साम्राज्यवाद लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
साम्राज्यवाद लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 29 अप्रैल 2013

अमरीकी साम्राज्यवाद के मन्सूबे और इराक युद्ध


(इराक और अफगानिस्तान की जनता ने अमरीका को अपनी जमीन से खदेड़ दिया। दुनिया में अब वह अपना मुंह दिखने के लायक नहीं रह गया है। सालों पहले अमरीका ने आतंकवाद के खात्मे और लोकतंत्र का पाठ पढ़ाने के बहाने इराक और अफगानिस्तान पर बर्बरता पूर्ण हमला किया था। ताकि वहां की खनिज संपदा और तेल को लूट सके। लाखों मासूम बच्चों के स्कूलों के ऊपर बम गिराकर उन्हें मार दिया गया, इराकी जनता के साथ मानवता को शर्मशार कर देने वाली क्रूरता बरती गयी। अमरीका के अनैतिक और जघन्य कारनामों का गवाह अबू गारीब जेल है। नीचे का लेख अमरीकी षड़यंत्रों का पर्दाफाश करने के लिए देश विदेश-१ में छपा था। जब तक अमरीकी साम्राज्यवाद के जुए के नीचे दुनिया की जनता कराहती रहेगी तब तक यह लेख हमें रौशनी दिखता रहेगा।)

अमरीकी आधिपत्य के खिलाफ लड़ रहे इराक के प्रतिरोध-योद्धाओं और वहाँ की जनता ने विश्वविजय के उसके चक्रवर्ती घोड़े की लगाम पकड़ ली, उसको चारों खाने चित करके चारों टांगों को चार खूँटों से बाँध दिया और कहा- ‘‘बस इतना ही, इससे आगे नहीं।’’

अमरीकी साम्राज्यवाद ने जब इराक पर आधिपत्य जमाने के लिए आक्रमण किया तो उसके कई मन्सूबे थे। पहला, इराक के ऊर्जा-स्रोतों पर एकाधिकार कायम करना। दूसरा, इराक को स्प्रिंग बोर्ड बनाकर भूमध्यसागर के दोनों ओर के तथा मध्य एशिया के ऊर्जा भण्डारों पर एकाधिकार कायम करना। उसका तीसरा मन्सूबा था, अपनी आधुनिकतम उन्नत तकनीक और सामरिक शक्ति-जैविक हथियारों, क्षेत्रीय पैमाने पर इस्तेमाल होने वाले छोटे नाभिकीय हथियारों, अत्याधुनिक इलेक्ट्रानिक सामरिक हथियारों से लदे विमानवाही पोतों (एयर क्राफ्रट कैरियर) और पनडुब्बियों का नग्न प्रदर्शन और इस्तेमाल करके पूरी दुनिया पर आतंक का राज्य कायम करना, जिसमें साम्राज्यवादी समूह के भीतर उसके विरोधी-फ़्रांस, जर्मनी और रूस तथा इच्छुक सहयोगी-ब्रिटेन, इटली इत्यादि भी आते हैं।

अमरीका के ये साम्राज्यवादी मन्सूबे अब इराकी रेगिस्तानों में दफ्न हो चुके हैं। सभी तथ्य इस बात के स्पष्ट संकेत दे रहे हैं कि अमरीका इराक युद्ध हार चुका है और वहाँ से भागने का कोई ‘‘सम्मानजनक’’ तरीका खोज रहा है।

1971 में हो ची मिन्ह के नेतृत्व में वियतनाम की जनता ने अमरीकी साम्राज्यवाद को उसकी हैसियत दिखा दी थी, अमरीकी साम्राज्यवाद और उसके सामाजिक आधार को गहरी कुण्ठा से भर दिया था जिसे दुनिया वियतनाम ग्रन्थि (वियतनाम सिण्ड्रोम) के नाम से जानती है। डॉलर और सोने का सम्बन्ध समाप्त कर दिया गया, अमरीकी अर्थव्यवस्था चरमरा गयी और आतंकित अमरीका को रूसी साम्राज्यवाद से निपटने के लिए चीन से गँठजोड़ बनाने की आवश्यकता पड़ी।

अमरीकी थैलीशाहों को इससे सबक लेना चाहिए था और अपने विश्वविजय के मन्सूबों पर लगाम लगानी चाहिए थी। लेकिन यह कहावत बिलकुल सही है कि सभी प्रतिक्रियावादी एक ही जैसे होते हैं- वे पत्थर उठाकर अपने हाथ-पाँव तोड़ लेते हैं और ऐसा तब तक करते रहते हैं जब तक उनकी मौत न हो जाए।

अमरीकी साम्राज्यवादी, अपराधी बुश-गिरोह ने इराक युद्ध में छोटे और क्षेत्रीय पैमाने पर इस्तेमाल होने वाले नाभिकीय हथियारों को छोड़कर सभी आधुनिकतम इलेक्ट्रानिक हथियारों का इस्तेमाल किया है। अपने जन्म से लेकर आज तक अमरीकी साम्राज्यवाद वियतनाम, इण्डोनेशिया और लातिन अमरीका के अनेक देशों में अपनी क्रूरता और बर्बरता को दोहराता रहा है। इराक युद्ध के दौरान अमरीका द्वारा किये गये नरसंहार ने माइलाई और हिरोशिमा जैसे नरसंहारों को भी पीछे छोड़ दिया। इस युद्ध में भी वह लगभग 1,854 अरब डॉलर’ झोंक चुका है जो भारत के सकल घरेलू उत्पाद का कई गुना है। वियतनाम में जहाँ हजारों की संख्या में सैनिक मारे गये, दसियों हजार विकलांग हो गये और हजारों की संख्या में मानसिक रोगों के शिकार हुए वहीं इराक के लाखों लोग-जिनमें औरतें, बच्चे, बूढ़े और बीमार भी शामिल हैं, अमरीकी सेना द्वारा किये गये नरसंहार के शिकार हुए हैं। जब भी सम्भव होगा विश्व की जनता बुश-गिरोह के युद्ध अपराधियों को न्यायालय में घसीट लायेगी और उन्हें सजा देगी।

इराक युद्ध की अमरीकी योजना और आक्रमण का विरोध साम्राज्यवादी समूह के भीतर प्रारम्भ से ही होने लगा था। रूस, फ़्रांस, जर्मनी सहित बहुत से देश इसके विरोध में रहे और अन्त तक उसके साथ शामिल नहीं हुए। यह एक सर्वविदित सच्चाई है कि डाकू गिरोह की एकता लूट के माल के बँटवारे को लेकर हमेशा भंग होती रही है। तीसरी दुनिया के बहुलांश देश भी इसके विरोध में रहे। अरब देशों में बहुतों ने मुखर और कुछ ने मौन विरोध किया। अमरीकी जनता ने युद्ध के विरोध में विशाल प्रदर्शन किये। विश्व भर की जनता ने युद्ध का विरोध किया।

