज्यवाद का सही विकल्प प्रस्तुत कर सकते हैं। साम्राज्यवाद के साथ साँठ-गाँठ करने वाले रुग्ण और पुंसत्वहीन पूँजीवाद से हम इसकी आशा नहीं कर सकते। अपने स्रोत-संसाधनों और व्यापक जनता के परिश्रम के बल पर ही नये समाज के निर्माण का सपना देखना और उसे सच्चाई में बदलना सम्भव है। उत्पादक शक्तियों के विकास ने इसकी वस्तुगत परिस्थिति तैयार कर दी हैं।
     दूसरे की कमाई पर पलने वाले परजीवी वर्गों ने आज पूरी मानवता को संकट के कगार पर ला खड़ा किया है। पूरी धरती और मानवजाति की तबाही की कीमत पर अपना वैभव-विलास कायम रखने के लिए वे दिन-रात साजिशें रच रहे हैं। अपने सांस्कृतिक माध्यमों के जरिये वे पूरी दुनिया में दिन-रात उपभोक्तावाद, यथास्थितिवाद, चरम व्यक्तिवाद और खुदगर्जी का प्रचार कर रहे हैं। जनता की पहलकदमी और एकता को तोड़ने के लिए वे लगातार सांस्कृतिक प्रदूषण फैला रहे हैं। फिर भी दुनियाभर के मेहनतकश इन साजिशों को नाकाम करते हुए एक नये समाज के निर्माण के लिए लगातार प्रयासरत हैं। दुनिया के कोने-कोने से नये तरह के संगठन और आन्दोलन उठ खड़े हो रहे हैं। हमें भी अपना प्रयास तेज करना है। मरणासन्न साम्राज्यवाद अपनी ताकत पर नहीं बल्कि दुनिया की जनता की निष्क्रियता और हताशा के चलते जिन्दा है। इस धरती पर उसका बना रहना विश्व जनगण के लिए असह्‌य पीढ ा-व्यथा का कारण बना हुआ है। अपनी चेतना और  संगठन को बढ़ाकर ही जल्दी से जल्दी उसका अंत करना सम्भव होगा।