बुश-गिरोह और उसके वफादार ताबेदार ब्लेयर ने इस युद्ध के दौरान छल-प्रपंच और झूठ के आधुनिक विश्व के सारे रिकार्ड तोड़ डाले, पूँजीवादी लोकतन्त्र के रहे-सहे स्वस्थ तत्वों को भी दफ्न कर दिया और इन्होंने अपने को ग्रैबियल गार्सिया मार्क्वेज के उपन्यास ‘‘एकान्त के सौ वर्ष’’ की अन्तिम पीढ़ी के सुअर की दुम वाले गन्दे जुड़वा बच्चे साबित किया।

इराक में अमरीका की शर्मनाक पराजय सबसे पहले तो इराक की जनता की जीत है। साथ ही, यह अमरीका की जनता और विश्व की सभी मेहनतकश जनता की जीत है।

दो शब्द भारत सरकार के बारे में।

वाजपेयी-आडवाणी की सरकार ने अमरीका के सामने बार-बार घुटने टेके और इराक में सैनिक भेजने की उसकी फरमाइश पूरी करने के मन्सूबे बनाये। लेकिन भारतीय जनता के प्रबल बहुमत के सामने वे ऐसा नहीं कर सके।

सोनिया-मनमोहन सरकार ने भी सैनिक भेजने का कई बार मन बनाया लेकिन जनता के प्रबल विरोध के भय से वे ऐसा नहीं कर सके।

भारत के शासक वर्गों की अमरीकापरस्ती अगर इसी तरह बढ़ती रही तो कोई आश्चर्य की बात नहीं होगी कि अपने क्षुद्र वर्गीय और तात्कालिक स्वार्थों की पूर्ति तथा अमरीकी साम्राज्यवाद के विश्व को अपने प्रभुत्व में लाने के मन्सूबों को पूरा करने के लिए वे भारतीय सिपाहियों को भेजें। और इसतरह हम उपनिवेशवाद के दौर से जारी उस गुलामी की प्रथा को आज भी ढोते रहेंगे जिसमें भारतीय सिपाही ब्रिटिश साम्राज्यवाद के हित में तोप का चारा बनने दुनिया के विभिन्न हिस्सों में जाया करते थे और भारत कलंकित हुआ करता था। लेकिन भारत की जनता का प्रबल विरोध ऐसा नहीं होने देगा। भारतीय शासक वर्ग के क्षेत्रीय चौधरी बनने और अमरीका के विश्व का चौधरी बनने के मन्सूबे कभी पूरे नहीं हो सकेंगे।

यह सच है कि सद्दाम हुसैन शियाओं और कुर्दों का हत्यारा और दमनकारी था लेकिन उससे भी बड़ा सच यह है कि सी.आई.ए. ने इराक के कम्युनिस्टों, समाजवादियों और प्रगतिशील लोगों की हत्या करवाने के लिए सद्दाम को खड़ा किया था। और यह भी सच है कि सद्दाम लम्बे समय तक अमरीकापरस्ती करता रहा। और यह भी सच है कि ईरान के साथ 10 सालों तक चला युद्ध अमरीका की शह पर सद्दाम द्वारा चलाया गया। इस सद्दाम से अमरीकियों को कोई शिकायत नहीं थी। उनकी शिकायत उस सद्दाम से बनी जिसने उनके प्रति पूर्णतः वफादार कुवैत पर आक्रमण कर दिया और जो तेल का व्यापार डॉलर के बजाय यूरो, येन और युआन में करने के बारे में सोचने लगा।

यहाँ हम अमरीका के एक पूर्व विदेशमन्त्री जेम्स बेकर और भारत के पूर्व प्रधानमन्त्री इन्द्रकुमार गुजराल के बीच हुए वार्तालाप की दो पंक्तियों को उद्धृत करना चाहते हैं:
जेम्स बेकर: ‘‘यह शैतान तेल पर बैठा हुआ है और हम इसे बर्दाश्त नहीं कर सकते।’’
इन्द्रकुमार गुजराल: ‘‘भारत की खुशकिस्मती है कि हमारे पास तेल नहीं है।’’

यह बिल्कुल सच है, बल्कि सच से भी ज्यादा है कि पूँजीवादियों और साम्राज्यवादियों की नैतिकता, उनका धर्म, उनकी अन्तरात्मा, उनका विवेक, मानवाधिकार, लोकतन्त्र, आजादी, प्रगतिशीलता, इत्यादि-इत्यादि, सब कुछ उनके क्षुद्र स्वार्थों से संचालित होता है। और यह स्वार्थ है उनकी पूँजी का स्वार्थ, पूँजी की बढ़ोत्तरी और उस पर अपना आधिपत्य और एकाधिकार।

सद्दाम जो भी था, एक इराकी था। इराक की जनता-शिया, कुर्द और अन्य मेहनतकश जनता उससे संघर्ष कर रही थी। देर-सबेर वह अपने अधिकार और आजादी हासिल करती। इराक युद्ध के बाद इराकी जनता ने यह साबित कर दिया है कि वह क्रूर, खूँखार और खून से भरे मुँह और नथुने वाले साम्राज्यवादी भेड़ियों को सद्दाम की जगह किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं कर सकती। लेकिन क्या साम्राज्यवादी कभी इस बात को समझ सकेंगे।

अफगानिस्तान के तालिबान सिरफिरे, बेवकूफ, जुनूनी और पुनरुत्थानवादी थे लेकिन फिर भी अफगानी थे। उनको सत्ता में पहुँचाने का सबसे बड़ा श्रेय अमरीकी थैलीशाहों को जाता है। लादेन और उमर को भी इन्होंने ही पैदा किया है। जब वे उनकी बात अनसुनी करने लगे और इनके खिलाफ बोलने लगे तो अमरीका को उनमें सभी बुराइयाँ दिखने लगीं। तालिबान जब तक रूसी साम्राज्यवाद के खिलाफ लड़ते रहे तब तक अमरीका की नजर में वे ठीक थे। जब तक वे मध्य एशिया के ऊर्जा स्रोतों पर कब्जा जमाने में उनके शतरंज के मोहरे बने रहे, तब तक वे ठीक थे। ऐसा नहीं होते ही वे सारे दुर्गुणों से भर गये।

यही है साम्राज्यवाद-पूँजीवाद की नैतिकता। यही है उसकी प्रगतिशीलता। यही है मानवाधिकार का उसका दम्भ। यही है उसका लोकतन्त्र।

अफगानिस्तान में उसकी कठपुतली हामिद करजई, नाटो के सिपाहियों से घिरा बन्दी का जीवन बिता रहा है। विदेशी सरकारों का कोई प्रतिनिधि काबुल में रात बिताने को तैयार नहीं है। लेकिन हमारे ‘‘सूरमा’’ प्रधानमन्त्री मनमोहन सिंह वहाँ रात भर रह आये हैं। भारत और पाकिस्तान के आपसी झगड़ों ने इन्हें अन्धा कर दिया है। वे यह भी नहीं समझते कि अफगानिस्तान हमेशा अफगानियों का रहेगा, कभी भी अमरीका या उसके चमचों का नहीं हो सकता। आधी सदी भी नहीं बीती कि इतिहास का यह सच भारत के रहनुमा भूल गये हैं।

इराक में अमरीकी पराजय एक पूर्व-लिखित दस्तावेज है। यह इसके पहले वियतनाम में लिखा जा चुका था। साम्राज्यवादियों के खिलाफ संघर्ष करती एशिया, अफ्रीका और लातिन अमरीका की जनता ने इसे रोज, बार-बार लिखा है।

मानव चेतना के इस युग में उपनिवेशों का निर्माण सम्भव नहीं है। यह धारा कि देश आजादी चाहते हैं, बहुत मजबूत है लेकिन इतिहास को आगे ले जाने में इसकी भूमिका कमोबेश पूरी हो चुकी है। जनता की सही मुक्ति और उसकी समस्याओं का समाधान एक समग्र क्रान्ति में है, एक समाजवादी क्रान्ति में है और यही आज के विश्व की उदीयमान धारा है। इसकी शक्ति निरन्तर बढ़ती जायेगी।

यह सच है कि इतिहास का रास्ता बहुत सुगम नहीं होता। लेकिन इतिहास इराकी जनता के इस बहादुराना कारनामे को हमेशा दोहरायेगा और दुनिया की जनता इसे याद करेगी।

-
दिगम्बर

बुधवार, 6 मार्च 2013

ह्यूगो शावेज के लिए एक कविता



-माइकेल डी. मोरिस्से


(20 सितम्बर 2006 को शावेज ने अपना मशहूर कराकास भाषण दिया था और उसके अगले ही दिन अमरीकी कवि माइकेल डी. मोरिस्से ने उस भाषण की प्रशंसा में अंतरराष्ट्रवाद से ओतप्रोत यह कविता लिखी थी.)

तुम्हारे शब्द ढाढस बंधाते हैं क्षतिग्रस्त राष्ट्र को
तुम्हारे ही नहीं, बल्कि मेरे लंगड़ाते दिग्गज राष्ट्र को भी
जिसकी आत्मा लहूलुहान कर दी है अपने ही नेताओं ने,
उन्हीं लोगों ने जिन्हें तुम कहते हो
साम्राज्यवादी और शैतान, हत्यारे, उत्पीडक.


हमे भी पता है यह. लेकिन इसे तुम्हारे मुँह से सुनना जरूरी है
क्योंकि हम जानते हैं तुम हमारे मित्र हो.
तुम हमें भाई कहते हो, और हमें तुम पर भरोसा है.
तुम हमें याद दिलाते हो दस्तावेजी सबूत के साथ, सीआइए के अपराधों की
जिन्हें अंजाम दिया गया न सिर्फ तुम्हारे देश के खिलाफ,
बल्कि कई दूसरे देशों और खुद हमारे अपने ही देश के खिलाफ.


तुम जानते हो कि 9/11 और उसके बाद जो कुछ हुआ
उन सब के पीछे शैतान बुशको था, और तुम्हें कोई भय नही इसे बताने में.
चोमस्की नहीं जा सके इस हद तक, लेकिन डेविड ग्रिफिन गये
और सहमत हैं तुमसे शैतान के विषय में.


हमने भी यही किया. हम जनता के लोग
जो गर्क हो रहे हैं बीते युग के जर्मनी जैसे फासीवाद में,
जिन्होंने इतिहास से कोई सबक नहीं ली,
गूंगे, बहरे और अंधे हो गये 9/11 से नहीं
बल्कि टेलीविजन और न्यू यार्क टाइम्स के धमाकों से
जो वर्षों पहले शैतान के हाथों बिक चुके थे.


अब तुम आये, ह्यूगो शावेज, कहते हुए वह सब जो
टाइम्स नहीं छापेगा, लेकिन हमारे दिल धधक रहे थे कहने को
संयुक्त राष्ट्र की आम सभा से पहले ही.


धन्यवाद दे रहे हैं तुम्हें इतने तुच्छ रूप में, इस उम्मीद के साथ
कि कल ये छोटी-छोटी आवाजें गूंजेंगी समवेत सुर में
जैसे आज तुम्हारे देश में, और बोलीविया में
और एक दिन हमारे यहाँ भी होगा असली चुनाव फिर से
और हम चुनेंगे तुम्हारे जैसे लोग जो सच बोलेंगे
और वैसा ही करेंगे वे जो हम चाहते हैं
न कि जैसा वे करना चाहते है, हमें गुलाम बनाने के लिए,
हमारी जान लेने कंगाल बनाने और लूटने के लिए, और हद तो यह
कि हमें पता भी नहीं इन जुल्मों का, इस ख्याल में कि आजाद हैं हम,
“दुनिया का सबसे महान देश.”

पूरे इतिहास में क्या इससे ज्यादा घृणास्पद राजसत्ता हुई है कोई?

“और वे सोचते थे कि आजाद हैं वे!”
यही दर्ज होगा हमारी कब्र के पत्थर पर
तिरस्कर्ताओं के उप-राष्ट्रपति के हस्ताक्षर से,
अगर हम जागते नहीं, मेरे भाई, और हँसते नहीं तुम्हारी तरह
भाईचारे और न्याय की हँसी. सलाम, अमरीकियों के दोस्त, ह्यूगो.



(अनुवाद- दिगम्बर)

मंगलवार, 5 मार्च 2013

ह्यूगो शावेज की याद में संयुक्त राष्ट्र संघ में उनका भाषण



आतताई साम्राज्यवाद 
-ह्यूगो शावेज फ्रियास

(ह्यूगो शावेज की असामयिक मृत्यु ने आज दुनियाभर में न्याय और समता के सपने को साकार करने में लगे करोड़ों लोगों को शोकसंतप्त कर दिया है. उनकी याद में हम यहाँ 20 सितम्बर 2006 को काराकास में हुए संयुक्त राष्ट्र संघ के सम्मेलन में राष्ट्रपति ह्यूगो शावेज फ्रियास का संयुक्त राष्ट्र संघ और दुनिया की जनता के नाम सन्देश यहाँ प्रकाशित कर रहे हैं जो विश्व जनगण के साम्राज्यवाद विरोधी संघर्ष का एक अत्यंत महत्वपूर्ण दस्तावेज है. यह देश-विदेश पत्रिका के पाँचवें अंक में प्रकाशित हुआ था.)

अध्यक्ष महोदया, महामहिम राज्याध्यक्ष, सरकारों के प्रमुख और दुनिया की सरकारों के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिगण आप सब को शुभ दिवस!


सबसे पहले आपसे मेरा विनम्र अनुरोध है कि जिसने भी यह किताब नहीं पढ़ी है, इसे जरूर पढ़ लें । अमरीका ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के बहुत ही सम्मानित बुद्धिजीवी नोम चोम्सकी की ताजा रचना मैंने पढ़ी - ‘वर्चस्व या अस्तित्व रक्षा ? दुनिया पर प्रभुत्व कायम करने की अमरीकी कोशिश ।’ यह किताब 20वीं सदी के दौरान जो कुछ हुआ और जो आज भी हो रहा है, हमारे भूमण्डल के ऊपर जो गम्भीर खतरे मँडरा रहे हैं, अमरीकी साम्राज्यवाद के जिस वर्चस्ववादी मंसूबे ने मानव जाति के अस्तित्व को ही खतरे में डाल दिया है, उन सबको समझने में यह काफी मददगार है । डेमोक्लीज की तलवार की तरह हमारे ऊपर लटक रहे इस खतरे के प्रति हम लगातार अमरीका और पूरी दुनिया की जनता को चेतावनी दे रहे हैं और उनका आह्वान कर रहे हैं ।
 
मैं इसका एक अध्याय यहाँ पढ़ना चाहता था, लेकिन समय के अभाव में मैं केवल आपसे पढ़ने का अनुरोध भर कर रहा हूँ । यह काफी प्रवाहमय है । अध्यक्ष महोदया, यह वास्तव में बहुत अच्छी किताब है और आप जरूर इससे वाकिफ होंगी । यह अंग्रेजी, जर्मन, रशियन और अरबी में छपी है । देखिए, मेरे खयाल से संयुक्त राज्य अमरीका के हमारे भाई–बहनों को तो सबसे पहले इसे पढ़ना चाहिए क्योंकि खतरा उनके घर में है । शैतान उनके घर में है । शैतान खुद उनके घर के भीतर है ।
 
शैतान कल यहाँ भी आया था । (हँसी और तालियाँ) । कल शैतान यहीं था । ठीक इसी जगह । यह टेबुल जहाँ से मैं बोल रहा हूँ, वहाँ अभी भी सल्फर की बदबू आ रही है । कल, बहनो–भाइयो ठीक इसी सभागार में संयुक्त राज्य अमरीका का राष्ट्रपति जिसे मैं शैतान कह रहा हूँ, आया था और ऐसे बोल रहा था, जैसे वह दुनिया का मालिक हो । कल उसने जो भाषण दिया था, उसे समझने के लिए हमें किसी मनोचिकित्सक की मदद लेनी पड़ेगी ।
 साम्राज्यवाद के प्रवक्ता के रूप में वह हमें अपने मौजूदा वर्चस्व को बनाये रखने, दुनिया की जनता के शोषण और लूट की योजना का नुस्खा देने आया था । इस पर तो अल्फ्रेड हिचकॉक की एक डरावनी फिल्म तैयार हो सकती है । मैं उस फिल्म का नाम भी सुझा सकता हूँ - ‘‘शैतान का नुस्खा ।’’ मतलब अमरीकी साम्राज्यवाद, और यहाँ चोम्सकी इस बात को गहरी और पारदर्शी स्पष्टता के साथ कहते हैं कि अमरीकी साम्राज्यवाद अपनी वर्चस्ववादी प्रभुत्व की व्यवस्था को मजबूत बनाने की उन्माद भरी कोशिशें कर रहा है । हम ऐसा होने नहीं देंगे, हम उन्हें विश्वव्यापी तानाशाही लादने नहीं देंगे ।
दुनिया के इस जालिम राष्ट्रपति का भाषण मानवद्वेष से भरा हुआ था, पाखण्ड से भरा हुआ था । यही वह साम्राजी पाखण्ड है जिसके सहारे वे हर चीज पर नियन्त्रण कायम करना चाहते हैं । वे हम सबके ऊपर अपने द्वारा गढ़े  गये लोकतन्त्र के नमूने को थोपना चाहते हैं, अभिजात्यों का फर्जी लोकतन्त्र । और इतना ही नहीं, एक बहुत ही मौलिक लोकतान्त्रिक नमूना जो विस्फोटों, बमबारियों, घुसपैठों और तोप के गोलों के सहारे थोपा जा रहा है, क्या ही सुन्दर लोकतन्त्र है! हमें अरस्तु और प्राचीन यूनानियों के लोकतन्त्र के सिद्धान्तों का पुनरावलोकन करना होगा यह समझने के लिए कि यह किस प्रकार के लोकतन्त्र का नमूना है जो समुद्री बेड़ों, आक्रमणों, घुसपैठों और बमों के जरिये आरोपित किया जा रहा है ।
 
अमरीकी राष्ट्रपति ने इस छोटे से सभागार में कल कहा था कि ‘‘आप जहाँ भी जाओ, आपको उग्रवादी यह कहते हुए सुनायी देते हैं कि आप हिंसा और आतंक, मुसीबतों से छुटकारा पा सकते हैं और अपना सम्मान फिर से हासिल कर सकते हैं ।’’ वह जिधर भी देखता है, उसे उग्रवादी दिखाई देते हैं । मुझे यकीन है कि वह आपकी चमड़ी के रंग को देखता है भाई, और सोचता है कि आप एक उग्रवादी हो । अपनी चमड़ी के रंग के चलते ही बोलीविया के माननीय राष्ट्रपति इवो मोरालेस जो कल यहाँ आये थे, एक उग्रवादी हैं। साम्राज्यवादियों को हर जगह उग्रवादी दिखायी देते हैं । नहीं ऐसा नहीं कि हम लोग उग्रवादी हैं । हो ये रहा है कि दुनिया जाग रही है और हर जगह जनता उठ खड़ी हो रही है । मुझे ऐसा लगता है श्रीमान् साम्राज्यवादी तानाशाह कि आप अपने बाकी के दिन एक दु:स्वप्न में गुजारेंगे, क्योंकि आप चाहे जिधर भी देखेंगे हम अमरीकी साम्राज्यवाद के खिलाफ उठ खड़े हो रहे होंगे । हाँ, वे हमें उग्रवादी कहते हैं क्योंकि हम दुनिया में सम्पूर्ण आजादी की माँग करते हैं, जनता के बीच समानता की माँग करते हैं और राष्ट्रीय सम्प्रभुता के सम्मान की माँग करते हैं । हम साम्राज्य के खिलाफ, वर्चस्व के ताने–बाने के खिलाफ उठ खड़े हो रहे हैं ।
  
आगे राष्ट्रपति ने कहा कि ‘‘आज हम सारे मध्यपूर्व की समूची जनता से सीधे–सीधे कहना चाहेंगे कि मेरा देश शान्ति चाहता है ।’’ यह पक्की बात है । अगर हम ब्रोंक्स की सड़कों से गुजरें, यदि हम न्यूयार्क, वाशिंगटन, सान दियेगो, कैलीपफोर्निया, सान फ़्रांससिस्को की गलियों से होकर गुजरें और उन गलियों के लोगों से पूछें तो यही जवाब मिलेगा कि अमरीका की जनता शान्ति चाहती है । फर्क यह है कि इस देश की, अमरीका की सरकार शान्ति नहीं चाहती । युद्ध का भय दिखाकर हमारे ऊपर अपने शोषण और लूट और प्रभुत्व का प्रतिमान थोपना चाहती है । यही थोड़ा सा फर्क है ।
 
जनता शान्ति चाहती है लेकिन इराक में हो क्या रहा है ? और लेबनान और फिलिस्तीन में क्या हुआ ? और सौ सालों तक लातिन अमरीका और दुनियाभर में क्या हुआ ? और वेनेजुएला के खिलाफ धमकी और ईरान के खिलाफ नयी धमकी ? लेबनान की जनता से उसने कहा, ‘‘आप में से बहुतों ने अपने घर और अपने समुदायों को जवाबी गोलाबारी में फँसते देखा ।’’ क्या सनकीपन है ? दुनिया के सामने सफेद झूठ बोलने की कैसी महारत है ? बेरूत के ऊपर एक–एक सेण्टीमीटर की नाप–जोख करके गिराये गये बम क्या ‘‘जवाबी गोलाबारी’’ थी! मेरे खयाल से राष्ट्रपति उन पश्चिमी फिल्मों की बात कर रहा है जिसमें वे कमर की ऊँचाई से दूसरे पर अंधाधुंध गोलियाँ चलातें हैं और बीच में फँस कर कोई मर जाता है ।
 
साम्राज्यवादी गोलाबारी, फासीवादी गोलाबारी! हत्यारी गोलाबारी! साम्राज्यवादियों और इजरायल के द्वारा फिलिस्तीन और लेबनान की निर्दोष जनता के खिलाफ नरसंहारक गोलाबारी, यही सच है । अब वे कहते हैं कि वे तबाह किये गये घरों को देखकर परेशान हैं ।
 
आज सुबह मैं अपने भाषण की तैयारी के दौरान कुछ भाषणों को देख रहा था । अपने भाषण में अमरीकी राष्ट्रपति ने अफगानिस्तान की जनता को, लेबनान की जनता को, ईरान की जनता को सम्बोधित किया । कोई भी, अमरीकी राष्ट्रपति को उन लोगों को सम्बोधित करते हुए सुनेगा तो वह अचरज में पड़ जायेगा । वे लोग उससे क्या कहेंगे ? यदि वे लोग उससे कुछ कह पाते तो उससे भला क्या कहते ? मुझे इसका कुछ अन्दाजा है क्योंकि मैं  उन लोगों की, दक्षिण के लोगों की आत्मा से परिचित हूँ । यदि दुनियाभर के वे लोग अमरीकी साम्राज्यवाद से एक ही आवाज में बोलें, तो दबे–कुचले लोग कहेंगे - यांकी साम्राज्यवादी वापस जाओ! यही वह चीख होगी जो पूरी दुनिया में गूँज उठेगी ।
 अध्यक्ष महोदया, साथियो और दोस्तो, पिछले साल हम लोग ठीक इसी सभागार में आये, पिछले आठ वर्षों से हम लोग यहाँ जुटते हैं और हम सबने कुछ बातें कही थीं जो आज पूरी तरह सही साबित हुई हैं । मेरा विश्वास है कि इस जगह बैठे हुए लोगों में से कोई भी नहीं होगा जो संयुक्त राष्ट्र संघ की व्यवस्था के समर्थन में खड़ा होगा । हमें इस बात को ईमानदारी से स्वीकार करना चाहिए कि दूसरे विश्व युद्ध के बाद जिस संयुक्त राष्ट्र संघ का उद्भव हुआ था, उसका पतन हो गया है, वह छिन्न–भिन्न हो गया है, वह किसी काम का नहीं रहा । हाँ, ठीक है कि यहाँ आना और भाषण देना और एक–दूसरे से साल में एक बार मिलना–जुलना, इतना काम तो होता है । लम्बे दस्तावेज तैयार करना, अपने विचार व्यक्त करना और अच्छे भाषण सुनना, जैसा कल इवो ने और लूला ने दिया था, हाँ इसके लिए यह ठीक है । और भी कई अच्छे भाषण भी, जैसा अभी–अभी श्रीलंका के राष्ट्रपति और चिली के राष्ट्रपति ने दिया । लेकिन हमने इस मंच को महज एक विचार मण्डल में बदल दिया है जिसमें आज पूरी दुनिया जिन भयावह सच्चाइयों से रूबरू है उन्हें रत्ती भर भी प्रभावित करने का कोई दम नहीं है । इसलिए हम यहाँ एक बार फिर आज, यानि 20 सितम्बर 2006 को संयुक्त राष्ट्र संघ की पुनर्स्थापना का प्रस्ताव रखते हैं । पिछले साल अध्यक्ष महोदया, हमने चार निम्न प्रस्ताव रखे थे, जिन्हें मैं महसूस करता हूँ कि राज्याध्यक्षों, सरकार के प्रमुखों, राजदूतों और प्रतिनिधियों द्वारा स्वीकृति दिया जाना अत्यन्त जरूरी है । हमने इन प्रस्तावों पर विचार–विमर्श भी किया है ।
 
पहला - विस्तार । कल लूला ने यही बात कही थी, सुरक्षा परिषद् के स्थाई और साथ ही अस्थाई पदों को भी विकसित, अविकसित और तीसरी दुनिया के देशों के बीच से नये सदस्यों के लिए खुला रखना जरूरी है । यह पहली प्राथमिकता है ।
 दूसरा - दुनिया के टकरावों का सामना करने और उन्हें हल करने के लिए प्रभावी तौर–तरीके अपनाना ।  वाद–विवाद और निर्णय लेने के पारदर्शी तौर–तरीके ।
 तीसरा - वीटो की गैरजनवादी प्रणाली तत्काल समाप्त करना । सुरक्षा परिषद् के निर्णयों के ऊपर वीटो के अधिकार का प्रयोग हमारे खयाल से एक बुनियादी सवाल है और हम सब इसे हटाने की माँग करते हैं । इसका ताजा उदाहरण है अमरीकी सरकार द्वारा अनैतिक वीटो जिसने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद् के एक प्रस्ताव को बाधित करके इजरायली सेना को लेबनान की तबाही की खुली छूट दे दी और हम विवश देखते रह गये ।
चैथा - जैसा कि हम हमेशा कहते रहे हैं, संयुक्त राष्ट्र संघ के महासचिव की भूमिका और उसके अधिकारों को मजबूत बनाना जरूरी है । कल हमने महासचिव का भाषण सुना जिनका कार्यकाल जल्दी ही खत्म होने जा रहा है । उन्होंने याद दिलाया कि पिछले दस वर्षों के दौरान दुनिया पहले से कहीं ज्यादा जटिल हो गयी है तथा भूख, गरीबी, हिंसा और मानवाधिकारों के हनन जैसी दुनिया की गम्भीर समस्याएँ लगातार विकट होती गयी हैं। यह संयुक्त राष्ट्र संघ की व्यवस्था के पतन और अमरीकी साम्राज्यवाद के मंसूबों का भयावह परिणाम है।
अध्यक्ष महोदया, इसके सदस्य के रूप में अपनी–अपनी हैसियत को समझते हुए कई साल पहले वेनेजुएला ने फैसला किया था कि हम संयुक्त राष्ट्र संघ के भीतर अपनी आवाज, अपने विनम्र विचारों के जरिये यह लड़ाई लडे़ंगे । हम एक स्वतन्त्र आवाज हैं, स्वाभिमान के प्रतिनिधि हैं, शान्ति की तलाश में हैं और एक ऐसी अन्तरराष्ट्रीय व्यवस्था के निरूपण की माँग करते हैं जो दुनियाभर की जनता के उत्पीड़न और वर्चस्ववादी आक्रमणों की भर्त्सना करे । इसी को ध्यान में रखते हुए वेनेजुएला ने अपना नाम प्रस्तुत किया है । बोलिवर की धरती ने सुरक्षा परिषद् के अस्थायी पद के उम्मीदवार के रूप में अपना नाम प्रस्तुत किया है । निश्चय ही आप सब जानते हैं अमरीकी सरकार ने एक खुला आक्रमण छेड़ दिया है ताकि वह सुरक्षा परिषद् के खुले पद को स्वतन्त्र चुनाव के जरिये हासिल करने में वेनेजुएला की राह में बाधा खड़ी करे । वे सच्चाई से डरते हैं । साम्राज्यवादी सच्चाई और स्वतन्त्र आवाज से भयभीत हैं । वे हम पर उग्रवादी होने की तोहमत लगाते हैं । 
उग्रवादी तो वे खुद हैं ।
 
मैं उन सभी देशों को धन्यवाद देना चाहता हूँ जिन्होंने वेनेजुएला को समर्थन देने की घोषणा की है, बावजूद इसके कि मतदान गुप्त है और किसी के लिए अपना मत जाहिर करना जरूरी नहीं । लेकिन मैं सोचता हूँ कि अमरीका के खुले आक्रमण ने कई देशों को समर्थन के लिए बाध्य कर दिया ताकि वेनेजुएला को, हमारी जनता और हमारी सरकार को नैतिक रूप से बल प्रदान करें ।
 
मरकोसुर के हमारे भाइयों एवं बहनों ने, मिसाल के लिए एक समूह के तौर पर वेनेजुएला को अपना समर्थन देने की घोषणा की है । अब हम ब्राजील, अर्जेण्टीना, उरुग्वे, परागुए के साथ मरकोसुर (लातिन अमरीकी साझा बाजारद्) के स्थायी सदस्य हैं । बोलीविया जैसे कई दूसरे लातिन अमरीकी देशों और सभी कैरीकॉम (कैरीबियाई साझा बाजार) के देशों ने भी वेनेजुएला को अपना समर्थन देने का वचन दिया है । सम्पूर्ण अरब लीग ने वेनेजुएला को समर्थन देने की घोषणा की है । मैं अरब दुनिया को, अरब दुनिया के अपने भाइयों को धन्यवाद देता हूँ । अफ़्रीकी संघ के लगभग सभी देशों ने तथा रूस, चीन और दुनियाभर के अन्य कई देशों ने भी वेनेजुएला को अपना समर्थन देने का वचन दिया है । मैं वेनेजुएला की ओर से, अपने देश की जनता की ओर से और सच्चाई के नाम पर आप सबको तहे दिल से धन्यवाद देता हूँ क्योंकि सुरक्षा परिषद् में स्थान पाकर हम न केवल वेनेजुएला की आवाज, बल्कि तीसरी दुनिया की आवाज, पूरे पृथ्वी ग्रह की आवाज को सामने लायेंगे । वहाँ हम सम्मान और सच्चाई की हिफाजत करेंगे । अध्यक्ष महोदया, सबकुछ के बावजूद मैं सोचता हूँ कि आशावादी होने के आधार है।
 
जैसा कवि लोग कहते हैं, विकट आशावादी, क्योंकि बमों, युद्ध, हमलों, निरोधक युद्धों और पूरी जनता की तबाही के खतरे के बावजूद कोई भी यह देख सकता है कि एक नये युग का उदय हो रहा है । जैसा कि सिल्वो रोड्रिग्ज गाता है - ‘‘जमाना एक नये जीवट को जन्म दे रहा है ।’’ वैकल्पिक प्रवृत्तियाँ, वैकल्पिक विचार और स्पष्ट विचारों वाले नौजवान उभर कर सामने आ रहे हैं । बमुश्किल एक दशक बीता और यह बात साफ तौर पर साबित हो गयी कि ‘इतिहास के अन्त’ का सिद्धान्त पूरी तरह फर्जी है । अमरीकी साम्राज्य और अमरीकी शान्ति की स्थापना, पूँजीवादी नवउदारवादी मॉडल की स्थापना, जो दु:ख–दैन्य और गरीबी को जन्म देते हैं - पूरी तरह फर्जी है । यह विचार पूरी तरह बकवास है और इसे कूड़े पर फेंक दिया गया है । अब दुनिया के भविष्य को परिभाषित करना ही होगा । पूरी पृथ्वी पर एक नया सवेरा हो रहा है जिसे हर जगह देखा जा सकता है - लातिन अमरीका में, एशिया, अफ्रिका, यूरोप और ओसीनिया में । इस आशावादी नजरिये पर मैं अच्छी तरह रोशनी डाल रहा हूँ ताकि हम अपनी अन्तरात्मा और दुनिया की हिफाजत करने का, एक बेहतर दुनिया, एक नयी दुनिया के निर्माण के लिए लड़ने का, अपना इरादा पक्का कर लें ।

वेनेजुएला इस संघर्ष में शामिल हो गया है और इसीलिए हमें धमकियाँ दी जा रही हैं । अमरीका ने पहले ही एक तख्तापलट की योजना बनायी, उसके लिए पैसे दिये और उसे अंजाम दिया । अमरीका आज भी वेनेजुएला में तख्तापलट की साजिश रचने वालों की मदद कर रहा है और वे लगातार वेनेजुएला के खिलाफ आतंकवादियों की मदद कर रहे हैं ।
 
राष्ट्रपति मिशेल बैचलेट ने कुछ दिनों पहले, माफ करें, कुछ ही मिनटों पहले यहाँ बताया कि चिली के विदेश मन्त्री ओरलान्दो लेतेलियर की कितनी भयावह तरीके से हत्या की गयी । मैं इसमें इतना और जोड़ दूँ कि अपराधी दल पूरी तरह आजाद हैं । उस कुकृत्य के लिए, जिसमें एक अमरीकी नागरिक भी मारा गया था, जो लोग जिम्मेदार हैं वे सीआईए के उत्तरी अमरीकी लोग हैं, सीआईए के आतंकवादी है ।
 
इसके साथ मैं इस सभागार में यह भी याद दिला देना जरूरी समझता हूँ कि आज से 30 साल पहले एक हृदयविदारक आतंकवादी हमले में क्यूबाना दे एविएसियोन के एक हवाई जहाज को बीच आकाश में उड़ा दिया गया था और 73 निर्दोष नागरिकों को मौत के घाट उतार दिया गया था । इस महाद्वीप का वह सबसे घिनौना आतंकवादी कहाँ है जिसने स्वीकार किया था कि उस क्यूबाई हवाई जहाज को उड़ाने के षड्यन्त्र का दिमागी खाका उसी ने तैयार किया था ? वह कुछ सालों तक वेनेजुएला की जेल में था, लेकिन सीआईए के अधिकारियों और वेनेजुएला की तत्कालीन सरकार की मदद से वह फरार हो गया । आजकल वह अमरीका में रह रहा है, और वहाँ की सरकार उसका बचाव कर रही है, इसके बावजूद कि उसने जुर्म का इकबाल किया था और उसे सजा हुई थी । अमरीका दोगली नीति अपनाता है और आतंकवादियों का बचाव करता है ।
इन बातों के जरिये मैं यह बताना चाहता हूँ कि वेनेजुएला आतंकवाद के खिलाफ, हिंसा के खिलाफ संघर्ष के लिए वचनबद्ध है और उन सभी लोगों के साथ मिलकर काम करने को तैयार है जो शान्ति के लिए और एक न्यायपूर्ण दुनिया के लिए संघर्षरत हैं ।
 
मैने क्यूबाई हवाई जहाज की बात की । लुइस पोसादा कैरिलेस नाम है उस आतंकवादी का । अमरीका में उसकी ठीक उसी तरह हिफाजत की जाती है जैसे वेनेजुएला के भ्रष्ट भगोड़ों की, आतंकवादियों के एक गिरोह की जिसने कई देशों के दूतावासों में बम लगाया था, तख्तापलट के दौरान निर्दोष लोगों की हत्या की थी और इस विनम्र सेवक (शावेज) का अपहरण किया था । वे मेरी हत्या करने ही वाले थे कि खुदा की मेहरबानी, अच्छे सैनिकों का एक समूह सामने आया और जिन्होंने जनता को सड़कों पर उतार दिया । यह चमत्कार ही समझिये कि मैं यहाँ मौजूद हूँ । उस तख्तापलट और आतंकवादी कारनामे के नेता यहीं हैं, अमरीकी सरकार की सुरक्षा में (अभी हाल ही में खबर आयी कि अमरीका ने इस आतंकवादी कैरिलेस को रिहा कर दिया है- अनुवादक) मैं अमरीकी सरकार पर आतंकवाद की हिफाजत करने और एक पूर्णत: मानवद्रोही भाषण देने का अभियोग लगाता हूँ ।
जहाँ तक क्यूबा की बात है, हम लोग खुशी–खुशी हवाना गये । कई दिनों तक हम लोग वहाँ रहे । जी–15 और गुट निरपेक्ष आन्दोलन के सम्मेलन के दौरान पारित एक ऐतिहासिक प्रस्ताव और दस्तावेज में नये युग के उदय का स्पष्ट प्रमाण मौजूद था । परेशान न हों । मैं यहाँ उन सबको पढ़ने नहीं जा रहा हूँ । लेकिन पूरी पारदर्शिता के साथ खुले विचार–विमर्श के बाद लिए गये प्रस्तावों का एक संग्रह यहाँ उपलब्ध है । पचास देशों के राज्याध्यक्षों की उपस्थिति में एक हफ्रते तक हवाना दक्षिण की राजधानी बना हुआ था । हमने गुट निरपेक्ष आन्दोलन को दुबारा शुरू किया । और आपसे हमारी यही गुजारिश है कि मेरे भाइयों और बहनों, मेहरबानी करके आप लोग गुट निरपेक्ष आन्दोलन को मजबूत बनाने के लिए अपना पूरा सहयोग दें, क्योंकि यह नये युग के उदय तथा आधिपत्य और साम्राज्यवाद पर लगाम लगाने के लिए बहुत ही जरूरी है । साथ ही आप सब जानते हैं कि हमने फिदेल कास्त्रो को अगले तीन वर्षों के लिए गुट निरपेक्ष आन्दोलन का अध्यक्ष बनाया है और हमें पक्का यकीन है कि साथी अध्यक्ष फिदेल कास्त्रो पूरी दक्षता के साथ अपना पद सम्भालेंगे । जो लोग फिदेल की मौत चाहते थे, उन्हें निराशा ही हाथ लगी क्योंकि फिदेल अपनी जैतूनी हरे रंग की वर्दी में वापस आ गये हैं और वे अब न केवल क्यूबा के राज्याध्यक्ष हैं बल्कि गुट निरपेक्ष आन्दोलन के भी अध्यक्ष हैं । 

अध्यक्ष महोदया, मेरे प्यारे दोस्तों राज्याध्यक्षों, हवाना में दक्षिण का एक बहुत ही मजबूत आन्दोलन उठ खड़ा हुआ है । हम दक्षिण के औरत और मर्द हैं । हम इन दस्तावेजों, इन धारणाओं और विचारों के वाहक हैं । जिन परचों और पुस्तको को मैं वहाँ से अपने साथ लाया हूँ - वे आपके लिए रखवा दिये गये हैं । इन्हें भूलिएगा मत । मैं वास्तव में आपसे इन्हें पढ़ने की सिफारिश कर रहा हूँ । पूरी विनम्रता के साथ हम लोग इस ग्रह को बचाने, साम्राज्यवाद के खतरे से इसकी हिफाजत करने की दिशा में वैचारिक योगदान करने का प्रयास कर रहे हैं और भगवान ने चाहा तो जल्दी ही यह काम हो जायेगा । इस सदी की शुरुआत में ही यदि खुदा ने चाहा हम लोग खुद भी और अपने  बच्चों, अपने पोते–पोतियों के साथ एक शान्तिपूर्ण दुनिया का मजा ले सकेंगे, जो संयुक्त राष्ट्र संघ के नवीन और पुनर्निर्धारित बुनियादी सिद्धान्तों के अनुरूप होगी । मेरा विश्वास है कि संयुक्त राष्ट्र संघ किसी अन्य देश में स्थापित होगा, दक्षिण के किसी शहर में । हमने इसके लिए वेनेजुएला की ओर से प्रस्ताव दिया है । आप सबको पता है कि हमारे चिकित्सकों को हवाई जहाज में बन्द करके रोक दिया गया है । हमारे सुरक्षा प्रमुख को हवाई जहाज में बन्द कर दिया गया । वे उन्हें संयुक्त राष्ट्र संघ में नहीं आने देंगे । एक और दुर्व्यवहार, एक और अत्याचार ।
अध्यक्ष महोदया, मेरा आग्रह है कि इसके लिए व्यक्तिगत तौर पर उसी सल्फ्रयूरिक शैतान को जिम्मेदार माना जाये । 

गर्मजोशी भरा आलिंगन । खुदा हम सब की खैर करे ।
शुभ दिवस ।  

बुधवार, 5 अक्टूबर 2011

साम्राज्यवाद का सांस्कृतिक चक्रव्यूह




भारतीय राज्य के साथ मिलकर साम्राज्यवादी जमकर सांस्कृतिक हमला कर रहे हैं. भारत जैसे गरीब देश में अमरीका के बाद  भारत के पास दूसरे नंबर पर टी. वी. चैनल्स हैं. इसका कोई ख़ास मतलब है. अच्छे-खासे लोग इसमें फंसते जा रहे हैं. दो तरह की चीजें परोसी जा रही हैं. एक तो रामायण जैसे ढेरों धारावाहिक रोज दिखाए जा रहे हैं (इसमें महाभारत थोडा भिन्न था, " भारत एक खोज भी",बाकी तो कूड़ा है). (नोट- हमारे यहाँ मिथोलोजी को मिथोलोजी के रूप में नहीं , अक्षरश: धार्मिक रूप में लिया जाता है.  धारावाहिक के सामने पूजा होती है. विदेशों का आदमी शिक्षित है, सारी चीजों को जानता है, कहानी के रूप में लेता है.). वे अब भारी पैमाने पर सामान्य लोगों की चेतना कुंद करने के लिए दिखाए जा रहे हैं. यदि इससे लोग बच जाते हैं तो अलिफ़-लैला, चन्द्रकान्ता देखिये-अवास्तविक दुनिया में लोग पहुँच जाते हैं. इसके अलावा उच्छ्रंखल साम्राज्यवादी धारावाहिक दिखाए जा रहे हैं. नए टी.वी.चैनल्स में यह ज्यादा है.ज्यादातर नंगी तस्वीरें दिखाते हैं-वे हमारी मूलभूत सहज्वृति से खेल रहे हैं. (playing on basic instincts.) फिर माइकल जैक्सन, यान्नी भी टी.वी.पर आते हैं. इसमें फंसने वाले लोगों की संख्या भी बहुत है.



यह सब जो हो रहा है हमारे देश में इसके लिए जमीन सबसे अच्छी है. अंधविश्वास-भुखमरी सबसे ज्यादा है. लोग पस्तहिम्मती में जी रहें हैं. असली जिंदगी में कुछ नहीं मिलता तो वे उसे मास फंतासी  (mass fantasy) में पाने की आशा करते हैं. क्योंकि खुद जी नहीं सकते तो दूसरों को देखकर जी सकते हैं. जैसे प्रेम करने के लिए कानी लड़की भी नहीं मिलती. लेकिन सिनेमा में बैठते हैं तो खूबसूरत, करोड़पति की लड़की से गरीब नौजवान को प्रेम करते हुए देखते हैं और खुद को उसकी जगह पर रखकर खुश हो लेते हैं. और जब बीभत्स व कुरूप असली दुनिया से उनका सामना होता है तो उनकी रूह तक काँप जाती है. इसी प्रकार, क्रिकेट, तैराकी - यह देखना एक नकली चीज है. लोगों की भारी संख्या इसमें जीने लगी है जबकि खुद खेल नहीं सकते. (जो खेल लेते हैं उनकी बात अलग है,खेलना अच्छी बात है.) इसके अलावा खेल में विज्ञापनों को देखकर बाजार तैयार करते हैं. सारी चीजों से वंचित होकर लोग टी. वी. से चिपके रहते हैं.

साम्राज्यवादी दानव नौजवानों में उन्माद और पागलपन भर रहे हैं. इसी का नतीजा है कि बिगडैल नौजवान द्वारा मासूम लड़कियों का आये दिन शिकार किया जाना अखबारों की मुख्य खबरों में है. हम बहुत गरीब हैं तो क्या हुआ एक सामान्य जिंदगी तो जी ही सकतें  हैं, ढंग से. इसके बजाय दूसरों को जीते हुए देखना और उससे या तो संतोष कर लेना या उन्माद का शिकार हो जाना मानसिक बीमारी है. 

इतिहास के रास्ते में धर्म जब शुरू हुआ था उस समय आदमी असहाय था, कोई न कोई पराभौतिक चीज (धर्म, ईश्वर) की जरूरत थी जिसके सहारे अपनी कमजोरी के बावजूद जीने कि कोशिश करता. आज भी कुछ वैसा है दूसरी परिस्थिति में. लाखों करोड़ों लोग फंतासी में जीते हैं. It is more or less a sign of sick mentality......ऐसा पुणे विश्वविद्यालय में श्याम बेनेगल ने अपने भाषण में कहा था. ठीक ही कहा था. जैक्सन, यान्नी जो तकनीक-लाईट अपने कार्यक्रम में इस्तेमाल करते है उसमें आदमी खो जाता है. पर्फोर्मेर की बात ख़त्म हो जाती है,  लोग तकनीकी की चकाचौंध से प्रभावित हो जाते है. यान्नी तो तकनीक के बिना एक घटिया कम्पोजर से ज्यादा कुछ नहीं. लेकिन बेचने वाली कम्पनियाँ तकनीक (पब्लिसिटी आदि) के आधार पर उसे बेच रहीं है. और लोग स्वस्थ कला की विकल्पहीनता की स्थिति में उसकी तरफ दौड़ रहें.

आज बड़े अखबारों में अनाप-शनाप आ रहा है. उनमें कोई उपयोगी सामग्री नहीं आ रही है. छोटे अखबारों में कुछ स्थानीय समस्याएं तो आती हैं- कहाँ बलात्कार हुआ,कहाँ चीनी नहीं मिल रही है; इन खबरों का फिर भी कोई मतलब है बड़े अखबार आडवाणी-मोदी-अन्ना-मनमोहन के बारे में चटकारे लेकर लिखते हैं. इसी प्रकार, जितने भी टी. वी. चैनल्स आप लगाए दिखाया तो वही जाएगा-कूड़ा. वे ढंग की अच्छी चीजें लाइब्ररी से हटाकर लेखागार (archive)  में डाल चुके है. अच्छे सिनेमा आज कभी-कभार ही फिल्म चैनल्स पर दिखाए जाते हैं. शहरों में १५-२० फिल्म हाल होते हैं लेकिन उनमें फिल्म एक भी देखने लायक नहीं होती, अच्छी फ़िल्में महानगरों में ही इक्का-दुक्का आती हैं और कम लोगों के बीच ही इस प्रकार पहुँच पाती हैं. यह सब करना आज साम्राज्यवादियों के लिए जरूरी हो गया है. यदि उन्हें आर्थिक बल पर राज करना है और उनकी शोषणकारी व्यवस्था टिकाऊ हो तो उन्हें इन क्षेत्रों को अहमियत देनी होगी. लोगों को मानसिक गुलाम बनाकर शासन करना लोगों को सीधे गुलाम बनाने के बजाय अच्छा है, यह बहुत दिनों तक चल सकता है. बन्दूक के दम पर शासन का अर्थ होता है कि अब उनके दिन लदने वाले हैं. 

लोगों को एक ख़ास तरह से ढाला जा रहा है ताकि वे एक ख़ास तरह की चीजें ही देखें. एक ख़ास तरह का जानवर बनाकर लोगों को सेट किया जा रहा है. लोगों को एक ख़ास किस्म का उपभोक्ता बनाया जा रहा है. इस चक्रव्यूह को तोडना आज के क्रांतिकारी आन्दोलन के सामने एक महत्वपूर्ण चुनौती है.